[Kavishala Live] मिसाइल मैन के नाम से मशहूर देश के 11 वें राष्ट्रपति डॉ० अब्दुल कलाम जी का व्यक्तित्व बृहद एवं विशिष्ट था. डॉ कलाम एक वैज्ञानिक के साथ साथ एक उत्कृष्ट लेखक और कवि भी थे. जितना लगाव उन्हें विज्ञान से था उससे कहीं ज्यादा लगाव उन्हें प्रकृति से था. उनकी किताबों और कविताओं में उनका प्रकृति प्रेम और अध्यात्म के प्रति लगाव साफ़ झलकता है.
डॉ कलाम के बेहद करीबी रहे सृजन पाल सिंह जी ने कविशाला के साथ डॉ कलाम के जीवन से जुड़ी विशेष बातें साझा करते हुए बताया कि "डॉ कलाम को प्रकृति से बहुत लगाव था, वो रोजाना शाम 3 बजे अपने घर के बगीचे में घूमने जाते थे और वहां के पेड़ पौधों, पशु पक्षियों से प्रेरणा लेकर कविता लिखा करते थे. उन्होंने आगे बताया कि डॉ कलाम किसी भी किताब को लिखने से पहले गहन अध्यन करते थे, डॉ कलाम को किताबों से बहुत लगाव था वो अपनी लाइब्रेरी में घंटो समय बिताया करते थें. वो जब कोई किताब पढ़ते तो उसमे कई नोट्स बना देते थे. डॉ कलाम कहते थे कि वो किताबों को सिर्फ पढ़ते नहीं बल्कि उनसे बातें करते हैं. अगर उन्हें एक पेज भी लिखना होता था तो वे उसके लिए आधी किताब पढ़ जाया करते थे. डॉ कलाम हमेशा प्रकृति से प्रेरणा लेते थे. उनको प्रकृति से इतना लगाव था कि वो पेड़ों को भी नाम देते थे. डॉ कलाम की पसंदीदा कविताएं भी पेड़ो के बारे में हुआ करती थी."
डॉ कलाम का पूर्ण व्यक्तित्व प्रेरणा से भरा हुआ था. उनके जीवन से, उनके द्वारा किये गए कार्यों से, उनकी किताबों से प्रेरणा लेकर हम बहुत कुछ सीख सकते हैं. उनके विचार हमेशा हमें प्रेरणा देते रहेंगे. आज भले ही डॉ कलाम भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं है लेकिन उनके विचार और उनका व्यक्तित्व हमेशा हमारे दिलों में ज़िंदा रहेंगे और देश के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे.
Understanding Dr. #Kalam as an author and poet... https://t.co/3LOtKwLlBb
— Kavishala (@kavishala) July 27, 2020
