जब वस्ल की तड़प अपनी इन्तेहां पार कर जाती है और फिर दिल में जो टीस उठती है, उस टीस का नाम है असरार उल हक़ मजाज़. लखनऊ के पास बाराबंकी की रूदौली रियासत में सन 19 अक्टूबर 1911 को जमींदार सिराजुल हक़ के घर असरार उल हक़ मजाज़ का जन्म हुआ. जमींदारी वाले माहौल और रुतबे वाला बचपन भी मज़ाज़ को सख्त नहीं बना पाया. वे हमेशा जमीन से जुड़े रहे. गरीब, मजदूर और जरूरतमंदों के लिए मजाज के दिल में न सिर्फ हमदर्दी थी बल्कि मज़ाज़ उनकी पैरवी भी करते थे.

आगरा शहर से अपनी शुरूआती पढाई और शायरी का हुनर लेकर मज़ाज़ आगे की पढाई के लिए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पहुंचे. अभी तक लोगों को मज़ाज़ के बारे में कोई खबर नहीं थी. और खुद मज़ाज़ भी इस बात से बेखबर थे की जल्दी ही पूरे हिन्दुंस्तान में उनके लिखे शेर और नज्म पढ़े और सराहे जायेंगे.

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के शुरुआती दिनों में ही में मज़ाज़ को सरदार जाफ़री, हयातुल्लाह अंसारी, सिब्ते हसन, इस्मत चुगताई जैसे उभरते हुए शायरों का साथ मिला. मज़ाज़ खुद भी लिखते थे और लेकिन उन्होंने पहले कभी किसी बड़े मंच में ग़ज़ल नहीं पढ़ी थी. एएमयू में मुशायरा शुरू हुआ. कई शायरों ने अपनी नज़्म और ग़ज़लें पढ़ीं. मज़ाज़ अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स बताते हैं कि जब सफेद शेरवानी और सफेद पायज़ामे में असरार मंच तक पहुंचे, तो लोग उन्हें देख प्रभावित हो गए थे. अपनी बेहद दिलकश और गहरी आवाज़ मे जब मज़ाज़ ने अपनी ग़ज़ल पढ़ी तो लोग मज़ाज़ के शब्दों में खो गये.

ख़ूब पहचान लो असरार हूँ मैं, जिंस-ए-उल्फ़त का तलबगार हूँ मैं

इश्क़ ही इश्क़ है दुनिया मेरी, फ़ित्ना-ए-अक़्ल से बे-ज़ार हूँ मैं

इक लपकता हुआ शो'ला हूँ मैं, एक चलती हुई तलवार हूँ मैं

अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में असरार -उल -हक़ मजाज़ अब चर्चा का विषय बन गये थे. यही वो समय था जब मजाज़ ने अलीगढ़ आने और सब पर छा जाने का बड़ा एलान कर दिया था.

मजाज़ की शायरी ने पहली बार 1930 के दशक की शुरुआत में सांस्कृतिक रूप से एएमयू में अपनी छाप छोड़ी. उनकी कविताएँ 'नूरा' और 'नज़्र-ए-अलीगढ़' ने उन्हें एक मशहूर शायर के रूप में स्थापित किया. लड़कियां तो मजाज के लिए दीवानी हो गयीं थी. उन्होंने इस बारे में लिखा था कि-

नहीं जानती है मेरा नाम तक वो

मगर भेज देती है पैगाम तक वो

ये पैगाम आते ही रहते हैं अक्सर

कि किस रोज़ आओगे बीमार होकर

मजाज़ की लोकप्रियता ने एएमयू में उनके सभी समकालीनों को पीछे छोड़ दिया, जिनमें अली सरदार जाफरी और जां निसार अख्तर जैसे शायर शामिल थे. उन्होंने 1936 में एएमयू से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. उसी वर्ष प्रोफेसर अहमद शाह बुखारी, जो 'पितर' बुखारी के नाम से मशहूर हैं, मजाज़ को दिल्ली बुला लिया. बुखारी ने उन्हें ऑल इंडिया रेडियो में एक पत्रिका के संपादक के रूप में शामिल कर लिया. मजाज़ ने इसका नाम 'आवाज़' रखा और कुछ समय तक इसका संचालन भी किया. कुछ कारणों से उनके रिश्ते में खटास आ गई और मजाज़ स्टेशन छोड़कर चले गए.

