एक ऐसी पक्ति जो आपको न्योता भी देती है और सलाह भी : ”तुम ही तनहा मेरे ग़मख़ाने में आ सकती हो.”
बार-बार पढ़े जाने पर यह पंक्ति आपके भीतर कुछ बोती है. आप वो चेहरा खोजने लगते हैं, जिसको इस तरह संबोधित कर सकें. इसे बलरामपुर के शायर अली सरदार जाफरी ने लिखा है! एक आंदोलन के दौरान वॉयसराय के एक्जीक्यूटिव कौंसिल के सदस्यों के विरुद्ध हड़ताल के अपराध में सरदार को यूनिवर्सिटी से बेदखल कर दिया गया. लेकिन सरदार कभी झुके नहीं! अली सरदार जाफरी को उनके साहित्यिक योगदान के लिए साल 1998 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वह फिराक गोरखपुरी और कुर्तुल एन हैदर के बाद ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने वाले उर्दू के तीसरे साहित्यकार हैं. साल 1967 में उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया. इसके अलावा वह सोवियत लैण्ड नेहरू पुरस्कार, उत्तर प्रदेश सरकार के उर्दू अकादमी पुरस्कार और मध्यप्रदेश सरकार के इकबाल सम्मान से भी सम्मानित हुए. उनकी कई रचनाओं का भारतीय एवं विदेशी भाषाओं में अनुवाद हुआ. पर अगर हम ध्यान से देखें तो इस अज़ीम शायर को जनता की शोहरत चाहे जितनी मिली हो, सत्ता से उतना सम्मान नहीं मिला, जिसके वह हकदार थे. उन्होंने अपने लंबे जीवन में मज़लूम और मेहनतकश ग़रीबों की समस्याओं को लगातार उजागर किया और साहित्य सेवा में अपनी क़लम चलाई, जिसके लिए निजी यातनाएं भी झेली. 86 वर्ष की आयु मेंवह ब्रेन-ट्यूमर से ग्रस्त होकर कई माह तक मुंबई के अस्पताल में मौत से जूझते रहे और पहली अगस्त साल 2000 को इस दुनिया से कूच कर गए... पर सचमुच ऐसे लोग शरीर छोड़ देने भर से कहीं जाते हैं क्या? उन्हीं की एक कविता 'फिर एक दिन ऐसा आयेगा' में इस सवाल का जवाब शामिल है:
फिर एक दिन ऐसा आयेगा
आँखों के दिये बुझ जायेंगे
हाथों के कँवल कुम्हलायेंगे
और बर्ग-ए-ज़बाँ से नुत्क़ ओ सदा
की हर तितली उड़ जायेगी
इक काले समन्दर की तह में
कलियों की तरह से खिलती हुई
फूलों की तरह से हँसती हुई
सारी शक्लें खो जायेंगी
खूँ की गर्दिश, दिल की धड़कन
सब रागनियाँ सो जायेंगी
और नीली फ़ज़ा की मख़मल पर
हँसती हुई हीरे की ये कनी
ये मेरी जन्नत मेरी ज़मीं
इस की सुबहें इस की शामें
बेजाने हुए बेसमझे हुए
इक मुश्त ग़ुबार-ए-इन्साँ पर
शबनम की तरह रो जायेंगी
हर चीज़ भुला दी जायेगी
यादों के हसीं बुतख़ाने से
हर चीज़ उठा दी जायेगी
फिर कोई नहीं ये पूछेगा
'सरदार' कहाँ है महफ़िल में
लेकिन मैं यहाँ फिर आऊँगा
बच्चों के दहन से बोलूँगा
चिड़ियों की ज़बाँ से गाऊँगा
जब बीज हँसेंगे धरती में
और कोंपलें अपनी उँगली से
मिट्टी की तहों को छेड़ेंगी
मैं पत्ती-पत्ती कली-कली
अपनी आँखें फिर खोलूँगा
सर सब्ज़ हथेली पर लेकर
शबनम के क़तरे तोलूँगा
मैं रंग-ए-हिना, आहंग-ए-ग़ज़ल,
अन्दाज़-ए-सुख़न बन जाऊँगा
रुख़सार-ए-उरूस-ए-नौ की तरह
हर आँचल से छन जाऊँगा
जाड़ों की हवायें दामन में
जब फ़स्ल-ए-ख़ज़ाँ को लायेंगी
रहरू के जवाँ क़दमों के तले
सूखे हुए पत्तों से मेरे
हँसने की सदायें आयेंगी
धरती की सुनहरी सब नदियाँ
आकाश की नीली सब झीलें
हस्ती से मेरी भर जायेंगी
और सारा ज़माना देखेगा
हर क़िस्सा मेरा अफ़साना है
हर आशिक़ है सरदार यहाँ
हर माशूक़ा सुल्ताना है
मैं एक गुरेज़ाँ लम्हा हूँ
अय्याम के अफ़्सूँ खाने में
मैं एक तड़पता क़तरा हूँ
मसरूफ़-ए-सफ़र जो रहता है
माज़ी की सुराही के दिल से
मुस्तक़्बिल के पैमाने में
मैं सोता हूँ और जागता हूँ
और जाग के फिर सो जाता हूँ
सदियों का पुराना खेल हूँ मैं
मैं मर के अमर हो जाता हूँ
आइये पढ़ते है शायर अली सरदार जाफरी की कुछ और रचनायें, ये रचनाये आपको खुद से मिलाने का एक प्रयास करती है:
[१]
तू मुझे इतने प्यार से मत देख
तेरी पलकों के नर्म साये में
धूप भी चांदनी सी लगती है
और मुझे कितनी दूर जाना है
रेत है गर्म, पांव के छाले
यूँ दमकते हैं जैसे अंगारे
प्यार की ये नज़र रहे, न रहे
कौन दश्त-ए-वफ़ा में जाता है
तेरे दिल को ख़बर रहे न रहे
तू मुझे इतने प्यार से मत देख
[२]
मेरे दरवाज़े से अब चांद को रुख़सत कर दो
साथ आया है तुम्हारे जो तुम्हारे घर से
अपने माथे से हटा दो ये चमकता हुआ ताज
फेंक दो जिस्म से किरणों का सुनहरी ज़ेवर
तुम ही तन्हा मेरे ग़म-खाने में आ सकती हो
एक मुद्दत से तुम्हारे ही लिए रखा है
मेरे जलते हुए सीने का दहकता हुआ चांद
