उस भविष्य में

धर्म-अर्थ ह्रासोन्मुख होंगे,

क्षय होगा धीरे-धीरे सारी धरती का,

सत्ता होगी उनकी

जिनकी पूँजी होगी,

जिनके नकली चेहरे होंगे

केवल उन्हें महत्त्व मिलेगा,

राजशक्तियाँ लोलुप होंगी,

जनता उनसे पीड़ित होकर

गहन गुफाओं में छिप-छिप कर दिन काटेगी....


[Kavishala Labs] यह पंक्तियाँ हैं धर्मवीर भारती की रचना "अँधा युग" की. धर्मवीर भारती हिंदी के श्रेष्ठ साहित्यकारों में से एक हैं. उनका रचना संसार विस्तृत रहा है. उन्होंने, प्रेम, विरह, राजनीति, सामाजिक विसंगतियों व धार्मिक आडम्बरों के खिलाफ अपनी कलम चलाई. हिंदी साहित्य में धर्मवीर भारती जैसी रचना दृस्टि विरले ही देखने को मिलती है.


  

धर्मवीर भारती (२५ दिसंबर, १९२६- ४ सितंबर, १९९७) आधुनिक हिन्दी साहित्य के प्रमुख लेखक, कवि, नाटककार और सामाजिक विचारक थे. वे प्रख्यात साप्ताहिक पत्रिका धर्मयुग के प्रधान संपादक भी थे. धर्मवीर भारती का जन्म इलाहाबाद में एक कायस्थ परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम श्री चिरंजीव लाल वर्मा और माँ का श्रीमती चंदादेवी था. स्कूली शिक्षा डी. ए वी हाई स्कूल में हुई और उच्च शिक्षा प्रयाग विश्वविद्यालय में. प्रथम श्रेणी में एम ए करने के बाद डॉ॰ धीरेन्द्र वर्मा के निर्देशन में सिद्ध साहित्य पर शोध-प्रबंध लिखकर उन्होंने पी-एच०डी० की. देश भर में होने वाली राजनैतिक हलचलें, बाल्यावस्था में ही पिता की मृत्यु और उससे उत्पन्न आर्थिक संकट इन सबने धर्मवीर भारती को अतिसंवेदनशील, तर्कशील बना दिया. उन्हें जीवन में दो ही शौक थे : अध्ययन और यात्रा. भारती के साहित्य में उनके विशद अध्ययन और यात्रा-अनुभवोंं का प्रभाव स्पष्ट देखा जा सकता है: 


धर्मवीर भारती ने प्रेम और रोमांस पर ह्रदय स्पर्शी रचनाएँ रचीं हैं. उनकी कविताओं, कहानियों और उपन्यासों में प्रेम और रोमांस का यह तत्व स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है. जहाँ एक ओर उनकी रचनाओं में श्रृंगार रस है तो वहीँ दूसरी ओर इतिहास और समकालीन स्थितियों पर भी उनकी पैनी दृष्टि रही है जिसकी झलक उनकी कविताओंं, कहानियों, उपन्यासों, नाटकों, आलोचना तथा संपादकीयों में में देखने को मिलती है. धर्मवीर भारती की कहानियों-उपन्यासों में मध्यवर्गीय जीवन के यथार्थ के वर्णन हैं ‘अंधा युग’ में स्वातंत्रयोत्तर भारत में आई मूल्यहीनता के प्रति चिंता है. प्रेमी मन की उत्कंठा को उन्होंने बड़ी ही सुंदरता से रचा है. पढ़िए एक बानगी- 


किसी की गोद में सिर धर

घटा घनघोर बिखराकर, अगर विश्वास हो जाए

धड़कते वक्ष पर मेरा अगर अस्तित्व खो जाए?

न हो यह वासना तो ज़िन्दगी की माप कैसे हो?

किसी के रूप का सम्मान मुझ पर पाप कैसे हो?

नसों का रेशमी तूफ़ान मुझ पर शाप कैसे हो?


धर्मवीर भारती का मानना था कि वर्तमान को सुधारने और भविष्य को सुखमय बनाने के लिए आम जनता के दुःख दर्द को समझने और उसे दूर करने की आवश्यकता है. अपनी रचनाओं के माध्यम से ‘जन’ की आशाओं, आकांक्षाओं, विवशताओं कष्टों को अभिव्यक्ति देने का प्रयास उन्होंने किया है. 