बाद में उन्हें एक उन्हें एक शादीशुदा औरत से प्यार हो गया, लेकिन ये प्यार मुकम्मल न हो सका. इस वाकये ने मज़ाज़ को अंदर तक तोड़ दिया. मज़ाज़ शराब पीने के आदी हो गये. मजाज़ का व्यक्तिगत दुःख उनके विद्रोही विचारों में विलीन हो गया. इसी दौर में और दर्द में उन्होंने सबसे मशहूर गीत 'आवारा' लिखा था. मज़ाज़ का ये गीत फिल्म ठोकर (1953) में लिया गया. और बहुत सराहा गया. अगर आप इस गीत को पढ़ेंगे या सुनेंगे तो आप मज़ाज़ के दर्द को कुछ हद तक समझ पाएंगे.

शहर की रात और मैं नाशाद ओ नाकारा फिरूँ

जगमगाती जागती सड़कों पे आवारा फिरूँ

ग़ैर की बस्ती है कब तक दर-ब-दर मारा फिरूँ

ऐ ग़म-ए-दिल क्या करूँ ऐ वहशत-ए-दिल क्या करूँ

दिल टूटने पर मज़ाज़ ने वापस लखनऊ का रुख किया. लेकिन दिल्ली छोड़ने का ग़म उन्हें बना रहा. उन्होंने लिखा था-

रुखसत-ए-दिल्ली ! तेरी महफ़िल से जाता हू मैं,

नौहागर जाता हूं मैं, नाला-ए-लब जाता हूं मैं..."

मजाज़ ने अपने दोस्तों अली सरदार जाफरी और सिब्ते हसन के साथ मिलकर लखनऊ से प्रगतिशील पत्रिका 'नया अदब' निकाली. इसकी स्थापना 1939 में यूपीडब्ल्यूए (उर्दू प्रोग्रेसिव राइटर्स एसोसिएशन) के तत्वावधान में सीपीआई के फंड से की गई थी. यह पत्रिका उस समय की सबसे प्रभावशाली प्रगतिशील साहित्यिक मासिक थी, इतनी अधिक कि इसके पहले तीन अंकों ने वास्तव में यूपीडब्ल्यूए आंदोलन की सैद्धांतिक नींव रखी.

मज़ाज़ एक विद्रोही कवि भी थे. पूंजीवादी व्यवस्था के ख़िलाफ़ मजाज़ के गुस्से ने क्रांति को एक नया आधार प्रदान किया। सोवियत रूस की समाजवादी विचारधारा से जन्मी बेहतर कल की उम्मीद उन्होंने अपनी ग़ज़ल 'ख्वाब-ए-सेहर' में व्यक्त की है-

ये मुसलसल आफ़तें ये योरिश ये क़त्ल-ए-आम

आदमी कब तक रहे औहाम-ए-बातिल का ग़ुलाम

ज़ेहन-ए-इंसानी ने अब औहाम के ज़ुल्मात में

ज़िंदगी की सख़्त तूफ़ानी अँधेरी रात में

कुछ नहीं तो कम से कम ख़्वाब-ए-सहर देखा तो है

जिस तरफ़ देखा न था अब तक उधर देखा तो है

मजाज़ मोहब्बत, समानता और न्याय की बात करते थे. उनकी शायरी में औरत सौंदर्य की वस्तु से कहीं अधिक थी. वह औरतों को एक ऐसे योद्धा के रूप में देखना चाहते थे जो शोषण और अन्याय के खिलाफ विद्रोह कर सकें.

