नेता ने कहा कि सब भ्रष्ट हो गया है सो ठीक कहा

हिम्मत की

पर हिम्मत नहीं थी लोग यह पहले ही जान चुके थे

अब यह केवल स्वीकार था कि मैं पिछड़ गया हूँ

समाज को समझने में

नेता कुछ नहीं बता रहा

जो जनता अभी नहीं देख रही



[Kavishala Labs] ये किसी खबर की पंक्तियाँ नहीं बल्कि रघुवीर सहाय की कविता "मौका" की कुछ पंक्तियाँ हैं. रघुवीर सहाय हिंदी साहित्य के उन कवियों में से एक हैं जिनकी भाषा और शिल्प में पत्रकारिता का प्रभाव था. उनकी कविताओं में ये प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा सकता हैं. रघुवीर सहाय की रचनाओं में आम आदमी की व्यथा झलकती है. एक उत्कृष्ट कवि होने के साथ साथ वे एक कथाकार, निबंध लेखक और आलोचक थे.


रघुवीर सहाय (9 दिसंबर 1929 - 30 दिसंबर 1990) का जन्म लखनऊ में हुआ था. उन्होंने 1946 से साहित्य सृजन की शुरुआत की. फिर कुछ वर्ष पश्चात् वे पत्रकारिता से जुड़ गए. उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्य किया. पत्रकार होने की वजह से वे आम आदमी की व्यथा और सिस्टम की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह जानते और समझते थे. उनकी रचनाओं में आम आदमी का दर्द देखने को मिलता. रघुवीर सहाय की साहित्यिक रचनाओं में पत्रकारिता का और उनकी पत्रकारिता पर साहित्य का गहरा असर रहा है. उनकी कविताएँ आज़ादी के बाद विशेष रूप से सन् ’60 के बाद के भारत की तस्वीर को समग्रता में पेश करती हैं. उनकी रचनाओं में समानता और हक़ की तरफदारी देखने को मिलती है . 


रघुवीर सहाय की काव्य दृष्टि का मुख्य उद्देश्य एक स्वस्थ जनतंत्र देखने का है. वे एक ऐसे समाज का स्वप्न सजाते हैं जिसमे शोषण, अन्याय, हत्या, आत्महत्या, विषमता, दासता, राजनीतिक संप्रभुता, जाति-धर्म की लड़ाई न हो. जिन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आज़ादी की लड़ाई लड़ी गयी उन्हें पूरा करने में जो अड़चने आती है उनका विरोध करना ही रघुवीर सहाय की रचना का लक्ष्य रहा है. 


हिंदी साहित्य में उल्लेखनीय योगदान व स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना के लिए किया गया उनका कार्य सराहनीय और उल्लेखनीय रहेगा. रघुवीर सहाय समकालीन हिन्दी कविता के महत्वपूर्ण स्तम्भ होने के साथ साथ एक निष्पक्ष और बेबाक पत्रकार थे. जहाँ एक ओर उनकी साहित्यिक रचनाएं नए साहित्यकरों को प्रोत्साहित करती हैं वही उनकी पत्रकारिता का व्यक्तित्व नए पत्रकारों को बेबाक व निष्पक्ष होकर लेखनी चलाने के लिए प्रेरित करता है. साहित्यिक योगदान के लिए उनके कविता संग्रह 'लोग भूल गए हैं ' को 1984 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. पढ़िए उनकी कुछ कविताएं.


[१] 

मौक़ा

नेता ने कहा कि सब भ्रष्ट हो गया है सो ठीक कहा

हिम्मत की

पर हिम्मत नहीं थी लोग यह पहले ही जान चुके थे

अब यह केवल स्वीकार था कि मैं पिछड़ गया हूँ

समाज को समझने में

नेता कुछ नहीं बता रहा

जो जनता अभी नहीं देख रही

और यह तो बिल्कुल नहीं कह रहा कि यह जो पतन है

वह किस अर्थनीति का नतीजा है

वह केवल उसी अर्थनीति में विरोध की बात करता है

जिसका मतलब है अभी जो शासक है वैसा ही बनेगा

सिर्फ भ्रष्ट नहीं होगा, ऐसा कहता है

इस बार नेता का पतन राजनीति के द्वारा रोका नहीं जा सकता

जब तक कि राजनीति बदली नहीं जाती

एक बड़ी विपदा के छोटे-छोटे घेरों में कौन अच्छा कौन बुरा

उसकी किसी पहचान का आखिर क्या मतलब ?

