[Kavishala Labs] कहते हैं साहित्य समाज को दिशा दिखाता है, लेकिन कुछ ऐसे भी साहित्यकार हुए हैं जिन्होंने साहित्य को नई दिशा दी. समय-समय पर दूरदर्शी और उत्कृष्ट साहित्यकारों ने साहित्य की विधाओं में नव प्रयोग व बदलाव करके साहित्य को और अधिक समृद्ध बनाया है. विष्णु खरे एक ऐसे ही साहित्यकार थे जिन्होंने अपनी कविताओं और आलोचनाओं से हिंदी साहित्य को न केवल समृद्ध किया बल्कि एक नया आयाम भी दिया है.
विष्णु खरे ( 9 फ़रवरी 1940 – 19 सितम्बर 2018) एक कवि, अनुवादक, साहित्यकार तथा फ़िल्म समीक्षक, पत्रकार व पटकथा लेखक थे. वे हिन्दी तथा अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखते थे. विष्णु खरे ने साहित्य अकादमी में कार्यक्रम सचिव का भी पद संभाला. साथ ही एक बेबाक पत्रकार थे. विष्णु खरे ने हिंदी साहित्य में विशेषकर कविता और आलोचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है. समकालीन हिंदी साहित्य में विष्णु खरे की एक विशेष पहचान है.
विष्णु खरे क्रियाओं की पड़ताल बड़ी ही बारीकी से करते थे. सहज सी दिखने वाली क्रियाओं में गूढ़ रहस्य व संदेश खोज लेना उनकी बारीक़ सोंच का ही कमाल था. विष्णु खरे की यही विशेषता उन्हें समकालीन कवियों से अलग बनाती है. "जहाँ न पहुंचे रवि, वहां पहुंचे कवि" यह पंक्तियाँ विष्णु खरे की काव्य विशेषता पर सार्थक सिद्ध होती है. हिंदी कविता में नव प्रयोग कर उन्होंने हिंदी कविता को नया आयाम दिया. उनकी काव्य प्रतिभा इस कविता में झलकती है-
लालटेन जलाने की प्रक्रिया में लालटेन बुझाना
या कम करना भी शामिल है
जब तक विवशता ही न हो तब तक रोशनी बुझाना ठीक नहीं
लेकिन सोने से पहले बाती कम करनी पड़ती है
कुछ लोग उसे इतनी कम कर देते हैं
कि वह बुझ ही जाती है
या उसे एकदम हल्की नीली लौ तक ले जाते हैं
जिसका एक तरह का सौंदर्य निर्विवाद है
लेकिन लालटेन के हिलने से या हवा के हल्के से झोंके से भी
उसे बुझने का जोखिम है
लिहाजा अच्छे जलाने वाले
लालटेन को अपनी पहुंच के पास लेकिन वहां रखते हैं
जहां वह किसी से गिर या बुझ न जाए
और बाती को वहीं तक नीची करते हैं
जब तक उसकी लौ सुबह उगते सूरज की तरह
लाल और सुखद न दिखने लगे
समकालीन समय में बहुत ही कम साहित्यकार हैं जिन्होंने साहित्य में बदलाव के प्रयास किये हो. विष्णु खरे का सृजन क्षेत्र विस्तृत रहा है. उन्होंने साहित्य की विभिन्न विधाओं में श्रेष्ठ रचनाएं रची है. विष्णु खरे खुद को किसी वाद या परंपरा विशेष में नहीं बांधते. बल्कि साहित्य में नव प्रयोग कर उसे और अधिक सार्थक बनाना ही उनका प्रयास और उद्देश्य था. कवि मंगलेश डबराल ने विष्णु खरे को "आखिरी मूर्तिभंजक कहा है" मंगलेश डबराल कहते हैं, "'खरे ने जितना काम किया, जितनी विधाओं में किया, उसे देखकर आप विस्मय में पड़ सकते हैं. मैं तो यही कहूंगा कि वे कबीर, निराला और मुक्तिबोध के बाद हिंदी के आखिरी मूर्तिभंजक थे, जो अपने शब्दों के साथ हमेशा हम लोगों के बीच रहेंगे.''
