[Kavishala Labs] प्रेम के कवि के रूप में जाने जानेवाले कवि शमशेर बहादुर सिंह का साहित्यिक व्यक्तित्व बहुआयामी रहा है. जहाँ उन्होंने एक ओर हिंदी कविता में सार्थक नव प्रयोग किये वहीं उन्होंने हिंदी गजल को भी एक नई दिशा दी. शमशेर बहादुर सिंह आधुनिक हिंदी कविता की प्रगतिशील त्रयी के एक स्तंभ हैं.
शमशेर बहादुर सिंह (13 जनवरी 1911- 12 मई 1993 ) हिंदी कविता में अनूठे माँसल एंद्रीए बिंबों के रचयिता शमशेर आजीवन प्रगतिवादी विचारधारा से जुड़े रहे. तार सप्तक से शुरुआत कर "चुका भी नहीं हूँ मैं" के लिए साहित्य अकादमी सम्मान पाने वाले शमशेर ने कविता के अलावा डायरी लिखी और हिंदी उर्दू शब्दकोश का संपादन भी किया. शमशेर सौंदर्य के अनूठे चित्रों के स्रष्टा के रूप में हिंदी में सर्वमान्य हैं. वे स्वयं पर इलियट-एजरा पाउंड-उर्दू दरबारी कविता का रुग्ण प्रभाव होना स्वीकार करते हैं. लेकिन उनका स्वस्थ सौंदर्यबोध इस प्रभाव से ग्रस्त नहीं है.
हिंदी साहित्य में माँसल एंद्रीए सौंदर्य के अद्वीतीय रचनाकार शमशेर आजीवन प्रगतीवादी विचारधारा के समर्थक रहे. उन्होंने स्वाधीनता और क्रांति को अपनी 'निजी चीज' की तरह अपनाया. इंद्रिय-सौंदर्य के सबसे संवेदनापूर्ण चित्र देकर भी वे अज्ञेय की तरह सौंदर्यवादी नहीं है. उनमें एक ऐसा ठोसपन है जो उनकी विनम्रता को ढुलमुल नहीं बनने देता, साथ ही किसी एक चौखटे में बंधने भी नहीं देता.
शमशेर प्रेम के विराट बिंब रचते थे. छायावाद के बाद के काल में दैहिक सौंदर्य की जो छवियां शमशेर ने रचीं वैसी विरले ही देखने को मिलती हैं. अवसरवादी ढंग से विचारों को अपनाना-छोड़ना उनका काम नहीं था. शमशेर उन कवियों में थे, जिनके लिए मार्क्सवाद की क्रांतिकारी आस्था और भारत की सुदीर्घ सांस्कृतिक परंपरा में विरोध नहीं था.
मुक्तिबोध शमशेर के काव्य शिल्प की विशेषता के बारे में लिखते हैं कि -‘अपने स्वयं के शिल्प का विकास केवल वही कवि कर सकता है, जिसके पास अपने निज का कोई मौलिक विशेष हो, जो यह चाहता हो कि उसकी अभिव्यक्ति उसी के मनस्तत्वों के आकार की, उन्हीं मनस्तत्वों के रंग की, उन्हीं के स्पर्श और गंध की हों.’(शमशेर: मेरी दृष्टि में)
शमशेर ने "अपने स्वयं के शिल्प कि रचना की है. उनकी काव्य विशेषता व्यक्तित्व विकास से जुड़ी हुई है उनकी कविता में भाव, शिल्प, भाषा, बौद्धिकता का अनुपम संयोग है, जीवन के सुलझे-अनसुलझे, कहे-अनकहे पहलुओं से कोई परहेज नहीं.
