[Kavishala Labs] हिंदी साहित्य में अग्रणी स्थान रखने वाले उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद का जीवन सादा और संघर्षो भरा था. प्रेम चंद का बचपन अभाव और मुश्किल भरा था. जब वे पंद्रह साल के हुए तब उनकी शादी कर दी गई और सोलह साल के होने पर उनके पिता का भी देहांत हो गया. इसके कारण उनका प्रारंभिक जीवन संघर्षमय रहा. प्रेमचंद का जीवन गरीबी में ही प्रारम्भ हुआ और गरीबी में ही उनकी मृत्यु भी हुई.

प्रेमचंद की बेटे अमृत राय ने प्रेमचंद की जीवनी 'कलम का सिपाही' में लिखा है "उनकी अंतिम यात्रा के वक्त कुछ ही लोग वहां मौजूद थे। जिस समय अर्थी जा रही थी, तो रास्ते में किसी ने पूछा कि कौन था? तो साथ में खड़े एक आदमी ने कहा कि कोई मास्टर था, जो मर गया।" 

हिंदी साहित्य को समृद्ध करने वाले मुंशी प्रेमचंद के अंतिम समय में उन्हें वो सम्मान नहीं मिल सका जिसके वो हक़दार थे. सारी दुनिया में साहित्य का अलोक फ़ैलाने वाले मुंशी प्रेमचंद की अंतिम यात्रा भी गुमनामी में ही निकली.  

हरिशंकर परसाई ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन के इस तथ्य को अपने व्यंग लेख "प्रेमचंद के फटे जूते" में व्यक्त करते हुए लिखा है -

"पांवों में केनवस के जूते हैं, जिनके बंद बेतरतीब बंधे हैं। लापरवाही से उपयोग करने पर बंद के सिरों पर की लोहे की पतरी निकल जाती है और छेदों में बंद डालने में परेशानी होती है। तब बंद कैसे भी कस लिए जाते हैं।दाहिने पाँव का जूता ठीक है, मगर बाएँ जूते में बड़ा छेद हो गया है जिसमें से अँगुली बाहर निकल आई है। मेरी दृष्टि इस जूते पर अटक गई है। सोचता हूँ – फोटो खिंचवाने की अगर यह पोशाक है, तो पहनने की कैसी होगी? नहीं, इस आदमी की अलग-अलग पोशाकें नहीं होंगी – इसमें पोशाकें बदलने का गुण नहीं है। यह जैसा है, वैसा ही फोटो में खिंच जाता है।"

महात्मा गांधी जी के आह्वान पर छोड़ी सरकारी नौकरी - मुंशी प्रेमचंद शिक्षा विभाग के डेप्युटी इंस्पेक्टर थे. लेकिन महात्मा गांधी जी के आह्वान पर उन्होंने अपनी नौकरी का त्याग कर दिया. नौकरी छोड़ने के बाद वे पूर्णरूप से साहित्य सृजन में लग गए. उन्होंने अपना बाकी जीवन "अनुवाद, संपादन और लेखन" के जरिए धनोपार्जन करके यापन किया.

हिंदी साहित्य को एक नया आयाम देने वाले मुंशी प्रेमचंद भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी रचनाएँ सदैव हमें बुराई से लड़ने, लोगो की सहायता करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी.