जब हम "कविता", "शेर" या "शायरी" शब्द सुनते हैं, तो हमारे दिमाग में "प्यार", "रोमांस" और प्रेम से जुड़े अहसासों की बात आती है। हम शेर/कविता को सीधे तौर पर प्यार से जोड़ते हैं। लेकिन ये(कविता) सिर्फ प्यार के बारे में नहीं है. बल्कि कविताएँ प्रेम कहानी से कहीं अधिक गहरी होती हैं।
डॉ. अब्दुल कलाम ने कहा था, "कविता सर्वोच्च खुशी या सबसे गहरे दुःख से जन्म लेती है"
एक कवि अपनी कविता में जीवन से जुड़े विचार लिखता है।ये विचार प्रेम, विरह, संघर्ष, दुःख ख़ुशी आदि का प्रतिबिम्ब होती हैं.एक साधारण इंसान की तरह ही कवि भावनाओं और मानव जीवन में आने वाले हर उतर चढाव से गुजरता है। कवियों में भावनाओं को समझने और महसूस करने की एक विशेष क्षमता होती है. वे अपनी भावनाओं को शब्दों में और शब्दों को कविता में पिरोते हैं. अगर आप कविता या शेर को गहराई से पढ़ेंगे तो आपको पता चलेगा कि कवियों ने मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बहुत पहले ही लिखा है। मिर्ज़ा ग़ालिब, शाद अज़ीमाबादी, फ़हमी बदायूँनी आदि शायरों को मनोविज्ञान की समझ थी।
उन्होंने अपनी कविताओं में मानसिक रोग (अवसाद, चिंता, अनिद्रा आदि) से संबंधित लक्षणों का जिक्र किया है। स्वभाव और भावनाओं की बारीकियों को एक कवि जितनी गहराई से समझ सकता है, उतना शायद ही कोई और समझ सकता है। आज वर्ल्ड मेन्टल हेल्थ डे पर कविशाला आपके साथ साझा कर कर रहा है कुछ महशूर शायरों के शेर जिनमे मेन्टल हेल्थ सम्बन्धी बात की गई है.
अवसाद (डिप्रेसन) और अनिद्रा : मिर्ज़ा ग़ालिब
मिर्ज़ा ग़ालिब उर्दू के प्रसिद्ध शायर थे। खुशमिजाज से मालूम पढ़ने वाले ग़ालिब का जीवन दुखों और त्रासदियों से भरा था। उन्होंने पांच साल की उम्र में अपने पिता को खो दिया था। उनके छोटे भाई मिर्जा यूसुफ की मानसिक बीमारी "सिज़ोफ्रेनिया" के कारण मृत्यु हो गई। ग़ालिब के सात बच्चे थे लेकिन उनके सात बच्चों में से कोई भी शैशवावस्था से अधिक जीवित नहीं रहा। उन्होंने जीवन में कठिनाइयों और दुखों का सामना किया है। अपनों को खोने के गम ने उनमें डिप्रेशन और अनिद्रा जैसी मानसिक बीमारी की स्थिति पैदा कर दी थी। अपने शेर में उन्होंने अपने अनुभव का वर्णन इस प्रकार किया है।
अनिद्रा पर:
मौत का एक दिन मुअय्यन है
नींद क्यों रात भर नहीं आती
मनोविज्ञान के अनुसार अनिद्रा मानसिक बीमारी के शुरूआती लक्षणों में से एक है। मिर्ज़ा ग़ालिब मानसिक स्वास्थ्य के बारे में अच्छी तरह से जानते थे। इस शेर में उन्होंने अनिद्रा की चर्चा की है. उन्होंने अनिद्रा(इनसोमनिया) के रोगी की कठिनाइयों का वर्णन किया। जब किसी व्यक्ति को अनिद्रा की समस्या होती है तो उसका जीवन मुश्किल हो जाता है। वह बेचैन हो जाता है. हर रात उसे मौत जैसी लगती है. गालिब कहते हैं कि वह जानते हैं कि वे एक दिन मर जाएंगे, लेकिन उनकी अनिद्रा उन्हें ऐसा महसूस कराती है जैसे वह हर रात मर रहे हैं।
अवसाद (डिप्रेसन) पर:
हम वहां हैं जहां से हम को भी
कुछ हमारी खबर नहीं आती
अवसाद(डिप्रेसन) दुनिया भर में करीब 264 मिलियन से अधिक लोग डिप्रेसन से पीड़ित हैं। सैकड़ों साल पहले ग़ालिब ने डिप्रेसन के बारे में वही लिखा था जो आज मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ अवसाद से पीड़ित व्यक्ति के स्वभाव के बारे में बताते हैं। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, अवसाद से पीड़ित व्यक्ति को ऐसा लगता है जैसे उसका जीवन रुक गया है। वह कहीं फंस गया है. उस व्यक्ति को पता ही नहीं चलता कि उसके साथ क्या हो रहा है. वो न ठीक से सोंच पाता है और न ही कोई काम करने में उसका मन लगता है.