तिरी नीची नज़र ख़ुद तेरी इस्मत की मुहाफ़िज़ है

तू इस नश्तर की तेज़ी आज़मा लेती तो अच्छा था

तिरे माथे पे ये आँचल बहुत ही ख़ूब है लेकिन

तू इस आँचल से इक परचम बना लेती तो अच्छा था

मज़ाज़ के शराब पीने की आदत से उनके दोस्त काफी परेशान और उन्हें शराब छोड़ने की सलाह देते थें. बताते हैं कि एक बार जिगर मुरादाबादी ने उनसे शराब छोड़ने के लिए कहा, जिस पर मजाज़ ने जवाब दिया- ''तुमने तो एक बार छोड़ी, मैंने तो कई बार छोड़ी.'' मजाज़ के बारे में जोश मलीहाबादी ने एक बार कहा था, "वह दुनिया की सारी खूबसूरती को एक ही नज़र में कैद कर लेना चाहता है और दुनिया की सारी शराब एक ही घूंट में पी जाना चाहता है." मज़ाज़ ने लिखा था -

इस महफ़िल-ए-कैफ़-ओ-मस्ती में इस अंजुमन-ए-इरफ़ानी में

सब जाम-ब-कफ़ बैठे ही रहे हम पी भी गए छलका भी गए

1950 के दशक की शुरुआत तक, मजाज़ की मानसिक समस्याएं बढ़ने लगी थीं. शराब पीने से उनका दुख और भी बढ़ गया. 'ख्वाब-ए-सेहर', 'शहर निगार' और 'अंधेरी रात का मुसाफिर' जैसी रचनाएं उनके अस्त-व्यस्त जीवन की दशा बताती हैं.

लगातार बिगड़ती तबीयत और टूटे दिल के दर्द ने मजाज़ की ज़िंदगी को मुश्किल बना दिया था. 3 दिसंबर 1955 को लखनऊ में स्टूडेंट कन्वेन्शन के तहत एक मुशायरा हुआ. जिसमे देश भर के कई नामी शायर आये. मजाज़ भी इस मुशायरे का हिस्सा बने. 4 दिसंबर की रात मजाज़ अपने दोस्तों के साथ लखनऊ के लालबाग स्थित एक शराबखाने पर गये. शराब पीने के बाद उनके दोस्त घर चले गये.

शराब के नशे मे दिसम्बर की सर्द रात मजाज़ ने खुले छत के नीचे गुजारी गुज़ारी. सुबह लोगों ने देखा तो हॉस्पिटल में दाखिल कराया. आख़िर मजाज़ ने 5 दिसंबर को ज़िंदगी को अलविदा कह दिया. मजाज को शायद अपने आखिरी दिनों के बारे में पहले से ही इल्म था, उन्होंने लिखा था कि

"ज़िंदगी साज़ दे रही है मुझे, सहरो एजाज़ दे रही है मुझे

और बहुत दूर आसमानों से, मौत आवाज़ दे रही है मुझे"

दर्द, मोहब्बत और इंक़लाब का ये शायर हमेशा के लिए उर्दू अदब की दुनिया में रोशन रहेगा. मज़ाज़ को मालूम था कि वे इस दुनिया में ज्यादा दिन के लिए नहीं आये. जिसके बारे में उन्होंने लिखा था.

कुछ रोज़ का मुसाफ़िर-ओ-मेहमाँ हूँ और क्या

क्यूँ बद-गुमाँ हों यूसुफ़-ए-कनआ'न-ए-लखनऊ

अब उस के बा'द सुब्ह है और सुब्ह-ए-नौ 'मजाज़'

हम पर है ख़त्म शाम-ए-ग़रीबान-ए-लखनऊ

उनका लखनऊ से वास्ता, उनके दिल का टूटना. मजाज का जीवन के रंग बिरंगे कैनवास से लेकर स्याह तन्हा रात का सफर उनके नज्मों और ग़जलों के रूप में हमें हमेशा उनकी याद दिलाता रहेगा.