[Kavishala Labs] मध्य प्रदेश संस्कृति, साहित्य, शौर्य, वीरता व भक्ति से समृद्ध है. मध्य प्रदेश की मिटटी में कई महान राजाओं, साहित्यकारों व विद्वानों ने जन्म लिया और मध्य प्रदेश का नाम विश्व पटल में रोशन किया है. मध्य प्रदेश में साहित्य अति प्राचीन काल से फलता फूलता रहा है. यहाँ के साहित्य ने न केवल रचना काल बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को जीवन जीने की राह दिखाई है.

कालिदास :- संस्कृत के महान विद्वान व कवि कालिदास उज्जैन के महान राजा विक्रमादित्य के नव रत्नो में से एक थे. कालीदास की विद्वता को देखते हुए उन्हें भारत का शेक्सपीअर कहा जाता है. कालिदास ने संस्कृत भाषा में कई रचनाये रची हैं. इनकी रचनाओं का अनुवाद विश्व की कई भाषाओँ में किया गया है.अभिज्ञानशाकुंतलम् व मेघदूतम् उनकी प्रमुख रचनाएँ है.

महर्षि वाल्मीकि :- महाकवि वाल्मीकि सस्कृत भाषा के विद्वान थे. महर्षि वाल्मीकि को मुख्यतः रामायण की रचना के लिए जाना जाता है. वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से लोगो को जीवन दर्शन का ज्ञान व जीवन जीने की कला सिखाई है.रामायण में महर्षि वाल्मीकि ने २४००० श्लोकों में श्रीराम उपाख्यान ‘रामायण’ की रचना की.

बाण भट्टराव सातवीं शताब्दी के संस्कृत के विद्वान गद्य लेखक और कवि थे। बाण भट्ट राजा हर्षवर्धन के राज कवि थे । उनके दो प्रमुख ग्रंथ हैं: हर्षचरितम् तथा कादम्बरी। "हर्षचरितम्." राजा हर्षवर्धन का जीवन-चरित्र था. वहीँ उनकी उनके द्वारा रचित "कादंबरी" को दुनिया का पहला उपन्यास कहा जाता है । कादंबरी पूर्ण होने से पहले ही बाण भट्टराव का देहांत हो गया तो उपन्यास पूरा करने का काम उनके पुत्र भूषण भट्ट राव ने अपने हाथ में लिया। बाण भट्ट के दोनों ग्रंथ संस्कृत साहित्य के महत्त्वपूर्ण ग्रंथ माने जाते है.

प्राचीन काल के अलावा भी मध्य प्रदेश में कई श्रेष्ठ कवियों का जन्म हुआ जिन्होंने अपनी रचनाओं से जनमानस को दिशा दिखाई. इन कवियों की रचनओं में मध्य प्रदेश की संस्कृति, कला, वीरता और भक्ति भाव परिलक्षित होता है.

गजानन माधव मुक्तिबोध (१३ नवंबर १९१७ - ११ सितंबर १९६४) हिन्दी साहित्य के विशिष्ट कवि, आलोचक, निबंधकार, कहानीकार तथा उपन्यासकार थे। उन्हें प्रगतिशील कविता और नयी कविता के बीच का एक सेतु भी माना जाता है। प्रस्तुत है उनकी कुछ रचनाएँ :-


(१)

पूंजीवादी समाज के प्रति

इतने प्राण, इतने हाथ, इतनी बुद्धि

इतना ज्ञान, संस्कृति और अंतःशुद्धि

इतना दिव्य, इतना भव्य, इतनी शक्ति

यह सौंदर्य, वह वैचित्र्य, ईश्वर-भक्ति

इतना काव्य, इतने शब्द, इतने छंद –

जितना ढोंग, जितना भोग है निर्बंध

इतना गूढ़, इतना गाढ़, सुंदर-जाल –

केवल एक जलता सत्य देने टाल।

छोड़ो हाय, केवल घृणा औ' दुर्गंध

तेरी रेशमी वह शब्द-संस्कृति अंध

देती क्रोध मुझको, खूब जलता क्रोध

तेरे रक्त में भी सत्य का अवरोध

तेरे रक्त से भी घृणा आती तीव्र

तुझको देख मितली उमड़ आती शीघ्र

तेरे ह्रास में भी रोग-कृमि हैं उग्र

तेरा नाश तुझ पर क्रुद्ध, तुझ पर व्यग्र।

मेरी ज्वाल, जन की ज्वाल होकर एक

अपनी उष्णता में धो चलें अविवेक

तू है मरण, तू है रिक्त, तू है व्यर्थ

तेरा ध्वंस केवल एक तेरा अर्थ।


(२)

