हिंदी साहित्य में अतुलनीय योगदान देने वाले, छायायुग के 4 स्तम्भों में से एक जयशंकर प्रसाद को यूँ तो प्रेम और आनंद का कवि कहा जाता है, लेकिन उनका जीवन कठिन संघर्षो और कई उतर चढ़ाव के बीच बीता है. जयशंकर जी के व्यक्तिगत जीवन की मुश्किलों ने उनके अंदर वैराग्य उत्पन्न कर दिया था- जिसकी झलक उनकी कविताओं में दृष्टिगोचर होती है. कामायनी में वह कहते हैं कि -

"ओ चिंता की पहली रेखा,

अरी विश्व-वन की व्याली,

ज्वालामुखी स्फोट के भीषण

प्रथम कंप-सी मतवाली।

हे अभाव की चपल बालिके,

री ललाट की खलखेला

हरी-भरी-सी दौड़-धूप,

ओ जल-माया की चल-रेखा।

इस ग्रहकक्षा की हलचल-

री तरल गरल की लघु-लहरी,

जरा अमर-जीवन की,

और न कुछ सुनने वाली, बहरी।


सांसारिक जीवन के प्रति उनके मन में जो अलगाव हुआ उसकी झलक उपरोक्त पंक्तियों में साफ़ दिखती है. जयशंकर प्रसाद जी ने सन्यासी बनने का पूरा मन बना लिया था लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारी और अपनी भाभी के आग्रह के कारण उन्होंने वापस सांसारिक जीवन कि ओर खुद को मोड़ लिया, किन्तु उनके भीतर का संस्यासी हमेशा उनके साथ रहा. यही वजह है कि उनकी रचनाओं में न केवल प्रेम और आनंद है बल्कि उनकी विरह-वेदना, मानवीय संवेदना, मनोवैज्ञानिक पहलु, देश प्रेम और जीवन दर्शन की छाप दिखती है.जयशंकर प्रसाद का जन्म 30 जनवरी 1889 में बनारस के सुंघनी साहु घराने में हुआ था. बचपन में ही उन्हे विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. उनका परिवार व्यावसायिक रूप से अस्थिर हो गया था. उस समय प्रसाद जी बारह वर्ष के थे, जब उनके पिता सुंघनी का देहान्त हो गया। इसके बाद घर में गृहक्लेश होने लगा। पिता की मृत्यु के दो-तीन वर्ष के भीतर ही उनकी माता का भी देहान्त हो गया। सबसे दुर्भाग्य का दिन वह रहा, जब उनके बड़े भाई शम्भूरतन भी चल बसे। सत्रह वर्ष का होते-होते पूरे परिवार का बोझ प्रसाद के कंधों पर आ गया. इन तमाम उतर चढाव से उनका मन अस्थिर होने लगा था . फलस्वरूप उन्होंने सन्यासी बनने की सोंची लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारी और विधवा भाभी के आग्रह पर उन्होंने पुनः पारिवारिक जीवन की ओर अपना रुख कर लिया .उन्होंने हालात से हार नहीं मानी। न घर-गृहस्थी संभालने में पीछे हटे, और न साहित्य-सृजन में. प्रसाद जी की रचनाओं में मानव जीवन का हर पहलु समाहित है . प्रेम, सौन्दर्य, देश-प्रेम, रहस्यानुभूति, दर्शन, प्रकृति चित्रण, मनो विज्ञानं और धर्म आदि विविध विषयों को अभिनव और आकर्षक भंगिमा के साथ उन्होंने काव्यप्रेमियों के सम्मुख प्रस्तुत किया है। 

जय शंकर प्रसाद के काव्य साहित्य में प्राचीन भारतीय संस्कृति की गरिमा और भव्यता बड़े प्रभावी रूप परिलक्षित हुई है । उनके नाटकों के गीत तथा रचनाएँ भारतीय जीवन मूल्यों को बड़ी शालीनता से उपस्थित करती हैं। प्रसाद जी ने राष्ट्रीय गौरव और स्वाभिमान को अपने साहित्य में सर्वत्र स्थान दिया है।

जयशंकर प्रसाद की रचनाओं में किसी को भी अपनी ओर आकर्षित करने की क्षमता है. उन्होंने प्रेम, सौंदर्य, विरह और वेदना को अद्वितीयता से व्याखित किया है. उनकी रचना कौशल उनके वियोग काव्य आंसू में देखने को मिलती है-

जो घनीभूत पीड़ा थी

मस्तक में स्मृति-सी छायी

दुर्दिन में आँसू बनकर

वह आज बरसने आयी।

मेरे क्रन्दन में बजती

क्या वीणा, जो सुनते हो

धागों से इन आँसू के

निज करुणापट बुनते हो।

रो-रोकर सिसक-सिसक कर

कहता मैं करुण कहानी

तुम सुमन नोचते सुनते

करते जानी अनजानी।  


जय शंकर प्रसाद ने हिंदी साहित्य में नव प्रयोग किये हैं . विशेषकर काव्य भाषा के क्षेत्र में उन्होंने युगांतर प्रकट किया है. छायावाद युग की अभिधा-प्रधान भाषा और भाषा शैली के के साथ-साथ उन्होंने भवनकुल चित्रोपम शब्दों का प्रयोग किया है. काव्य रचनाओं, प्रबंध काव्यों में हिंदी काव्य का गौरव ग्रन्थ  

"कामायनी" जयशंकर प्रसाद की ही देन है.

बनारस में जन्मे, बनारस में पले बढे जयशंकर प्रसाद ने आजीवन बनारस को ही अपना स्थाई ठिकाना बना लिया था. उनकी रचनाओं में जो मानव संवदेना, संस्कृति, धर्म और मनोवैज्ञानिकता दिखती है उसमे सम्भवत: बनारस के वातावरण का भी योगदान रहा है. जयशंकर प्रसाद ने जीवन भर बनारस में ही रहकर साहित्य साधना की और 15 नवंबर 1937 को बनारस में ही उन्होंने अपनी आखिरी साँस ली.  

जयशंकर प्रसाद की प्रमुख कृतियां - काव्य - कानन कुसुम्, महाराना का महत्व, झरना, आंसू, कामायनी, प्रेम पथिक कहानी – संग्रह - छाया, प्रतिध्वनि, आकाशदीप, आंधी, नाटक - स्कंदगुप्त, चंद्रगुप्त, ध्रुवस्वामिनी, जन्मेजय का नाग यज्ञ, राज्यश्री, कामना और उपन्यास – कंकाल, तितली, इरावती।