भावना अभिव्यक्ति (Emotion Expression )के महत्व पर शाद अज़ीमाबादी
शाद अज़ीमाबादी उर्दू ग़ज़ल के जाने-माने उस्तादों में से एक थे। उनकी गिनती ग़ज़ल के उन प्रतिष्ठित शायरों में की जाती है जिन्होंने गजल के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। शाद अज़ीमाबादी अपने शेर में मेन्टल हेल्थ को लेकर एक विशेष बात कहते हैं. केवल दो पंक्तियों में, उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सम्बन्धी बीमारी का मूल कारण और उसका इलाज अद्भुत ढंग से बताया है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे समझाने में घंटों बातचीत करते हैं।
व्यक्त और दमित भावना: (Expressed and Suppressed Emotion)
ख़ामोशी से मुसिबत और भी संगीन होती है (संगीन=गहरी)
तड़प ऐ दिल तड़पने से जरा तस्कीन होती है (तस्कीन=राहत)
मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दबी हुई भावनाएं आपको शारीरिक और मानसिक रूप से अस्वस्थ कर सकती हैं। चाहे वह गुस्सा हो, दुःख हो, पीड़ा हो, उदासी हो या खुशी हो। आपको कभी भी अपनी किसी भी भावना को दबाना नहीं चाहिए। आप जो भी महसूस कर रहे हैं या जिस मानसिक अवस्था से गुजर रहे हैं उसे व्यक्त करें। अपनी भावना को बाहर निकलने दें. अवसाद, चिंता और अनिद्रा आदि जैसी मानसिक बीमारियाँ आपके द्वारा दबाई गई भावनाओं के कारण भी हो सकती हैं। आप केवल अपनी भावनाओं को व्यक्त करके खुद को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकते हैं।
शाद अज़ीमाबादी इस शेर में अभिव्यक्ति(एक्सप्रेसन) के महत्व को समझाते हैं। उनका कहना है कि चुप रहने और भावनाओं को दबाने से दर्द बढ़ जाता है। जबकि भावनाओं को व्यक्त करने से दर्द कम हो जाता है। इसलिए अपनी भावनाओं को न दबाएँ। इसे जाहिर करें। वह कहतें हैं कि रोओ, रोने से भी दिल को शांति और सुकून मिलता है। यहां रोने से उनका मतलब भावनाओं को व्यक्त करने से है.
हाल चाल पूंछने के महत्व पर फ़हमी बदायूँनी
फ़हमी बदायूँनी एक प्रसिद्ध शायर हैं। उन्होंने अपने एक शेर में "किसी का हाल" पूछने का जो महत्व है उसे दर्शाया है। मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि किसी से यह पूछकर कि "वे कैसे है" हम उनकी मानसिक और भावनात्मक रूप से सहायता कर सकते हैं.
हाल चाल पूंछने का महत्व :
पूछ लेते वो बस मिज़ाज मिरा
कितना आसान था इलाज मिरा
मानसिक स्वास्थ्य समर्थकों और विशेषज्ञों का कहना है कि यह जरूरी नहीं है कि हम किसी की आर्थिक या शारीरिक रूप से मदद करें। हम भावनात्मक तौर पर भी किसी की मदद कर सकते हैं. यह सच है कि अगर कोई व्यक्ति उदास है या किसी परेशानी में है। और ऐसी हालत में आप उससे बात करें. उसकी उदासी का कारण पूछें. तो वह अपनी उदासी का कारण बताकर हल्का महसूस कर सकता है। अगर आप उनकी बातें सुन लें तो उन्हें राहत मिल जाती है. यदि आप केवल किसी की बातें सुनते हैं, तो आप देखेंगे कि उन्हें राहत महसूस होती है।
फ़हमी बदायूँनी अपने शेर में यही बताते हैं। बदायूँनी कहते हैं कि किसी का हालचाल पूछकर भी आप उनकी मदद कर सकते हैं. लोगों की बात ध्यान से सुनकर आप उनके संघर्ष को कम करने में मदद कर सकते हैं। अपने दोस्तों, अपने रिश्तेदारों और करीबियों से उनकी खैरियत के बारे में पूछें।
इस मेन्टल हेल्थ डे पर प्रण लें की आप खुद भी मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे साथ ही आप भावनात्मक रूप से दूसरों की मदद भी करेंगे. कविताएं, कहानियां व साहित्य की अन्य विद्याएं पढ़िए और समझिये. साहित्य न सिर्फ आपका ज्ञान वर्धन करता है. बल्कि आपको जीवन की कठिनाइयों से निपटने की प्रेरणा भी देता है.