मुझे कदम-कदम पर

मुझे कदम-कदम पर

चौराहे मिलते हैं

बांहें फैलाए

एक पैर रखता हूँ

कि सौ राहें फूटतीं

मैं उन सब पर से गुजरना चाहता हूँ

बहुत अच्छे लगते हैं

उनके तजुर्बे और अपने सपने.

सब सच्चे लगते हैं

अजीब-सी अकुलाहट दिल में उभरती है

मैं कुछ गहरे में उतरना चाहता हूँ

जाने क्या मिल जाए


मुझे भ्रम होता है कि प्रत्येक पत्थर में

चमकता हीरा है

हर एक छाती में आत्मा अधीरा है

प्रत्येक सस्मित में विमल सदानीरा है

मुझे भ्रम होता है कि प्रत्येक वाणी में

महाकाव्य पीडा है

पलभर में मैं सबमें से गुजरना चाहता हूँ

इस तरह खुद को ही दिए-दिए फिरता हूँ

अजीब है जिंदगी

बेवकूफ बनने की खातिर ही

सब तरफ अपने को लिए-लिए फिरता हूँ

और यह देख-देख बडा मजा आता है

कि मैं ठगा जाता हूँ

हृदय में मेरे ही

प्रसन्नचित्त एक मूर्ख बैठा है

हंस-हंसकर अश्रुपूर्ण, मत्त हुआ जाता है

कि जगत स्वायत्त हुआ जाता है

कहानियां लेकर और

मुझको कुछ देकर ये चौराहे फैलते

जहां जरा खडे होकर

बातें कुछ करता हूँ

उपन्यास मिल जाते ।


(३)

मैं तुम लोगों से इतना दूर हूँ

मैं तुम लोगों से इतना दूर हूँ

तुम्हारी प्रेरणाओं से मेरी प्रेरणा इतनी भिन्न है।

कि जो तुम्हारे लिए विष है, मेरे लिए अन्न है।

मेरी असंग स्थिति में चलता-फिरता साथ है,

अकेले में साहचर्य का हाथ है,

उनका जो तुम्हारे द्वारा गर्हित हैं

किंतु वे मेरी व्याकुल आत्मा में बिम्बित हैं, पुरस्कृत हैं

इसीलिए, तुम्हारा मुझ पर सतत आघात है !!

सबके सामने और अकेले में।

(मेरे रक्त भरे महाकाव्यों के पन्ने उड़ते हैं

तुम्हारे-हमारे इस सारे झमेले में)

असफलता का धूल-कचरा ओढ़े हूँ

इसलिए कि वह चक्करदार ज़ीनों पर मिलती है

छल-छद्म धन के

किंतु मैं सीधी-सादी पटरी-पटरी दौड़ा हूँ

जीवन की

फिर भी, मैं अपनी सार्थकता में खिन्न हूँ

निज से अप्रसन्न हूँ

इसलिए कि जो है उससे बेहतर चाहिए

पूरी दुनिया साफ करने के लिए मेहतर चाहिए

वह मेहतर मैं हो नहीं पाता

पर, रोज कोई भीतर चिल्लाता है

कि कोई काम बुरा नहीं

बशर्ते कि आदमी खरा हो

फिर भी मैं उस ओर अपने को ढो नहीं पाता।

रेफ्रिजरेटर, विटामिनों, रेडियोग्राम के बाहर की

गतियों की दुनिया में

मेरी वह भूखी बच्ची मुनिया है शून्यों में

पेटों की आंतों में न्यूनों की पीड़ा है

छाती के कोषों में रहितों की व्रीडा है

शून्यों से घिरी हुई पीड़ा ही सत्य है

शेष सब अवास्तव यथार्थ मिथ्या है भ्रम है

सत्य केवल एक जो कि

दुखों का क्रम है।

मैं कनफटा हूँ हेठा हूँ

शेव्रलेट-डॉज के नीचे मैं लेटा हूँ

तेलिया लिबास मे पुरज़े सुधारता हूँ

तुम्हारी आज्ञाएँ ढोता हूँ।   


शिवमंगल सिंह 'सुमन' (1915-2002) हिंदी के प्रसिद्ध कवि और शिक्षाविद थे। जहाँ एक ओर उन्होंने अपनी रचनाओं में भावनाओं के दर्द को व्यक्त किया, वहीँ दूसरी ओर सामाजिक मुद्दों पर भी निर्भीक रचनात्मक टिप्पणी भी की थी. प्रस्तुत है उनकी दो रचनाएँ ;- 


