[Kavishala Labs] हिंदी साहित्य के आकाश में दुष्यंत कुमार एक ध्रुव तारे की तरह दूर से ही चमकते हैं. उन्होंने अपने समय के अन्य कवियों को पीछे छोड़ते हुए बड़ी ही तेजी से अपनी पहचान बनाई. उनकी लोकप्रियता की प्रमुख वजह थी, उनकी कविताओं और उनकी ग़ज़लों में विरोध का स्वर. दुष्यंत कुमार ने बेबाकी से सत्ता के खिलाफ आवाज उठाई. उन्होंने जरुरी मुद्दे और जनता के हक़ की बात की. सिर्फ बात ही नहीं कि बल्कि क्रन्तिकारी अंदाज में अपनी रचनाओं से सत्ता को आगाह भी किया. 


दुष्यंत कुमार (1 सितंबर 1931-30 दिसंबर 1975) एक हिन्दी कवि, कथाकार और ग़ज़लकार थे. उनका जन्‍म उत्तर प्रदेश में बिजनौर जनपद की तहसील नजीबाबाद के ग्राम राजपुर नवादा में हुआ था. जिस समय दुष्यंत कुमार ने साहित्य की दुनिया में अपने कदम रखे उस समय भोपाल के दो प्रगतिशील शायरों ताज भोपाली तथा क़ैफ़ भोपाली का ग़ज़लों की दुनिया पर राज था. हिन्दी में भी उस समय अज्ञेय तथा गजानन माधव मुक्तिबोध की कठिन कविताओं का लोकप्रियता अधिक थी. उस समय आम आदमी की आवाज उठाने के लिए नागार्जुन तथा धूमिल जैसे कुछ कवि ही थे. ऐसे समय में दुष्यंत कुमार जनता की शशक्त आवाज बन कर उभरे.


दुष्यंत कुमार ने अंग्रेजी हुकूमत की बर्बरता भी देखी और आपातकाल की वीभत्सता भी. उस समय जनता की पुकार सुनने वाला कोई नहीं था. राजनीति के गलियारे में स्वार्थ सिद्धि का कोलाहल था. जिसके बीच जनता की आवाज दबी हुई थी. इन सब चीजों ने दुष्यंत कुमार के अंदर एक विरोध की चिंगारी भड़का दी. उन्होंने बेबाक हो कर सिस्टम की गलत नीतियों के खिलाफ अपनी कविताओं और ग़ज़लों के माध्यम से आवाज उठाई. आपातकाल के समय देश कि जो स्थिति थी, आम आदमी कि जो पीड़ा थी वो दुष्यंत की इस रचना में साफ झलकती है 


एक गुडिया की कई कठपुतलियों में जान है, 

आज शायर ये तमाशा देख कर हैरान है।

खास सड़कें बंद हैं तब से मरम्मत के लिए,

 यह हमारे वक्त की सबसे सही पहचान है।

एक बूढा आदमी है मुल्क में या यों कहो, 

इस अँधेरी कोठारी में एक रौशनदान है।

मस्लहत-आमेज़ होते हैं सियासत के कदम,

 तू न समझेगा सियासत, तू अभी नादान है।

इस कदर पाबंदी-ए-मज़हब की सदके आपके

 जब से आज़ादी मिली है, मुल्क में रमजान है।

कल नुमाइश में मिला वो चीथड़े पहने हुए,

मैंने पूछा नाम तो बोला की हिन्दुस्तान है।

मुझमें रहते हैं करोड़ों लोग चुप कैसे रहूं 

हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है। 


उस वक्त कई अन्य साहित्यकार भी थे लेकिन जनता के हक़ की बात व जनता के प्रति सत्ता की उपेक्षा की खिलाफत करने का जो साहस दुष्यंत कुमार ने दिखाया वैसा साहस नागार्जुन और धूमिल जैसे कुछ ही कवियों ने दिखाया. दुष्यंत कुमार ने कविता के साथ साथ ग़ज़ल के माध्यम से भी सत्ता के दमनकारी नीतियों पर प्रहार किया. दुष्यंत की ग़जलों ने युवाओं में जोश भर दिया. युवाओं ने दुष्यंत की ग़जलों को अपनी जुबां और अपने दिल में बसा लिया था. जब आपातकाल में कोई भी सत्ता के खिलाफ बोलने की सोंच ही नहीं रहा था उस समय दुष्यंत कुमार ने कहा था -