हिंदी साहित्य को श्रेष्ठ रचनाओं से समृद्ध करने के लिए धर्मवीर भारती को सदैव याद किया जायेगा. उनकी अमर कृतियां वर्तमान व आने वाली पीढ़ी का मार्ग प्रशस्त करती रहेंगी. अतुलनीय साहित्यिक योगदान के लिए उन्हें १९७२ में पद्मश्री से सम्मानित किया गया. पढ़ें उनकी कुछ कविताएं -


[१]

तुम कितनी सुन्दर लगती हो

जब तुम हो जाती हो उदास 

ज्यों किसी गुलाबी दुनिया में सूने खँडहर के आसपास

मदभरी चांदनी जगती हो 


मुँह पर ढँक लेती हो आँचल

ज्यों डूब रहे रवि पर बादल,

या दिन-भर उड़कर थकी किरन,

सो जाती हो पाँखें समेट, आँचल में अलस उदासी बन 

दो भूले-भटके सान्ध्य-विहग, पुतली में कर लेते निवास 

तुम कितनी सुन्दर लगती हो

जब तुम हो जाती हो उदास 


[२]

मैं रथ का टूटा हुआ पहिया हूँ

लेकिन मुझे फेंको मत !

क्या जाने कब

इस दुरूह चक्रव्यूह में

अक्षौहिणी सेनाओं को चुनौती देता हुआ

कोई दुस्साहसी अभिमन्यु आकर घिर जाय !

अपने पक्ष को असत्य जानते हुए भी

बड़े-बड़े महारथी

अकेली निहत्थी आवाज़ को

अपने ब्रह्मास्त्रों से कुचल देना चाहें

तब मैं

रथ का टूटा हुआ पहिया

उसके हाथों में

ब्रह्मास्त्रों से लोहा ले सकता हूँ !

मैं रथ का टूटा पहिया हूँ

लेकिन मुझे फेंको मत

इतिहासों की सामूहिक गति

सहसा झूठी पड़ जाने पर

क्या जाने

सच्चाई टूटे हुए पहियों का आश्रय ले !


[३]

अँजुरी भर धूप-सा

मुझे पी लो!

कण-कण

मुझे जी लो!

जितना हुआ हूँ मैं आज तक किसी का भी -

बादल नहाई घाटियों का,

पगडंडी का,

अलसाई शामों का,

जिन्हें नहीं लेता कभी उन भूले नामों का,


जिनको बहुत बेबसी में पुकारा है

जिनके आगे मेरा सारा अहम्‌‌ हारा है,

गजरे-सी बाँहों का

रंग-रचे फूलों का

बौराए सागर के ज्वार-धुले कूलों का,

हरियाली छाहों का

अपने घर जानेवाली प्यारी राहों का -


जितना इन सबका हूँ

उतना कुल मिलाकर भी थोड़ा पड़ेगा

मैं जितना तुम्हारा हूँ

जी लो

मुझे कण-कण

अँजुरी भर

पी लो!


[४]

कविता कि मौत (कुछ अंश)


झूठ है यह !

आदमी इतना नहीं कमज़ोर है !

पलक के जल और माथे के पसीने से

सींचता आया सदा जो स्वर्ग की भी नींव

ये परिस्थितियाँ बना देंगी उसे निर्जीव !

झूठ है यह !

फिर उठेगा वह

और सूरज की मिलेगी रोशनी

सितारों की जगमगाहट मिलेगी !

कफ़न में लिपटे हुए सौन्दर्य को

फिर किरन की नरम आहट मिलेगी !

फिर उठेगा वह,

और बिखरे हुए सारे स्वर समेट

पोंछ उनसे ख़ून,

फिर बुनेगा नई कविता का वितान

नए मनु के नए युग का जगमगाता गान !

भूख, ख़ूँरेज़ी, ग़रीबी हो मगर

आदमी के सृजन की ताक़त

इन सबों की शक्ति के ऊपर

और कविता सृजन की आवाज़ है.

फिर उभरकर कहेगी कविता

"क्या हुआ दुनिया अगर मरघट बनी,

अभी मेरी आख़िरी आवाज़ बाक़ी है,

हो चुकी हैवानियत की इन्तेहा,

आदमीयत का अभी आगाज़ बाकी है !

लो तुम्हें मैं फिर नया विश्वास देती हूँ,

नया इतिहास देती हूँ !

कौन कहता है कि कविता मर

गई?