पुल पार करने से

पुल पार होता है

नदी पार नहीं होती

नदी पार नहीं होती नदी में धँसे बिना


[Kavishala Labs] ये पंक्तियाँ हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि नरेश सक्सेना कि कविता "पार" की हैं. नरेश सक्सेना हिंदी के श्रेष्ठ कवि हैं. उनकी कविताएं पढ़ने में जितनी सरल होती हैं समझने में उतनी ही कठिन , साधारण शब्दों को अपनी वैज्ञानिक सोंच में पिरोकर वे एक जादू सा करतें हैं. उनकी कविताएं पाठक को चिंतन करने में विवश कर देती हैं. सरल और कम शब्दों में गहरी बात को कविता के माध्यम से प्रस्तुत करना नरेश सक्सेना की विशेषता रही है. उनकी कविताओं में वैज्ञानिक सोंच और एक नया आयाम देखने को मिलता है. अगर कहा जाये की नरेश सक्सेना की कविता ख़त्म होने के बाद शुरू होती है तो यह कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी. 


नरेश सक्सेना का जन्म 16 जनवरी 1939 को ग्वालियर, म. प्र. में हुआ था. कविताओं के अलावा उन्होंने नाटक, फिल्मों और संपादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है. समकालीन कवियों में नरेश सक्सेना का विशेष स्थान है. उन्होंने साधारण से दिखने वाले बिम्बो को अपनी कविताओं की विषय वस्तु बनाई. नरेश सक्सेना कविताओं में पड़ताल करते है. उनकी खोज मानव मन के उथल पुथल को समझने और सुलझाने की है. वे साधारण बातों में नया आयाम खोज लेते हैं. देखिये एक बानगी -


दीमकों को

पढ़ना नहीं आता

वे चाट जाती हैं

पूरी

क़िताब

 

मानव मन के उथल पुथल को समझने की उनकी ललक उनकी कविताओं में साफ दिखती है. वे कविताओं में शब्दों और भाषा से ज्यादा लय व भाव को प्रमुख मानते हैं. उनका कहना है कि "मनुष्य लय लेकर पैदा होता है, भाषा तो उसे बाद में मिलती है और सबसे अच्छी भाषा कविता में आती है" उन्होंने अपनी कविताओं में साधारण बोल चाल की भाषा प्रयोग की. उनकी कविताओं का बिम्ब भी साधारण से प्रतीत होने वाली चीजे होती है. लेकिन नरेश सक्सेना एक अन्वेषक कवि की तरह इन साधारण से बिम्बो में भी गहन अर्थ खोज लेते हैं. नरेश सक्सेना ने वैज्ञानिक तथ्यों का प्रयोग कविता में किया है. उनकी कविताओं में जंगल, नदी, पुल, पेड़, किताब, पत्थर आदि अन्य तमाम साधारण बिम्बो का प्रयोग देखने को मिलता है. इन बिम्बो के माध्यम से वे अपनी बात बड़े ही प्रभावी ढंग से कविता के रूप में प्रस्तुत करते हैं. उनकी इस प्रतिभा को आप उनकी इस कविता में देख सकते हैं-


कोई-कोई वृक्ष

बिल्कुल मनुष्यों की तरह होते हैं


वे न फल देते हैं न छाया

एक हरे सम्मोहन से खींचते हैं

और पहुँच में आते ही

दबोच कर सारा ख़ून चूस लेते हैं


उस वक़्त बिल्कुल मनुष्यों की तरह

हो जाता है सारा जंगल

एक भी वृक्ष आगे नहीं बढ़ता।


समकालीन हिंदी कविता में नरेश सक्सेना का योगदान उल्लेखनीय है. कविता के अलावा उन्होंने रंगमंच के लिए लेखन किया है. उनका एक नाटक `आदमी का आ´ देश की कई भाषाओं में प्रदर्शित हुआ है. साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें पहल सम्मान मिला तथा निर्देशन के लिए 1992 में राष्ट्रीय फि़ल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. पढ़िए नरेस उनकी कुछ अन्य कविताएं-


[१] जूते


जिन्होंने ख़ुद नहीं की अपनी यात्राएं

दूसरों की यात्रा के साधन ही बने रहे

एक जूते का जीवन जिया जिन्होंने

यात्रा के बाद

उन्हें छोड़ दिया गया घर के बाहर।


[२] कुछ लोग


कुछ लोग पांवों से नहीं

दिमाग़ से चलते हैं

ये लोग

जूते तलाशते हैं

अपने दिमाग़ के नाप के


[३] सीढ़ी


मुझे एक सीढ़ी की तलाश है

सीढ़ी दीवार पर चढ़ने के लिए नहीं

बल्कि नींव में उतरने के लिए


मैं क़िले को जीतना नहीं

उसे ध्वस्त कर देना चाहता हूँ।


[४] पानी


बहते हुए पानी ने

पत्थरों पर निशान छोड़े हैं


अजीब बात है

पत्थरों ने पानी पर

कोई निशान नहीं छोड़ा।


[५] पार


पुल पार करने से

पुल पार होता है

नदी पार नहीं होती


नदी पार नहीं होती नदी में धंसे बिना

नदी में धंसे बिना

पुल का अर्थ भी समझ में नहीं आता

नदी में धंसे बिना


पुल पार करने से

पुल पार नहीं होता

सिर्फ़ लोहा-लंगड़ पार होता है


कुछ भी नहीं होता पार

नदी में धँसे बिना

न पुल पार होता है

न नदी पार होती है।