लीक पर वे चलें जिनके
चरण दुर्बल और हारे हैं,
हमें तो जो हमारी यात्रा से बने
ऐसे अनिर्मित पन्थ प्यारे हैं।
[Kavishala Labs] ये पंक्तियाँ हैं सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कविता "लीक पर वे चलें" की. वाकई सर्वेश्वर दयाल सक्सेना लीक से अलग हटकर चलने वाले कवि थे. उन्होंने समाज व मानव के हर आयाम को एक विशेष दृष्टि देखा और फिर अपने विचारों को रचनाओं में पिरोया. उनके जैसी काव्य प्रतिभा विरले ही देखने को मिलती है. सर्वेश्वर दयाल सक्सेना हिंदी साहित्य की नई कविता के महत्वपूर्ण व उल्लेखनीय कवियों में से एक हैं.
सर्वेश्वर दयाल सक्सेना (15 सितंबर 1927 - 24 सितंबर 1983) प्रसिद्ध हिन्दी कवि एवं साहित्यकार थे. उनका जन्म उत्तर प्रदेश के बस्ती ज़िले में में हुआ था. सर्वेश्वर दयाल सक्सेना तीसरे सप्तक के महत्वपूर्ण कवियों में से एक हैं. उन्होंने आकाशवाणी में सहायक निर्माता. दिनमान के उपसंपादक तथा पराग के संपादक पद का कार्यभार भी संभाला. उनका साहित्यिक जीवन कविता रचना से प्रारंभ हुआ. ‘चरचे और चरखे’ स्तम्भ में दिनमान में छपे उनके लेख बहुत लोकप्रिय रहे है. सर्वेश्वर दयाल सक्सेना बाल साहित्य के पक्षधर थे. उनका मानना था कि जिस देश में समृद्ध बाल साहित्य नहीं है, उस देश का भविष्य उज्ज्वल नहीं रह सकता.
सर्वेश्वर दयाल सक्सेना लीक से हटकर सोंचते और कार्य करते थे. साहित्य सृजन की उनकी दृष्टि भी बिलकुल यही थी. उनका मानना था कि, लोगों यह सोचना कि अकेले उनके पहल करने से समाज में कोई परिवर्तन नहीं हो सकता, गलत है. सर्वेश्वर दयाल सक्सेना का मानना था कि इंसान को प्रयास करते रहना चाहिए. बदलाव होता है या नहीं होता उसका निर्णय समय पर छोड़ना ही उचित है. ‘कुआनो नदी’ की भूमिका में उन्होंने लिखा ‘मैं यह जानता हूं कि कविता से समाज नहीं बदला जा सकता. जिससे बदला जा सकता है वह क्षमता मुझमें नहीं है. फिर में क्या करूं? चुप रहूं? उसे ख़ुश करने का नाटक करूं, भड़ैती करूं? … सच तो यह है कि मैं कविता लिखकर केवल अपना होना प्रमाणित करता हूं. मैं यह मानता हूं कि हम जिस समाज में हैं, जिस दुनिया में हैं वहां हमें अपना होना प्रमाणित करना है.’
सर्वेश्वर दयाल सक्सेना का रचना संसार विस्तृत है. उन्होंने सामाजिक समस्याओं, आम लोगों की व्यथा, सिस्टम की ढीला हवाली, भृष्टाचार, सरकारी ढुलमुल रवैये आदि को अपनी विषय वस्तु बनाया. उनके कथा साहित्य में ‘सोया हुआ जल’, ‘पागल कुत्तों का मसीहा’ (लघु उपन्यास) तथा ‘सूने चौखटे'(उपन्यास) उल्लेखनीय है. उनका ‘बकरी’ और ‘अब गरीबी हटाओ’ नाटक एवं ‘बतूता का जूता’ व ‘महँगू की टाई’ बाल कविता संग्रह काफी लोकप्रिय रहे. उनके नाटक ‘बकरी’ पर आपातकाल के समय प्रतिबन्ध लगा दिया गया था.
