अब से दो दशक पहले तक चिट्ठियों का विशेष महत्व था. उस समय संचार का माध्यम जरूर सुलभ और सहज नहीं था लेकिन तब के समय में सन्देश भेजना या मिलना प्यार और भावना से भरा होता था. पत्र जीवन का अभिन्न हिस्सा थे। डाकिये की पुकार सुनकर लोग दौड़े आते थे. बच्चे तो डाकिये के सायकल के पीछे पीछे भागते थे.
पोस्टकार्ड और अंतर्देशीय पत्र साधारण पत्राचार के माध्यम थे। परदेश में रहने वाले प्रियजनों द्वारा भेजी गई चिट्ठियाँ मन को शांति और सुखद अहसास पहुँचाती थीं। प्रेम पत्र तो विशेष रूप से एक सम्पत्ति की तरह होते थे, जिन्हें ध्यानपूर्वक संजोया और बार-बार पढ़ा जाता था। चिट्ठियों वाले दौर का प्रेम धैर्य, विश्वास और भावनाओं का पुल हुआ करता था. उस प्रेम में आज की जैसी बेचैनी नही थी. इंटरनेट के इस दौर में तो अगर किसी को किसी को कुछ मिनट जवाब नहीं दिया तो रिश्ते टूट जाते हैं. लेकिन तब के समय के प्रेम में एक दूसरे के प्रति अटूट विश्वास की डोर थी. हफ़्तों महीनो तक चिट्ठी आने का इंतजार हुआ करता था. और ये इंतजार व उत्सुकता प्रेम को और मजबूत करती थी.
उस समय में साहित्य और समाज का संवाद भी बेहद शुद्ध और मौलिक था। किसी लेखक के रचना की तारीफ या आलोचना पत्रों के माध्यम से की जाती थी. विचार-विमर्श के लिए पत्राचार मुख्य माध्यम बनता था। हरिवंश राय बच्चन, जिन्हें हिंदी साहित्य का गौरव माना जाता है, वे पत्र लेखन परंपरा में अद्वितीय रूप से प्रसिद्ध हैं । उनके लिखे गए अनगिनत पत्र आज भी संवाद और संजीवनी के रूप में हमें प्रेरित करते हैं। बच्चन के लिखे पत्रों का संग्रह करके पुस्तकें भी प्रकाशित हुईं हैं.
पत्र लेखन की कला में रामविलास शर्मा, केदारनाथ अग्रवाल, सियारामशरण गुप्त, आदि उल्लेखनीय हैं. धर्मवीर भारती के पत्र पुष्पा भारती के नाम, अज्ञेय के पत्र, मुंशी प्रेमचन्द के पत्र संग्रह निश्चित रूप से पढ़े जाने चाहिए. आज विश्व डाक दिवस पर कविशाला आपके साथ साझा कर रहा है कुछ चुनिंदा लेखकों के पत्रों (चिट्ठियों) का संग्रह. जिन्हे पढ़कर आप भावुक और रोमांचित हो उठेंगे.
हिन्दी साहित्य के प्रमुख पत्र/पत्र संग्रह(संकलन) एवं उनके लेखक
महात्मा और कवि - सव्यसाची भट्टाचार्य
चिट्ठी-पत्री - प्रेमचन्द
दुर्लभ पत्रों का संग्रह– महावीर प्रसाद द्विवेदी
पंत के दो सौ पत्र बच्चन के नाम- हरिवंशराय बच्चन
निराला की साहित्य साधना- डॉ रामविलास शर्मा
अक्षर-अक्षर यज्ञ (धर्मवीर भारती के पत्रों का संकलन) -पुष्पा भारती:
चिठ्ठियाँ हो तो हर कोई बाँचें (रेणु के पत्रों का संग्रह) - भारत यायावर
नागार्जुन के पत्र- नरेंद्र कोहली:
दिनकर के पत्र - कन्हैयालाल फूलफगर
यूरोप के पत्र– डॉ. धीरेन्द्र वर्मा
अनमोल पत्र– सत्यभक्त स्वामी
प्राचीन हिन्दी पत्र संग्रह– बनारसीदास चतुर्वेदी तथा हरिशंकर शर्मा
फाइल और प्रोफाइल– बेचन शर्मा
बच्चन पत्रों में– जीवन प्रकाश जोशी
हिंदी साहित्य में पत्र साहित्य विशेष रूप से उल्लिखित या चर्चित नहीं हैं. फिर भी आधुनिक समय में पुराने साहित्यकारों के पत्रों का संग्रह, संकलन व पुस्तक के रूप में प्रकाशन का काफी मात्रा में विस्तार हुआ है.हालाँकि वर्णित है हिंदी साहित्य का पहला पत्र मुंशी राम ने 1904 में प्रकाशित करवाया था. हिंदी साहित्य की ये विद्या अन्य विद्याओं जितनी चर्चित और लोकप्रिय नहीं रही. हालाँकि आज के समय में पाठक "पत्र साहित्य" में रूचि ले रहें हैं. और आज के समय में "पत्र संग्रह/संकलन". पढ़े व सराहे जा रहे हैं.
