सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल ज़िंदगानी फिर कहाँ
ज़िंदगी गर कुछ रही तो ये जवानी फिर कहाँ
ये मशहूर शेर है ख़्वाजा मीर दर्द का. मेरे दर्द के इस शेर को अपने जरूर पढ़ा होगा. यात्रा को लेकर हर भाषा में साहित्य गढ़ा गया है. मनुष्य के जीवन को प्रभावित करने वाली लगभग हर क्रिया, कार्य अथवा घटना का वर्णन साहित्य में किया गया है. साहित्य का उद्देश्य होता है कि अनुभव के आधार मानव के जीवन को पहले से बेहतर बनाना, उसे सही राह दिखाना. जिस तरह, प्रेम, विरह वेदना, राजनीति, धार्मिक व सामाजिक संदर्भो का वर्णन साहित्यकारों ने किया है ठीक उसी प्रकार यात्रा के सन्दर्भ में भी साहित्यकारों ने रचनाएँ रची है. इन रचनाओं को साहित्य में यात्रा साहित्य या यात्रा वृतांत के नाम से जाना जाता है. अपने जीवन काल में हर आदमी कभी-न-कभी कोई-न-कोई यात्रा अवश्य करता है लेकिन सृजनात्मक प्रतिभा के धनी अपने यात्रा अनुभवों को पाठकों के सम्मुख प्रस्तुत कर यात्रा-साहित्य की रचना करने में सक्षम हो पाते हैं। यात्रा-साहित्य का उद्देश्य लेखक के यात्रा अनुभवों को पाठकों के साथ बाँटना और पाठकों को भी उन स्थानों की यात्रा के लिए प्रेरित करना है. स्थानों की प्राकृतिक विशिष्टता, सामाजिक संरचना, सामाज के विविध वर्गों के सह-संबंध, वहाँ की भाषा, संस्कृति जानकारी भी यात्रा साहित्य से प्राप्त होती है.
हिंदी साहित्य में अन्य गद्य विधाओं की भाँति ही भारतेंदु-युग से यात्रा-साहित्य का आरंभ माना जा सकता है। उनके संपादन में निकलने वाली पत्रिकाओं में ‘हरिद्वार’, ‘लखनऊ’, ‘जबलपुर’, ‘सरयूपार की यात्रा’, ‘वैद्यनाथ की यात्रा’ और ‘जनकपुर की यात्रा’ आदि यात्रा-साहित्य प्रकाशित हुआराहुल सांकृत्यायान :- यात्रा-साहित्य के विकास में राहुल सांकृत्यायान का योगदान अतुलनीय है. इतिवृत्त-प्रधान शैली होने के बावजूद गुणवत्ता और परिमाण की दृष्टि से इनके यात्रा-वृतांतों की तुलना में कोई अन्य लेखक इनके समक्ष नहीं दिखा . ‘मेरी तिब्बत यात्रा’, ‘मेरी लद्दाख यात्रा’, ‘किन्नर देश में’, ‘रूस में 25 मास’, ‘तिब्बत में सवा वर्ष’, ‘मेरी यूरोप यात्रा’, ‘यात्रा के पन्ने’, ‘जापान, ईरान, एशिया के दुर्गम खंडों में’ आदि इनके कुछ प्रमुख यात्रा-वृतांत हैं. राहुल सांकृत्यायन के यात्रा-साहित्य में दो प्रकार की दृष्टि देखने को मिलती है. उनके एक प्रकार के यात्रा साहित्य में यात्राओं का केवल सामान्य वर्णन है और दूसरे प्रकार के यात्रा-साहित्य को शुद्ध साहित्यिक कहा जा सकता है. इस दूसरे प्रकार के यात्रा-साहित्य में राहुल सांकृत्यायन ने स्थान के साथ-साथ अपने समय को भी लिपिबद्ध किया है. सन् 1948 में इन्होंने ‘घुम्मकड़ शास्त्र’ नामक ग्रन्थ की रचना की जिससे यात्रा करने की कला को सीखा जा सकता है. इनका अधिकांश यात्रा-साहित्य सन् 1926 से 1956 के बीच लिखा गया.
हिंदी साहित्य के कवि-कथाकार अज्ञेय का नाम यात्रा साहित्यकारों में बड़े सम्मान से लिया जाता है. अज्ञेय अपने यात्रा-साहित्य को यात्रा-संस्मरण कहना पसंद करते थे. इससे उनका आशय यात्रा-वृतांतों में संस्मरण का समावेश कर देना था. उनका मानना था कि यात्राएँ न केवल बाहर की जाती हैं बल्कि वे हमारे अंदर की ओर भी की जाती हैं. अज्ञेय गूढ़ता के अन्वेषक रहे है .‘अरे यायावर रहेगा याद’ (सन् 1953) और ‘एक बूँद सहसा उछली’ (सन् 1960) उनके द्वारा लिखित यात्रा-साहित्य की प्रसिद्ध कृतियाँ हैं. ‘अरे यायावर रहेगा याद’ में उनके भारत भ्रमण का वर्णन है और दूसरी पुस्तक ‘एक बूँद सहसा उछली में’ उनकी विदेशी यात्राओं को शब्दबद्ध किया गया है. अज्ञेय के यात्रा-साहित्य की भाषा गद्य भाषा के नए मुकाम तक ले जाती है.
मोहन राकेश ने यात्रा-साहित्य को नए अर्थों से समन्वित किया है . उनके द्वारा लिखित ‘आखिरी चट्टान तक’ (सन् 1953) में दक्षिण भारत का विस्तार से वर्णन किया गया है. दक्षिण भारतीय जीवन पद्धति के विविध बिम्बों को मोहन राकेश ने यथावत प्रस्तुत कर दिया है. इनके यात्रा-साहित्य की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें कहानी की-सी रोचकता और नाटक का-सा आकर्षण देखा जा सकता है.
यात्रा साहित्य में निर्मल वर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने ‘चीड़ों पर चाँदनी’ (सन् 1964) में यूरोपीय जीवन के चित्रों को उकेरा है. निर्मल वर्मा के यात्रा-साहित्य में न केवल अपने समय का वर्णन रहता है बल्कि इतिहास और संस्कृति के अनेक बिंदुओं को भी इसमें अभिव्यक्ति भी देखने को मिलती है.
स्वतंत्रता के बाद हिंदी साहित्य में यात्रा-साहित्य का सृजन धीरे धीरे बढ़ने लगा. कई प्रगतिशील लेखकों ने यात्रा साहित्य को समृिद्ध प्रदान की. रामवृक्ष बेनीपुरी कि रचना ‘पैरों में पंख बाँधकर’ (सन् 1952) तथा ‘उड़ते चलो उड़ते चलो’, यश्पाल कृत ‘लोहे की दीवार के दोनों ओर’ (सन् 1953), भगवतशरण उपाध्याय कृत ‘कलकत्ता से पेकिंग तक’ (सन् 1953) तथा ‘सागर की लहरों पर’ (सन् 1959), प्रभाकर माचवे कृत ‘गोरी नज़रों में हम’ (सन् 1964) उल्लेखनीय हैं.
यायावरी मनुष्य को नई ऊर्जा देती है. मनुष्य और घुमक्कड़ी का पुराना रिश्ता रहा है. मानव मन के अंदर यात्रा व नए विषयों को जानने कि जो जिज्ञासा होती है उसे यात्रा वृतांत साहित्यकार काफी हद तक पूरी करते है.
.
