रहस्य और रोमांच की दुनिया में ले जाएंगी हिंदी साहित्य की ये रचनाएं
"हिंदी साहित्य खूबसूरत कहानियों का भंडार है जिसे आजकी युवा पीढ़ी ने लगभग नजरअंदाज कर दिया है। हालाँकि किताब पढ़ने का शौक बहुत ज्यादा कम नहीं हुआ है। आप जब भी मेट्रो में सफर करतें होंगे तो आपकी नजर ऐसे लोगों पर जरूर पढ़ती होगी जिनके हाथ में किताब और आँखें पन्नो में गड़ी रहती है। लेकिन यदि आप गौर करें तो पाएंगे की ऐसे लोगों की हाथों में ज्यादातर अंग्रेजी या अन्य विदेशी लेखकों की किताबे होतीं है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। साहित्य किसी भी भाषा या देश का हो, साहित्य ज्ञान का भंडार होता है, और हमें हर भाषा का साहित्य पढ़ना चाहिए। लेकिन विडम्बना है कि आज ज्यादातर लोग खासकर युवा पीढ़ी अपने हिंदी साहित्य से विमुख हो रहे हैं। हिंदी साहित्य को न पढ़ने के पीछे कई तर्क दिए जाते है, मसलन "कहानी कहने की कला सही नहीं हैं", ज्यादातर कहानियां मिलती जुलती सी है", "हिंदी साहित्य में वो बात नहीं है" आदि, आदि। बहरक़ैफ़ आज कविशाला आपके लिए लेकर आया है हिंदी साहित्य की कुछ चुनिंदा कहानी / कविता की किताबें जिन्हे पढ़कर न सिर्फ हिंदी साहित्य के प्रति आपका नजरिया बदलेगा बल्कि आप इन किताबों को पढ़कर भारत के इतिहास, संस्कृति और सभ्यता के बारे में गहराई से जान पाएंगे। इन कहानियों की स्टोरी टेलिंग कथानक, विषय वस्तु आपको एक रोचक दुनिया में ले जायेंगे और इन कहानियों के पात्र लम्बे समय तक आपके जहन में बसे रहेंगे। समय आ गया है कि आप अपनी पठन सूची में लेखन के कुछ अद्भुत मोती जोड़ें। यहाँ चुनिंदा हिंदी साहित्य की किताबों की सूचि दे जा रही। इन किताबों के साथ आप अपनी हिंदी साहित्य की दुनिया की यात्रा शुरू कर सकतें हैं।
१- निर्मला - प्रेमचंद
प्रेमचंद की किताबों में से किसी एक को चुनना काफी कठिन है उनका साहित्य वृहद् और सारगर्भित है। उनकी सभी कहानियाँ जीवन की कठोर वास्तविकताओं को सामने लाती हैं, जो एक विडंबनापूर्ण मोड़ के साथ लिखी गई हैं। फ़िलहाल आपके लिए हमारा पहला सुझाव है निर्मला है - जो एक बाल वधू और उसके पति की कहानी का वर्णन करती है। निर्मला का पति उम्र में उससे काफी बड़ा है। इस कहने के छोटे छोटे लम्हे और घटनाएं काफी रोचक है। निर्मला को पढ़कर आप प्रेम की एक नई परिभाषा समझ पाएंगे।
२- हरिवंश राय बच्चन की मधुशाला
मधुशाला हिंदी साहित्य की सबसे लोकप्रिय कृतियों में से एक है।अनोखे अंदाज में लिखी गई 135 चौपाइयों की यह पुस्तक विश्व प्रसिद्ध है। हालाँकि ऊपरी तौर पर कविता शराब के बारे में बात करती है, लेकिन वास्तव में यह जीवन और उसकी जटिलताओं का प्रतिबिंब है। इसका एक संस्करण उनके बेटे, अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा भी सुनाया गया है।
३- महादेवी वर्मा द्वारा रचित यामा
'आधुनिक मीरा' मानी जाने वाली महादेवी वर्मा हिंदी साहित्य के नव-रोमांटिक युग के चार संस्थापक लेखकों में से एक थीं। उनकी कविताओं में प्रेम, विरह संघर्ष आदि का समावेश देखने को मिलता है। यामा उनकी कुछ बेहतरीन कविताओं का संग्रह है। इसी संग्रह के लिए महादेवी वर्मा को ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला था।
४- तमस - भीष्म साहनी
'तमस' की कथा अप्रैल 1947 के समय में पंजाब के जिले को परिवेश के रूप में लिया गया है। 'तमस' कुल पांच दिनों की कहानी को लेकर बुना गया उपन्यास है। परंतु कथा में जो प्रसंग संदर्भ और निष्कर्ष उभरते हैं, उससे यह पांच दिन की कथा न होकर बीसवीं सदी के हिंदुस्तान के अब तक के लगभग सौ वर्षों की वास्तविकता दर्शाने वाली कथा लगती है। इसी उपन्यास ने भीष्म साहनी को 1975 का साहित्य अकादमी पुरस्कार का सम्मान दिलवाया था। इस उपन्यास पर एक धारावाहिक और एक फ़िल्म भी बन चुकी है।