हिंदी साहित्य में सर्वेश्वर दयाल सक्सेना का योगदान उल्लेखनीय है. विशेषकर नई कविता के कवियों के बीच उनका स्थान महत्वपूर्ण हैं, उनके उपन्यास व नाटकों ने न केवल सामाजिक समस्याओं को उजागर किया बल्कि सिस्टम व जिम्मेदार लोगो को आईना दिखाने का कार्य भी किया. पढ़िए सर्वेश्वर दयाल सक्सेना की कुछ कविताएं-
[१]
लीक पर वे चलें जिनके
चरण दुर्बल और हारे हैं,
हमें तो जो हमारी यात्रा से बने
ऐसे अनिर्मित पन्थ प्यारे हैं।
साक्षी हों राह रोके खड़े
पीले बाँस के झुरमुट,
कि उनमें गा रही है जो हवा
उसी से लिपटे हुए सपने हमारे हैं।
शेष जो भी हैं-
वक्ष खोले डोलती अमराइयाँ;
गर्व से आकाश थामे खड़े
ताड़ के ये पेड़,
हिलती क्षितिज की झालरें;
झूमती हर डाल पर बैठी
फलों से मारती
खिलखिलाती शोख़ अल्हड़ हवा;
गायक-मण्डली-से थिरकते आते गगन में मेघ,
वाद्य-यन्त्रों-से पड़े टीले,
नदी बनने की प्रतीक्षा में, कहीं नीचे
शुष्क नाले में नाचता एक अँजुरी जल;
सभी, बन रहा है कहीं जो विश्वास
जो संकल्प हममें
बस उसी के ही सहारें हैं।
लीक पर वें चलें जिनके
चरण दुर्बल और हारे हैं,
हमें तो जो हमारी यात्रा से बने
ऐसे अनिर्मित पन्थ प्यारे हैं ।
[२]
मैंने कब कहा
कोई मेरे साथ चले
चाहा जरुर!
अक्सर दरख़्तों के लिए
जूते सिलवा लाया
और उनके पास खड़ा रहा
वे अपनी हरियाली
अपने फूल-फूल पर इतराते
अपनी चिड़ियों में उलझे रहे
मैं आगे बढ़ गया
अपने पैरों को
उनकी तरह
जड़ों में नहीं बदल पाया
यह जानते हुए भी
कि आगे बढ़ना
निरंतर कुछ खोते जाना
और अकेले होते जाना है
मैं यहाँ तक आ गया हूँ
जहाँ दरख़्तों की लंबी छायाएं
मुझे घेरे हुए हैं
किसी साथ के
या डूबते सूरज के कारण
मुझे नहीं मालूम,
मुझे और आगे जाना है
कोई मेरे साथ चले
मैंने कब कहा,
चाहा ज़रुर
[३]
तुम्हारे साथ रहकर
अक्सर मुझे ऐसा महसूस हुआ है
कि दिशाएँ पास आ गयी हैं,
हर रास्ता छोटा हो गया है,
दुनिया सिमटकर
एक आँगन-सी बन गयी है
जो खचाखच भरा है,
कहीं भी एकान्त नहीं
न बाहर, न भीतर।
हर चीज़ का आकार घट गया है,
पेड़ इतने छोटे हो गये हैं
कि मैं उनके शीश पर हाथ रख
आशीष दे सकता हूँ,
आकाश छाती से टकराता है,
मैं जब चाहूँ बादलों में मुँह छिपा सकता हूँ।
तुम्हारे साथ रहकर
अक्सर मुझे महसूस हुआ है
कि हर बात का एक मतलब होता है,
यहाँ तक कि घास के हिलने का भी,
हवा का खिड़की से आने का,
और धूप का दीवार पर
चढ़कर चले जाने का।
तुम्हारे साथ रहकर
अक्सर मुझे लगा है
कि हम असमर्थताओं से नहीं
सम्भावनाओं से घिरे हैं,
हर दीवार में द्वार बन सकता है
और हर द्वार से पूरा का पूरा
पहाड़ गुज़र सकता है।
शक्ति अगर सीमित है
तो हर चीज़ अशक्त भी है,
भुजाएँ अगर छोटी हैं,
तो सागर भी सिमटा हुआ है,
सामर्थ्य केवल इच्छा का दूसरा नाम है,
जीवन और मृत्यु के बीच जो भूमि है
वह नियति की नहीं मेरी है।
[४]
कविता नहीं है कोई नारा
जिसे चुपचाप इस शहर की
सड़कों पर लिखकर घोषित कर दूं
कि 'क्रांति हो गयी'
न ही बचपना
कि किसी चिड़िया पर रंग फेंक कर
चिल्लाने लगूं
'अब यह मेरी है'।
ज़बान कटी औरत की तरह
वह मुझे अंक में भरती है
और रोने लगती है
एक स्पर्श से अधिक
मुझे कुछ नहीं रहने देती
मेरे हर शब्द को
अपमानजनक बना देती है
जितना ही मैं कहना चाहता हूं
स्पर्श उतना ही कोमल होता जाता है
शब्द उतने ही पाषाणवत
अगर मेरी धमनियों में जलती है
पर शब्दों में नहीं ढल पाती
मुझे एक चाकू दो
मैं अपनी रगें काटकर दिखा सकता हूं
कि कविता कहां है
शेष सब पत्थर हैं
मेरी कलम की नोंक पर ठहरे हुए
लो, लो मैं उन्हें तुम सब पर फेंकता हूं
तुम्हारे साथ मिलकर
हर उस चीज़ पर फेंकता हूं
जो हमारी तुम्हारी
विवशता का मज़ाक उड़ाती है
मैं जानता हूं पथराव से मुझे कुछ नहीं होगा
न कविता से ही
कुछ हो या न हो
हमें अपना ही होना प्रमाणित करना है।
