[Kavishala Labs]

मौलवी-अच्छा, यह बताओ, तुम हिन्दू हो या मुसलमान? 

मैं-हुजूर, न मैं हिन्दू हूं न मुसलमान। मैं तो बस एक गधा हूं और गधे का कोई मज़हब नहीं होता।

मौलवी-मेरे सवाल का ठीक-ठीक जवाब दो।

मैं-ठीक ही कह रहा हूं। एक मुसलमान या हिन्दू गधा हो सकता है, लेकिन एक गधा मुसलमान या हिन्दू नहीं हो सकता।

उपरोक्त पंक्तियाँ मशहूर व्यंगकार कृष्ण चन्दर की कहानी "एक गधे की आत्म कथा" की हैं. कृष्ण चन्दर एक ऐसे लेखक थे जिन्होंने समाज की बुराइयों, विडम्बनाओं पर खुल कर प्रहार किया है. उन्होंने अपनी कहानियों के माध्यम से धर्म, राजनीति, समाज , व सरकारी तंत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं की पोल खोलते हुए सख्त तंज कसा है.

कृश्न चंदर का जन्म 23 नवंबर 1914 गुजरांवाला, पाकिस्तान में हुआ था. उनमे बचपन से ही लिखने की प्रतिभा रही है. बताते है कि स्कूल की पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपने अध्यापक पर व्यंग्य लिख डाला था, जिसके लिए उनके पिता ने उन्हें मारा और कसम ली कि दोबारा ऐसा नहीं होना चाहिए. लेकिन किसे पता था कि बचपन में अपने व्यंग लेखन कि वजह से जिस बच्चे ने पिता से मार खायी थी वो बड़ा होकर एक मशहूर लेखक बनेगा. कृष्ण चन्दर ने पढ़ाई के बाद आकाशवाणी में कुछ दिन तक नौकरी की लेकिन नौकरी में उनका मन नहीं लगा तो उन्होंने वो नौकरी छोड़ दी. उसके बाद वो आजीवन लेखन ही करते रहे. ’

कृष्ण चन्दर की लेखनी तलवार की तरह चलती थी और उनकी कल्पना शक्ति सूर्य की रोशनी से भी ज्यादा तेज थी वो सहज से दिखने वाली समस्या की भी गहनतम पड़ताल आसानी से कर लेते थे. उन्होंने अपनी कलम से सामाजिक कुरीतियों पर प्रभावी वार किया था, जिसकी चोट आज भी कामचोर अफसरों, भृष्ट राजनेताओं और धर्म के तथाकथित ठेकेदारों को बेचैन कर देती है. 

कुछ समय पहले ही CISCE बोर्ड ने उनकी कहानी "जामुन का पेड़" को कोर्स से हटाया था: आज से लगभग 50 साल पहले लालफीताशाही पर प्रहार करते हुए कृष्ण चन्दर ने "जामुन का पेड़" कहानी लिखी थी. उनकी कहानी बताती है कि सरकारी महकमों में फाइलों की चाल पहले भी कितने धीरे थी.  

किताबों से मिलने वाली रॉयल्टी से किया जीवनयापन :- कृष्ण चन्दर का मन नौकरी में नहीं लगा , उन्होंने अपना पूरा जीवन लेखन को समर्पित कर दिया था. गौर तलब हो कि प्रेमचंद्र और रबीन्द्रनाथ टैगोर के बाद कृश्न चंदर ही ऐसे तीसरे भारतीय लेखक हैं जिनकी कहानियों का विदेशी भाषाओं में जमकर अनुवाद हुआ. उन्होंने अपना जीवन किताबों से मिलने वाली रॉयल्टी से यापन किया था.

पद्म भूषण से हुए सम्मानित :- कृष्ण चन्दर को उनके द्वारा साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र किये गए कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा सन 1969 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. कृष्ण चन्दर का देहांत 8 मार्च 1977 को मुंबई में हुआ. उन्‍होंने 20 उपन्‍यास, 30 कहानी संकलन और दर्जनों रेडियो नाटक लिखे थे.

 

कृष्ण चन्दर की बेबाक रचनाएँ आने वाले समय में भी सामाजिक ,राजनितिक, एवं सरकारी तंत्र की बुराइयों पर प्रहार करती रहेंगी. और साथ ही नए लेखकों को बुराई के खिलाफ लिखने के लिए प्रेरित करती रहेंगी.