५- जयशंकर प्रसाद द्वारा लिखित कामायनी
जयशंकर प्रसाद की रचनाएँ संस्कृत से लिए गए शब्दों के उपयोग के लिए प्रसिद्ध हैं। कामायनी, एक महाकाव्य के रूप में प्रसिद्द काव्य संकलन है जो पृथ्वी पर पहले मनुष्य की रचना का वर्णन करती है। कला की दृष्टि से कामायनी, छायावादी काव्यकला का सर्वोत्तम प्रतीक माना जा सकता है। चित्तवृत्तियों का कथानक के पात्र के रूप में अवतरण इस महाकाव्य की विशेषता है। कामायनी प्रत्यभिज्ञा दर्शन पर आधारित है। साथ ही इस पर अरविन्द दर्शन और गांधी दर्शन का भी प्रभाव यत्र तत्र मिल जाता है।हालाँकि ये रचना पाठक से थोड़ा साबरा चाहती है लेकिन ये महाकाव्य निश्चित रूप से पढ़ने योग्य है।
६- फणीश्वर नाथ रेणु द्वारा मैला आँचल
क्षेत्रीय उपन्यास के बेहतरीन उदाहरणों में से एक माना जाने वाला मैला आँचल उस क्षेत्र की विशिष्टता को कुशलता से दर्शाता है, जो बिहार के एक गाँव में स्थित है। यह हिन्दी का श्रेष्ठ और सशक्त उपन्यास है। नेपाल की सीमा से सटे उत्तर-पूर्वी बिहार के एक पिछड़े ग्रामीण अंचल को पृष्ठभूमि बनाकर रेणु ने इसमें वहाँ के जीवन का अत्यन्त जीवन्त और मुखर चित्रण किया है जिससे वह स्वयं ही घनिष्ट रूप से जुड़े हुए थे।
इसमें गरीबी, रोग, भुखमरी, जहालत, धर्म की आड़ में हो रहे व्यभिचार, शोषण, बाह्याडंबरों, अंधविश्वासों आदि का चित्रण है। शिल्प की दृष्टि से इसमें फिल्म की तरह घटनाएं एक के बाद एक घटकर विलीन हो जाती है। और दूसरी प्रारंभ हो जाती है। इसमें घटना प्रधानता है किंतु कोई केन्द्रीय चरित्र या कथा नहीं है। इसमें नाटकीयता और किस्सागोई शैली का प्रयोग किया गया है।
७- रामधारी सिंह दिनकर की 'रश्मिरथी'
कप्रिय हिंदी लेखकों में से एक, दिनकर ने प्रसिद्ध पौराणिक महाकाव्य महाभारत पर बहुत कुछ लिखा।रश्मिरथी, जिसका अर्थ "सूर्यकिरण रूपी रथ का सवार" है, हिन्दी के महान कवि रामधारी सिंह दिनकर द्वारा रचित प्रसिद्ध खण्डकाव्य है। यह 1952 में प्रकाशित हुआ था। इसमें 7 सर्ग हैं। इसमें कर्ण के चरित्र के सभी पक्षों का सजीव चित्रण किया गया है। रश्मिरथी में दिनकर ने कर्ण की महाभारतीय कथानक से ऊपर उठाकर उसे नैतिकता और विश्वसनीयता की नयी भूमि पर खड़ा कर उसे गौरव से विभूषित कर दिया है। रश्मिरथी में दिनकर ने सारे सामाजिक और पारिवारिक सम्बन्धों को नये सिरे से जाँचा है। चाहे गुरु-शिष्य सम्बन्धों के बहाने हो, चाहे अविवाहित मातृत्व और विवाहित मातृत्व के बहाने हो, चाहे धर्म के बहाने हो, चाहे छल-प्रपंच के बहाने। ‘रश्मिरथी’ यह भी सन्देश देता है कि जन्म-अवैधता से कर्म की वैधता नष्ट नहीं होती। अपने कर्मों से मनुष्य मृत्यु-पूर्व जन्म में ही एक और जन्म ले लेता है। अन्ततः मूल्यांकन योग्य मनुष्य का मूल्यांकन उसके वंश से नहीं, उसके आचरण और कर्म से ही किया जाना न्यायसंगत है।
८-
गुनाहों का देवता- धर्मवीर भारती
हिंदी साहित्य की सबसे लोकप्रिय प्रेम कहानियों में से एक, यह मार्मिक कहानी इस तरह से लिखी गई है कि पाठक मुख्य पात्रों द्वारा अनुभव की जाने वाली हर भावना को महसूस करने से खुद को रोक नहीं पाता है। चंदर और सुधा की अधूरी प्रेम कहानी जितनी कच्ची है उतनी ही भावनात्मक भी। यह उपन्यास रोमांस और साहित्य पसंद करने वालों को जरूर पढ़नी चाहिए।
९- सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला द्वारा रचित अप्सरा
सूर्यकांत त्रिपाठी निराला - जिनकी कविताएँ हमेशा स्कूली पाठ्यक्रम में छपती रही हैं - वे अपने लेखन में सामाजिक अन्याय, नारीवाद आदि विषयों का उपयोग करने वाले शुरुआती लेखकों में से एक हैं और उनका उपन्यास अप्सरा इसका एक प्रमुख उदाहरण है। यह स्त्रीत्व और उसके जीवन से संबंधित है। यह उपन्यास आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना पहली बार प्रकाशित होने के समय था।"