[Kavishala Labs] हिंदी साहित्य के विकास में कई विद्वान साहित्यकारों ने अतुलनीय योगदान दिया है. काल के अंतराल में कई साहित्यकार हुए जिन्होंने समय -परिस्थिति के अनुसार हिंदी साहित्य में नव प्रयोग व परिवर्तन किये. कवीश्वर पद्माकर भी एक ऐसे ही विद्वान साहित्यकार थे जिन्होंने हिंदी काव्य के विकास में अतुलनीय योगदान दिया.
पद्माकर (1753-1833) को काव्य प्रतिभा विरासत में मिली थी. उनके पूरे परिवार का वातावरण ही कवितामय था. उनके पिता के साथ-साथ उनके कुल के अन्य लोग भी काव्य रचना में पारंगत थे . अतः उनके वंश का नाम ही ‘कवीश्वर’ पड़ गया था. मात्र 9 वर्ष की उम्र में ही पद्माकर कविता लिखने लगे थे. कहा जाता है कि जयपुर नरेश महाराज जगत सिंह को पद्माकर ने अपना परिचय इन काव्य पंक्तियों में दिया था.
भट्ट तिलंगाने को, बुंदेलखंड-वासी कवि, सुजस-प्रकासी 'पद्माकर' सुनामा हों
जोरत कबित्त छंद-छप्पय अनेक भांति, संस्कृत-प्राकृत पढ़ी जु गुनग्रामा हों
हय रथ पालकी गेंद गृह ग्राम चारू आखर लगाय लेत लाखन की सामां हों
मेरे जान मेरे तुम कान्ह हो जगतसिंह तेरे जान तेरो वह विप्र मैं सुदामा हों।
पद्माकर का काव्य-सौन्दर्य : पद्माकर ने काव्य कि कई विधाओं में काव्य रचना कि है. उन्होंने सजीव मूर्त विधान करने वाली कल्पना के माध्यम से शौर्य, शृंगार, प्रेम, भक्ति, राजदरबार की सम्पन्न गतिविधियों, मेलो-उत्सवों, युद्धों और प्रकृति-सौन्दर्य का ह्रदय स्पर्शी चित्रण किया है. पद्माकर के ऋतु-वर्णन में भी जीवन्तता और चित्रात्मकता कि छाप दिखती है. उनके आलंकारिक वर्णन का प्रभाव परवर्ती कवियों पर भी पड़ा. पद्माकर की भाषा सरस, काव्यमय, सुव्यवस्थित है. उनके काव्य में एक प्रवाह देखने को मिलता है. अनुप्रास द्वारा ध्वनिचित्र खड़ा करने में पद्माकर सिद्धहस्त हैं. काव्य-गुणों व तथ्यों का अद्भुत प्रयोग उनके छंदों में हुआ है. छंदानुशासन और काव्य-प्रवाह की दृष्टि से दोहा, सवैया और कवित्त पर पद्माकर को विशेष प्रतिभा मिली थी. उनके जैसा लव्य कौशल अन्य किसी मध्यकालीन कवि की रचनाओं में नहीं दिखता.
पद्माकर ने कई श्रेष्ठ ग्रंथो कि रचना कि है. जिनमे हिम्मतबहादुर विरुदावली, पद्माभरण, जगद्विनोद, रामरसायन (अनुवाद), गंगालहरी, आलीजाप्रकाश, प्रतापसिंह विरूदावली, प्रबोध पचासा, ईश्वर-पचीसी, यमुनालहरी, प्रतापसिंह-सफरनामा, भग्वत्पंचाशिका, राजनीति, कलि-पचीसी, रायसा, हितोपदेश भाषा (अनुवाद), अश्वमेध आदि प्रमुख हैं. हिंदी काव्य साहित्य कि नीव रखने में पद्माकर का विशेष योगदान रहा है. उनकी रचनाएं आज भी नवांतुक साहित्यकारों का मार्ग दर्शन करती हैं..
पढ़िए उनकी कुछ रचनाएं .
[१]
चाह भरो चंचल हमारो चित्त नौल बधू ,
तेरी चाल चँचल चितौनि मे बसत है ।
कहै पदमाकर सुचँचल चितौनिहु ते ,
औझकि उझकि झझकनि मे फसत है ।
औझकि उझकि झझकनि ते सुरझि वेस ,
बाहीँ की गहनि माँहि आइ बिलसत है ,
बाहीँ की गहनि ते सुनाही की कहनि आयो ,
नाहीँ की कहनि ते सुनाहीं निकसत है ।
[२]
अधखुली कँचुकी उरोज अध आधे खुले ,
अधखुले बैष नख रेखन के झलकैं ।
कहैं पदमाकर नवीन अध नीबी खुली ,
अधखुले छहरि छराके छोर छलकैँ ।
भोर जग प्यारी अध ऊरध इतै की ओर ,
भायी झिकि झिरकि उघारि अध पलकैं ।
आँखै अधखुलीँ अधखुली खिरकी है खुली ,
अधखुले आनन पै अधखुली अलकैँ ।
[३]
दाहन ते दूनी, तेज तिगुनी त्रिसूल हूं ते,
चिल्लिन ते चौगुनी, चालाक चक्रवाती मैं।
कहैं पद्माकर महीप, रघुनाथ राव,
ऐसी समसेर सेर शत्रुन पै छाली तैं।
पांच गुनी पब्ज तैं, पचीस गुनी पावक तैं,
प्रकट पचास गुनी, प्रलय प्रनाली तैं।
सत गुनी सेस तैं, सहसगुनी स्रापन तैं,
लाख गुनी लूक तैं, करोरगुनी काली तैं॥