(१)

वरदान माँगूँगा नहीं 

यह हार एक विराम है

जीवन महासंग्राम है

तिल-तिल मिटूँगा पर दया की भीख मैं लूँगा नहीं।

वरदान माँगूँगा नहीं।।

स्मृति सुखद प्रहरों के लिए

अपने खंडहरों के लिए

यह जान लो मैं विश्व की संपत्ति चाहूँगा नहीं।

वरदान माँगूँगा नहीं।।

क्या हार में क्या जीत में

किंचित नहीं भयभीत मैं

संधर्ष पथ पर जो मिले यह भी सही वह भी सही।

वरदान माँगूँगा नहीं।।

लघुता न अब मेरी छुओ

तुम हो महान बने रहो

अपने हृदय की वेदना मैं व्यर्थ त्यागूँगा नहीं।

वरदान माँगूँगा नहीं।।

चाहे हृदय को ताप दो

चाहे मुझे अभिशाप दो

कुछ भी करो कर्तव्य पथ से किंतु भागूँगा नहीं।

वरदान माँगूँगा नहीं।।

मैं नहीं आया तुम्हारे द्वार...

मैं नहीं आया तुम्हारे द्वार

पथ ही मुड़ गया था।

गति मिली मैं चल पड़ा

पथ पर कहीं रुकना मना था,

राह अनदेखी, अजाना देश

संगी अनसुना था।

चांद सूरज की तरह चलता

न जाना रात दिन है,

किस तरह हम तुम गए मिल

आज भी कहना कठिन है,

तन न आया मांगने अभिसार

मन ही जुड़ गया था।

देख मेरे पंख चल, गतिमय

लता भी लहलहाई

पत्र आँचल में छिपाए मुख

कली भी मुस्कुराई।

एक क्षण को थम गए डैने

समझ विश्राम का पल

पर प्रबल संघर्ष बनकर

आ गई आंधी सदलबल।

डाल झूमी, पर न टूटी

किंतु पंछी उड़ गया था


(२)

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला...

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला

उस उस राही को धन्यवाद

जीवन अस्थिर अनजाने ही

हो जाता पथ पर मेल कहीं

सीमित पग-डग, लम्बी मंज़िल

तय कर लेना कुछ खेल नहीं

दाएँ-बाएँ सुख-दुख चलते

सम्मुख चलता पथ का प्रमाद

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला

उस उस राही को धन्यवाद।

साँसों पर अवलम्बित काया

जब चलते-चलते चूर हुई

दो स्नेह-शब्द मिल गए, मिली

नव स्फूर्ति थकावट दूर हुई

पथ के पहचाने छूट गए

पर साथ-साथ चल रही याद

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला

उस उस राही को धन्यवाद

जो साथ न मेरा दे पाए

उनसे कब सूनी हुई डगर

मैं भी न चलूँ यदि तो भी क्या

राही मर लेकिन राह अमर

इस पथ पर वे ही चलते हैं

जो चलने का पा गए स्वाद

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला

उस उस राही को धन्यवाद

कैसे चल पाता यदि न मिला

होता मुझको आकुल-अन्तर

कैसे चल पाता यदि मिलते

चिर-तृप्ति अमरता-पूर्ण प्रहर

आभारी हूँ मैं उन सबका

दे गए व्यथा का जो प्रसाद

जिस जिससे पथ पर स्नेह मिला

उस उस राही को धन्यवाद


मध्य प्रदेश का साहित्य प्राचीन काल से जीवन को नई दिशा व जीवन जीने की कला सिखाता रहा है. भक्ति, दया, जीवन, दर्शन से युक्त यहाँ का साहित्य भविष्य में भी जन मानस के ह्रदय को पुलकित करते हुए उनका पथ प्रदर्शित करता रहेगा!