मत कहो, आकाश में कुहरा घना है,

यह किसी की व्यक्तिगत आलोचना है ।

सूर्य हमने भी नहीं देखा सुबह से,

क्या करोगे, सूर्य का क्या देखना है ।

इस सड़क पर इस क़दर कीचड़ बिछी है,

हर किसी का पाँव घुटनों तक सना है ।

पक्ष औ' प्रतिपक्ष संसद में मुखर हैं,

बात इतनी है कि कोई पुल बना है

रक्त वर्षों से नसों में खौलता है,

आप कहते हैं क्षणिक उत्तेजना है ।

हो गई हर घाट पर पूरी व्यवस्था,

शौक से डूबे जिसे भी डूबना है ।

दोस्तों ! अब मंच पर सुविधा नहीं है,

आजकल नेपथ्य में संभावना है ।


दुष्यंत कुमार के अंदर जितनी विरोध की आग थी उतनी ही प्रेम की शीतलता. उन्होंने प्रेम पर भी दिल छू लेने वाली ग़ज़ले और कविताएं लिखी है. उनके द्वारा लिखी हुई ग़ज़लें फिल्मो में भी इस्तेमाल की गयी हैं. दुष्यंत की रचना की खाशियत यह थी कि वे संवेदनाओं को बेहद ही सरल और सहज भाषा में व्यक्त करते थे. यही एक मुख्य कारण रहा है कि वो जनता से सीधे जुड़े रहे. उनकी प्रेम कविताओं और ग़जलों ने युवाओं के ऊपर जादू कर दिया था. आज भी दुष्यंत कि प्रेम कविताएं और ग़ज़ले युवाओं के होंठो पर बसे हुए हैं. पढ़िए प्रेम में पड़े प्रेमी की मनो स्थिति को बयां करती हुई ये ग़ज़ल -


मैं जिसे ओढ़ता-बिछाता हूं

वो ग़ज़ल आपको सुनाता हूं 


एक जंगल है तेरी आंखों में

मैं जहाँ राह भूल जाता हूं 


तू किसी रेल-सी गुज़रती है

मैं किसी पुल-सा थरथराता हूं 


हर तरफ़ ऐतराज़ होता है

मैं अगर रौशनी में आता हूं 


एक बाज़ू उखड़ गया जबसे

और ज़्यादा वज़न उठाता हूं 


मैं तुझे भूलने की कोशिश में

आज कितने क़रीब पाता हूं 


कौन ये फ़ासला निभाएगा

मैं फ़रिश्ता हूं सच बताता हूं


दुष्यंत कुमार ने हिंदी में ग़ज़ल को विकसित व व्यवस्थित करने में अहम् भूमिका निभाई थी. हिंदी साहित्य में दुष्यंत कुमार की छवि क्रन्तिकारी कवि रूप में स्थापित है. उनकी कविताएं व ग़ज़लें आज भी प्रसांगिग हैं. पढ़िए उनकी कुछ अन्य रचनाएं -


[१] 

तुम्हारे पाँव के नीचे कोई ज़मीन नहीं

कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यक़ीन नहीं


मैं बेपनाह अँधेरों को सुब्ह कैसे कहूँ

मैं इन नज़ारों का अँधा तमाशबीन नहीं


तेरी ज़ुबान है झूठी ज्म्हूरियत की तरह

तू एक ज़लील-सी गाली से बेहतरीन नहीं


तुम्हीं से प्यार जतायें तुम्हीं को खा जाएँ

अदीब यों तो सियासी हैं पर कमीन नहीं


तुझे क़सम है ख़ुदी को बहुत हलाक न कर

तु इस मशीन का पुर्ज़ा है तू मशीन नहीं


बहुत मशहूर है आएँ ज़रूर आप यहाँ

ये मुल्क देखने लायक़ तो है हसीन नहीं


ज़रा-सा तौर-तरीक़ों में हेर-फेर करो

तुम्हारे हाथ में कालर हो, आस्तीन नहीं


[२]

हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए

इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए


आज यह दीवार, परदों की तरह हिलने लगी

शर्त थी लेकिन कि ये बुनियाद हिलनी चाहिए


हर सड़क पर, हर गली में, हर नगर, हर गाँव में

हाथ लहराते हुए हर लाश चलनी चाहिए


सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं

मेरी कोशिश है कि ये सूरत बदलनी चाहिए


मेरे सीने में नहीं तो तेरे सीने में सही

हो कहीं भी आग, लेकिन आग जलनी चाहिए


[३]

आज सड़कों पर लिखे हैं सैकड़ों नारे न देख,

पर अन्धेरा देख तू आकाश के तारे न देख ।


एक दरिया है यहाँ पर दूर तक फैला हुआ,

आज अपने बाज़ुओं को देख पतवारें न देख ।


अब यकीनन ठोस है धरती हक़ीक़त की तरह,

यह हक़ीक़त देख लेकिन ख़ौफ़ के मारे न देख ।


वे सहारे भी नहीं अब जंग लड़नी है तुझे,

कट चुके जो हाथ उन हाथों में तलवारें न देख ।


ये धुन्धलका है नज़र का तू महज़ मायूस है,

रोजनों को देख दीवारों में दीवारें न देख ।


राख़ कितनी राख़ है, चारों तरफ बिख़री हुई,

राख़ में चिन

गारियाँ ही देख अंगारे न देख ।