“साहित्य में जब सन्नाटा आता है, तब कुत्ते भौंककर उसे दूर करते हैं; या साहित्य की बस्ती में कोई अजनबी घुसता है तब भी कुत्ते भौकते हैं. साहित्य में दो तरह के लोग होते हैं- रचना करने वाले और भौंकने वाले. साहित्य के लिए दोनों जरूरी हैं.”

ये उद्धरण सुविख्यात व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई जी का है. परसाई ने हिंदी साहित्य में व्यंग्य को न सिर्फ विधा का दर्जा दिलवाया बल्कि सामाजिक बुराइयों पर प्रहार भी किया. परसाई अपनी कालजयी रचनाओं से आज भी प्रासंगिक बने हुए है.   

हरिशंकर परसाई का जन्म 22 अगस्त 1924 को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के जमाली गाँव में हुआ था . गांव से शुरुआती शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे नागपुर चले गए. 'नागपुर विश्वविद्यालय' से उन्होंने हिंदी में एम. ए किया और कुछ दिनों तक पढ़ाया. लेकिन उन्हें नौकरी करना रास नहीं आया अतः उन्होंने स्वतंत्र लेखन की शुरुआत की. परसाई ने जबलपुर से साहित्यिक पत्रिका 'वसुधा' का प्रकाशन भी किया, लेकिन आर्थिक पक्ष कमजोर होने व पत्रिका से लाभ न होने की वजह से उन्होंने इसे बंद कर दिया.

परसाई जी का लेखन क्षेत्र विस्तृत है. उन्होंने समाज को प्रभावित करने वाले हर सन्दर्भ पर अपनी कलम चलाई है. उन्होंने धर्म के नाम पर लोगो के विश्वास के साथ छल होता देख साधु-संतों के पाखंड और झूठे अध्यात्म के खिलाफ लिखा . राजनीति के गिरते स्तर और लचर सरकारी तंत्र के खिलाफ कलम चलाई. परसाई जी के व्‍यंग्‍य वैयक्तिक एवं राजनीतिक कमजोरियो, विसंगतियों, विषमताओं, विडम्‍बनाओं, आडम्‍बरों और छल-फरेबों आदि पर करारी चोट करते हैं. परसाई के कई व्यंग्य शुरू में कुछ हंसी मजाक लग सकते है लेकिन जब वो समझ आते है तो समाज की दुर्दशा पर रोने का मन करता है.

हरी शंकर परसाई के पहले भी कई साहित्यकार व्यंग्य लेखन करते थे किन्तु पहले व्यंग्य को विधा नहीं माना जाता था बल्कि इसे (व्यंग्य) को हल्के-फुल्के, हंसी मजाक, ताने और मनोरंजन की लेखनी के रूप प्रयोग किया जाता था. हिंदी साहित्य में परसाई ही पहले ऐसे रचनाकार माने गए हैं जिन्होंने व्यंग्य को हिंदी साहित्य में विधा का दर्जा दिलवाया और उसे ताने और मनोरंजन की लेखनी के सतही श्रेणी से उठाकर सामाजिक कुरीतियों और भृष्टाचार पर घातक वार करने वाली तलवार बनाया. उन्होंने कहा था कि " मैंने व्यंग्य को शुद्र से धारदार क्षत्रिय के रूप में बना दिया है."

परसाई वैज्ञानिक चेतना युक्त लेखन में विश्वाश रखते थे. उनका मानना था कि जब तक वैज्ञानिक व मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से समस्याओं की पड़ताल करते हुए रचना नहीं कि जाएगी तब तक बड़े बदलाव की आशा करना उचित नहीं है. इसलिए उन्होंने तत्कालीन लोकतंत्र के पाखंड और उनके द्वारा प्रयोग किये जा रहे रूढ़िवादी जीवन–मूल्यों पर करारा व्यंग्यावार किया. उन्होंने समाज के प्रति अपना दायित्व मानकर व्यंग्य लेखन किया. उनका मानना था कि लेखक को किसी का पक्षधर नहीं होना चाहिए बल्कि लेखक को सही और गलत कि कसौटी पर खुद को परखना चाहिए और फिर लेखन करना चाहिए. उन्होंने कहा था कि -

"...पवित्रता की भावना से भरा लेखक उस मोर जैसा होता है जिसके पांव में घुंघरू बाँध दिए गए हों."

हिंदी साहित्य में व्यंग्य को विधा का दर्जा दिला कर उसे समृद्ध एवं प्रभवशाली बनाने वाले प्रतिष्ठित व्‍यंग्‍य-लेखक के रूप में परसाईजी को सदैव याद किया जायेगा.