वह चिड़िया जो-
चोंच मार कर
चढ़ी नदी का दिल टटोल कर
जल का मोती ले जाती है
वह छोटी गरबीली चिड़िया
नीले पंखों वाली मैं हूँ
मुझे नदी से बहुत प्यार है.
[Kavishala Labs] ये कविता लिखी है केदारनाथ अग्रवाल ने. यूँ तो प्रकृति प्रेम में कई कवियों ने कविताएं लिखी हैं. लेकिन केदारनाथ अग्रवाल की कविताओं में प्रकृति प्रेम की जो बारीकी देखने को मिलती है वो बारीकी किसी अन्य कवि की कविताओं में नहीं मिलती. केदारनाथ अग्रवाल प्रकृति प्रेम में नदी से बात करते हैं.
आज नदी बिलकुल उदास थी।
सोई थी अपने पानी में,
उसके दर्पण पर
बादल का वस्त्र पड़ा था।
मैंने उसको नहीं जगाया,
दबे पांव घर वापस आया।
केन नदी पर लिखी ये कविता केदारनाथ अग्रवाल के प्रकृति प्रेम की गहराई का साक्ष्य है. उन्होने लय ,रस व भाव की चेतना को बड़ी मार्मिकता से इस कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया है. जहाँ भाव है वहां जीवन है. वे हर जगह जीवन ढूंढते है. फिर वह चाहे नदी हो, पेड़ हो, हवा हो, बादल हो या फिर पत्थर.
केदारनाथ अग्रवाल (1 अप्रैल 1911 - 22 जून 2000) प्रमुख हिन्दी कवि थे. उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के कमासिन गाँव में उनका जन्म हुआ था. बाँदा बुंदेलखंड क्षेत्र में आता है. बुंदेलखंड का क्षेत्र अपनी वीरता और संस्कृति के लिए विश्व प्रसिद्ध है. केदारनाथ जी के जीवन का अधिकांश समय गाँव में ही बीता. केन नदी, लहराते खेत, चिड़ियों का कलरव, बैलों की घंटियों की आवाज उनके जीवन में रच बस गए थे.
जहाँ एक ओर उन्हें प्रकृति से असीम प्रेम था वहीं वे देश की राजनीति और ढुलमुल सरकारी रवैये के प्रति भी सजग थे. उन्होंने व्यवस्था पर भी अपनी कलम चलाई है. तत्कालीन देश की राजीनीति के सन्दर्भ में उन्होंने जो कहा वो आज भी सार्थक है. उन्होंने लिखा -
न आग है न पानी,
देश की राजनीति, बिना आग-पानी के खिचड़ी पकाती है,
जनता हवा खाती है।
केदारनाथ अग्रवाल इस बात से वाकिफ थे की नेता अपनी रोटी सेंकने के लिए जनता को गुमराह करते हैं. जनता को दूसरे मुद्दे में उलझा कर अपनी राजनीति चमकाना नेताओं का काम है. लेकिन केदारनाथ अग्रवाल जैसे सजग कवियों ने अपनी कविताओं से जनता को ख़बरदार किया. राजनीति पर उनकी कविता की दूसरी बानगी देखिये -
[१]
आग लगे इस राम-राज में
ढोलक मढ़ती है अमीर की
चमड़ी बजती है गरीब की
खून बहा है राम-राज में
आग लगे इस राम-राज में
[२]
आग लगे इस राम-राज में
रोटी रूठी, कौर छिना है
थाली सूनी, अन्न बिना है,
पेट धँसा है राम-राज में
आग लगे इस राम-राज में।
पढाई के दौरान ही उन्होंने कविताएँ लिखने की शुरुआत की. उनकी लेखनी में प्रयाग की प्रेरणा का बड़ा योगदान रहा है. प्रयाग के साहित्यिक परिवेश से उनके गहरे रिश्ते का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी सभी मुख्य कृतियाँ इलाहाबाद के परिमल प्रकाशन से ही प्रकाशित हुई. उन्हें सोवियत लैंड नेहरू पुरस्कार, साहित्य अकादमी पुरस्कार, हिंदी संस्थान पुरस्कार, तुलसी पुरस्कार, मैथिलीशरण गुप्त पुरस्कार आदि से सम्मानित किया गया है. उनकी कई कृतियों के अनुवाद अंग्रेज़ी, रूसी और जर्मन भाषा में हुए थे.
पढ़िए उनकी कुछ अन्य कविताएं -
[१]
संकट की राजनीति गहरी है
आदमी से
नाव बन गया हूँ मैं
न डूबने के लिए
अंधकार अच्छा है
प्रकाश से
आदमी को खतरा है
अब निर्दीप हो गया हूँ मैं
न मरने के लिए
एक-के-बाद-एक
परेशानियों के दिन
ताँता लगाए
मेरे पास आ गए खड़े हैं
मुझे परास्त करने के लिए
[२]
एक बीते के बराबर
यह हरा ठिंगना चना
बांधे मुरैठा शीश पर
छोटे गुलाबी फूल का
सजकर खड़ा है
पास ही मिलकर उगी है
बीच में अलसी हठीली
देह की पतली, कमर की है लचीली
नीले फूले फूल को सिर पर चढ़ाकर
कह रही है जो छुए यह
दूं हृदय का दान उसको
और सरसों की न पूछो
हो गई सबसे सयानी, हाथ पीले कर लिए हैं
ब्याह मण्डप में पधारी
फाग गाता मास फागुन
आ गया है आज जैसे
देखता हूं मैं स्वयंवर हो रहा है
प्रकृति का अनुराग-अंचल हिल रहा है
इस विजन में
दूर व्यापारिक नगर में
प्रेम की प्रिय भूमि उपजाऊ अधिक है...
[३]
ऐसे आओ
जैसे गिरि के श्रृंग शीश पर
रंग रूप का क्रीट लगाये
बादल आये,
हंस माल माला लहराये
और शिला तन-
कांति-निकेतन तन बन जाये।
तब मेरा मन
तुम्हें प्राप्त कर
स्वयं तुम्हारी आकांक्षा का
बन जायेगा छवि सागर,
जिसके तट पर,
शंख-सीप-लहरों के मणिधर
आयेंगे खेलेंगे मनहर,
और हँसेगा दिव्य दिवाकर।