तब नेता का यह कथन कि देखो यह वर्तमान

लोगों को उकसा रहा है कि वे अतीत भूल जाएँ

और भविष्य के लिए आशंका ग्रस्त हों

यदि शासक अपने कामों से पराजय को प्राप्त हो

तो वह जनता की जीत नहीं है : वह एक और पतन के लिए

एक और भ्रष्टाचार में लूट के लिए

किसी और नेता को मौका देने की बात है

लोग जानते हैं सब मगर जान लेना सब

राजनीति छोड़ ही देना है पतन के सहारे

क्योंकि जनता ने सब जाना, केवल विकल्प नहीं जाना

कोई विकल्प नहीं हो सकता उस समाज में जहाँ

लोग सब जानते हैं केवल उसी का अस्वीकार होता है

कोई तो बताए वह जो अभी लोगों को पता नहीं

लोगों को याद कोई यह दिलाए कि जो बीता

वह उनका किया था क्योंकि वे कुछ नहीं करते थे।


[२]

पराजय के बाद

तुमको लोग भूले जा रहे हैं 

क्योंकि तुम जाने जाते रहे हो अपने अत्याचारों के कारण

और आज तुम हाथ खींचे हुए हो 

कि तुम्हारे अत्याचारों को लोग भूल जाएँ 

पर लोग तुम्हीं को भूले जा रहे हैं 

करो कुछ जिससे कि वह शक्ति दुष्टता की 

लोग फिर देखें और लोग भयंकर मुग्ध हों 

एक राष्ट्र के पतन का लक्षण है कि 

वे जो जीवन भर परोपजीवी रहे

         सत्ता के तंत्र में 

आज उससे बाहर होकर यह भ्रम फैला सकते हैं कि 

वे किसी दिन यह समाज बदल देंगे 

और अभी सिर्फ मौका देखते हुए बैठे हैं


[३]

अरे, अब ऐसी कविता लिखो

कि जिसमें छन्द घूमकर आय

घुमड़ता जाय देह में दर्द

कहीं पर एक बार ठहराय


कि जिसमें एक प्रतिज्ञा करूँ

वही दो बार शब्द बन जाय

बताऊँ बार-बार वह अर्थ

न भाषा अपने को दोहराय


अरे, अब ऐसी कविता लिखो

कि कोई मूड़ नहीं मटकाय

न कोई पुलक-पुलक रह जाय

न कोई बेमतलब अकुलाय


छन्द से जोड़ो अपना आप

कि कवि की व्यथा हृदय सह जाय

थाम कर हंसना-रोना आज

उदासी होनी की कह जाय


[४]

लोकतन्त्र का संकट

पुरुष जो सोच नहीं पा रहे

किन्तु अपने पदों पर आसीन हैं और चुप हैं

तानाशाह क्या तुम्हें इनकी भी ज़रूरत होगी

जैसे तुम्हें उनकी है जो कुछ न कुछ ऊटपटाँग विरोध करते रहते हैं


सब व्यवस्थाएँ अपने को और अधिक संकट के लिए

तैयार करती रहती हैं

और लोगों को बताती रहती हैं

कि यह व्यवस्था बिगड़ रही है

तब जो लोग सचमुच जानते हैं कि यह व्यवस्था बिगड़ रही है

वे उन लोगों के शोर में छिप जाते हैं

जो इस व्यवस्था को और अधिक बिगाड़ते रहना चाहते हैं

क्योंकि

उसी में उनका हित है


लोकतन्त्र का विकास राज्यहीन समाज की ओर होता है

इसलिए लोकतन्त्र को लोकतन्त्र में शासक बिगाड़कर राजतन्त्र बनाते ह

ैं।