विष्णु खरे ने जीवन, दर्शन, अध्यात्म, मानवीय भावों के साथ साथ समकालीन राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों, इतिहास और मिथकों पर भी कविताए लिखी. हिंदी साहित्य में कविता के अलावा विष्णु खरे की पहचान एक आलोचक और समीक्षक के रूप में भी है. वे अपने "खरे अंदाज ", बेबाक आलोचना व टिप्पड़ी के लिए भी जाने जाते हैं. उन्होंने हिंदी सिनेमा और विश्व सिनेमा पर भी अपनी लेखनी चलाई. अनुवाद के क्षेत्र में भी विष्णु खरे का योगदान महत्वपूर्ण है. उन्होंने न सिर्फ विदेशी साहित्य-जर्मन, डच, फिनिश आदि का हिंदी में बड़े पैमाने पर अनुवाद किया बल्कि आधुनिक हिंदी कविता के अनुवाद अंग्रेजी के साथ-साथ जर्मन में भी किए.
हिंदी साहित्य में विष्णु खरे का योगदान अतुलनीय है. उनकी रचनाएं नए कवियों का मार्ग प्रसस्त करती रहेंगी. साहित्यिक योगदान के लिए विष्णु खरे को नाईट ऑफ़ थे वाइट रोज सम्मान, हिंदी अकादमी साहित्य सम्मान, शिखर सम्मान, रघुवीर सहाय सम्मान व मैथिलि शरण गुप्त सम्मान से नवाजा गया. विष्णु खरे अपनी रचनाओं के माध्यम से हमेशा हमारे बीच जिन्दा रहेंगे. पढ़िए उनकी कुछ कविताएं.
[१]
कहो तो डरो कि हाय यह क्यों कह दिया
न कहो तो डरो कि पूछेंगे चुप क्यों हो
सुनो तो डरो कि अपना कान क्यों दिया
न सुनो तो डरो कि सुनना लाजिमी तो नहीं था
देखो तो डरो कि एक दिन तुम पर भी यह न हो
न देखो तो डरो कि गवाही में बयान क्या दोगे
सोचो तो डरो कि वह चेहरे पर न झलक आया हो
न सोचो तो डरो कि सोचने को कुछ दे न दें
पढ़ो तो डरो कि पीछे से झाँकने वाला कौन है
न पढ़ो तो डरो कि तलाशेंगे क्या पढ़ते हो
लिखो तो डरो कि उसके कई मतलब लग सकते हैं
न लिखो तो डरो कि नई इबारत सिखाई जाएगी
डरो तो डरो कि कहेंगे डर किस बात का है
न डरो तो डरो कि हुक़्म होगा कि डर
[२]
अक्स.....
आईने में देखते हुए
इस तरह इतनी देर तक देखना
कि शीशा चकनाचूर हो जाये-
फिर भी इतना मुश्किल नहीं
वह शीशे में
यूँ और इतना देखना चाहता है
कि बिल्लौर में तिड़कन तक न आये
सिर्फ़ जो दिख रहा है वह पुर्जा-पुर्जा हो जाए
और जो देख रहा है वह भी
फिर भी एक अक्स बचा रहे
जिसका वह है उसे जाने कैसे देखता हुआ
[३]
कभी-कभी
जब उसे मालूम नहीं रहता कि
कोई उसे सुन रहा है
तो वह हौले से उसाँस में सिर्फ़
हे भगवन हे भगवन कहती है
वह नास्तिक नहीं लेकिन
तब वह ईश्वर को नहीं पुकार रही होती
उसके उस कहने में कोई शिक़वा नहीं होता
ज़िन्दगी भर उसके साथ जो हुआ
उसने जो सहा
ये दुहराए गए शब्द फ़क़त उसका खुलासा है[४]
सृष्टि के सारे प्राणियों का
अब तक का सारा दुःख
कितना होता होगा यह मैं
अपने वास्तविक और काल्पनिक दुखों से
थोड़ा-बहुत जानता लगता हूँ
और उन पर हुआ सारा अन्याय?
उसका निहायत नाकाफ़ी पैमाना
वे अन्याय हैं जो
मुझे लगता है मेरे साथ हुए
या कहा जाता है मैंने किए
कितने करोड़ों गुना वे दुःख और अन्याय
हर पल बढ़ते ही हुए
उन्हें महसूस करने का भरम
और ख़ुशफ़हमी पाले हुए
यह मस्तिष्क
आख़िर कितना ज़िन्दा रहता है
कोशिश करता हूँ कि
अन्त तक उन्हें भूल न पाऊँ
मेरे बाद उन्हें महसूस करने का
गुमान करनेवाला एक कम तो हो जाएगा
फिर भी वे मिटेंगे नहीं
इसीलिए अपने से कहता हूँ
तब तक भी कुछ करता तो रह
