[Kavishala Labs] हिन्दुस्तान की एकता मजहबों के मेल पर नहीं होगी, बल्कि मजहबों की चिता पर होगी
‘मजहब तो है सिखाता आपस में बैर रखना। भाई को है सिखाता भाई का खून पीना।’ हिन्दुस्तान की एकता मजहबों के मेल पर नहीं होगी, बल्कि मजहबों की चिता पर होगी। कौवे को धोकर हंस नहीं बनाया जा सकता। कमली धोकर रंग नहीं चढ़ाया जा सकता। मजहबों की बीमारी स्वाभाविक है। उसकी मौत को छोड़कर इलाज नहीं है।
ये पंक्तियाँ सुविख्यात लेखक और हिंदी यात्रासहित्य के पितामह महा पंडित राहुल सांकृत्यायन कि किताब "तुम्हारी क्षय" की है. राहुल सांकृत्यायन एक श्रेष्ठ लेखक, चिंतक, इतिहासविद्, तत्वान्वेषी और युग परिवर्तनकारी साहित्यकार थें. उन्होंने अपनी लेखनी से समाज में व्याप्त बुराइयों पर प्रहार किया है.
राहुल सांकृत्यायन का जन्म 9 अप्रैल 1893 को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पंदहा गाँव में हुआ था. उनके बचपन का नाम केदारनाथ पाण्डेय था. उनके पिता गोवर्धन पाण्डेय एक धार्मिक विचारों वाले किसान थे. उनकी माता कुलवंती अपने माता-पिता की अकेली पुत्री थीं.
राहुल जी का विवाह बचपन में कर दिया गया. बचपन में हुए विवाह से संभवतः राहुल जी खुश नहीं थे. जिसकी प्रतिक्रिया में उन्होंने किशोरावस्था में ही घर छोड़ दिया. घर से भाग कर एक मठ में साधु हो गए. लेकिन अपनी यायावरी स्वभाव के कारण ये वहा भी टिक नही पाये. चौदह वर्ष की अवस्था में ये कलकत्ता भाग आए. इनके मन में ज्ञान प्राप्ति के लिए गहरी प्यास थी. इसीलिए उन्होंने पहले भारत व बाद में अन्य कई देशों की यात्रायें की.
राहुल जी को घुमक्कड़ी और ज्ञान प्राप्ति जिज्ञासा ने यायावर बना दिया था. वो कहते थे 'कमर बांध लो भावी घुमक्कड़ो, संसार तुम्हारे स्वागत के लिए बेकरार है।' राहुल जी को आधुनिक हिन्दी साहित्य में यात्राकार, इतिहासविद्, तत्वान्वेषी और युग परिवर्तनकारी साहित्यकार के रूप में जाना जाता है.
36 भाषाओं का ज्ञान रखने वाले राहुल जी ने पहले वाराणसी में संस्कृत का अध्ययन किया, आगरा में पढ़ाई की, लाहौर में मिशनरी काम किया. इतना ही नहीं बल्कि वह स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल भी गए. बौद्ध धर्म पर उनका शोध युगांतकारी है जिसके लिए उन्होंने तिब्बत से लेकर श्रीलंका तक भ्रमण किया और ढेर सारे साहित्य खच्चर पर लाद कर लाए थे.
साम्यवादी विचारों के समर्थक रहे राहुल जी हिन्दी के बारे में कहते थे कि 'मैंने नाम बदला, वेशभूषा बदली, खान-पान बदला, संप्रदाय बदला लेकिन हिंदी के संबंध में मैंने अपने विचारों को कभी नहीं बदला।' राहुल जी का मिज़ाज़ क्रांतिकारी था उन्होंने सामाजिक , धार्मिक बुराइयों व आडम्बरों का खुल कर विरोध किया है. खासकर धर्म के सन्दर्भ में उन्होंने काफी बारीकी से पड़ताल करते हुए उन्होंने अपनी लेखनी चलाई है.
रचनाये : राहुल जी ने विविध विषयों पर लगभग 150 ग्रंथों की रचना की और अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा यात्राओं में लगा दिया. उनके प्रमुख कहानी संग्रह : सतमी के बच्चे, वोल्गा से गंगा, बहुरंगी मधुपुरी, कनैला की कथा.
उपन्यास : बाईसवीं सदी, जीने के लिए, सिंह सेनापति, जय यौधेय, भागो नहीं दुनिया को बदलो, मधुर स्वप्न, राजस्थान निवास, विस्मृत यात्री, दिवोदास.
यात्रा साहित्य : लंका, जापान, इरान, किन्नर देश की ओर, चीन में क्या देखा, मेरी लद्दाख यात्रा, मेरी तिब्बत यात्रा, तिब्बत में सवा वर्ष, रूस में पच्चीस मास, घुमक्कड़-शास्त्र हैं .
सम्मान : राहुल सांकृत्यायन की स्मृति में भारतीय डाकतार विभाग की ओर से 1993 में उनकी जन्मशती के अवसर पर 100 पैसे मूल्य का एक डाक टिकट जारी किया गया. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पंदहा गाँव में राहुल सांकृत्यायन साहित्य संग्रहालय की स्थापना की गई है, जहाँ उनका जन्म हुआ था. वहाँ उनकी एक वक्षप्रतिमा भी है. उन्हें 1958 में साहित्य अकादमी पुरस्कार, तथा 1963 में भारत सरकार के पद्मभूषण अलंकरण से विभूषित किया गया.
Read More