शमशेर सौंदर्य के अनूठे चित्रों के स्रष्टा के रूप में हिंदी में सर्वमान्य हैं. वे स्वयं पर इलियट-एजरा पाउंड-उर्दू दरबारी कविता का रुग्ण प्रभाव होना स्वीकार करते हैं. लेकिन उनका स्वस्थ सौंदर्यबोध इस प्रभाव से ग्रस्त नहीं है. वे भाषा को भाव के रूप में देखते थे. उन्होंने हिंदी-उर्दू दोनों भाषाओँ में लिखा. भाषा के अपनेपन के सन्दर्भ में उन्होंने लिखा-
वो अपनी की बातें वो अपनों की खुशबू।
हमारी ही हिन्दी, हमारी ही उर्दू।
प्रेम, सौहार्द मानवता, सौंदर्य उनकी रचनाओं में दृष्टिगोचर होता है. हिंदी कविता में सार्थक नव प्रयोग करने और हिंदी गजल को स्थापित कर नई दिशा देने में शमशेर का योगदान अविस्मरणीय है. पढ़िए उनकी कुछ रचनाएं -
[१]
यहाँ कुछ रहा हो तो हम मुँह दिखाएँ
उन्हों ने बुलाया है क्या ले के जाएँ
कुछ आपस में जैसे बदल सी गई है
हमारी दुआएँ तुम्हारी बलाएँ
तुम एक ख़्वाब थे जिस में ख़ुद खो गए हम
तुम्हीं याद आएँ तो क्या याद आएँ
वो इक बात जो ज़िंदगी बन गई है
जो तुम भूल जाओ तो हम भूल जाएँ
वो ख़ामोशियाँ जिन में तुम हो न हम हैं
मगर हैं हमारी तुम्हारी सदाएँ
बहुत नाम हैं एक 'शमशेर' भी है
किसे पूछते हो किसे हम बताएँ
[२]
प्रात नभ था बहुत नीला शंख जैसे
भोर का नभ
राख से लीपा हुआ चौका
(अभी गीला पड़ा है)
बहुत काली सिल जरा-से लाल केशर से
कि धुल गयी हो
स्लेट पर या लाल खड़िया चाक
मल दी हो किसी ने
नील जल में या किसी की
गौर झिलमिल देह
जैसे हिल रही हो.
और…
जादू टूटता है इस उषा का अब
सूर्योदय हो रहा है.
[३]
टूटी हुई बिखरी हुई चाय
की दली हुई पाँव के नीचे
पत्तियाँ
मेरी कविता
बाल, झड़े हुए, मैल से रूखे, गिरे हुए,
गर्दन से फिर भी चिपके
... कुछ ऐसी मेरी खाल,
मुझसे अलग-सी, मिट्टी में
मिली-सी
दोपहर बाद की धूप-छाँह में खड़ी इंतजार की ठेलेगाड़ियाँ
जैसे मेरी पसलियाँ...
खाली बोरे सूजों से रफू किये जा रहे हैं...जो
मेरी आँखों का सूनापन हैं
ठंड भी एक मुसकराहट लिये हुए है
जो कि मेरी दोस्त है।
कबूतरों ने एक गजल गुनगुनायी . . .
मैं समझ न सका, रदीफ-काफिये क्या थे,
इतना खफीफ, इतना हलका, इतना मीठा
उनका दर्द था।
आसमान में गंगा की रेत आईने की तरह हिल रही है।
मैं उसी में कीचड़ की तरह सो रहा हूँ
और चमक रहा हूँ कहीं...
न जाने कहाँ।
मेरी बाँसुरी है एक नाव की पतवार -
जिसके स्वर गीले हो गये हैं,
छप्-छप्-छप् मेरा हृदय कर रहा है...
छप् छप् छप्व
वह पैदा हुआ है जो मेरी मृत्यु को सँवारने वाला है।
वह दुकान मैंने खोली है जहाँ 'प्वाइजन' का लेबुल लिए हुए
दवाइयाँ हँसती हैं -
उनके इंजेक्शन की चिकोटियों में बड़ा प्रेम है।
वह मुझ पर हँस रही है, जो मेरे होठों पर एक तलुए
के बल खड़ी है
मगर उसके बाल मेरी पीठ के नीचे दबे हुए हैं
और मेरी पीठ को समय के बारीक तारों की तरह
खुरच रहे हैं
उसके एक चुम्बन की स्पष्ट परछायीं मुहर बनकर उसके
तलुओं के ठप्पे से मेरे मुँह को कुचल चुकी है
उसका सीना मुझको पीसकर बराबर कर चुका है।
मुझको प्यास के पहाड़ों पर लिटा दो जहाँ मैं
एक झरने की तरह तड़प रहा हूँ।
मुझको सूरज की किरनों में जलने दो -
ताकि उसकी आँच और लपट में तुम
फौवारे की तरह नाचो।
मुझको जंगली फूलों की तरह ओस से टपकने दो,
ताकि उसकी दबी हुई खुशबू से अपने पलकों की
उनींदी जलन को तुम भिगो सको, मुमकिन है तो।
हाँ, तुम मुझसे बोलो, जैसे मेरे दरवाजे की शर्माती चूलें
सवाल करती हैं बार-बार... मेरे दिल के
अनगिनती कमरों से।
हाँ, तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मछलियाँ लहरों से करती हैं
...जिनमें वह फँसने नहीं आतीं,
जैसे हवाएँ मेरे सीने से करती हैं
जिसको वह गहराई तक दबा नहीं पातीं,
तुम मुझसे प्रेम करो जैसे मैं तुमसे करता हूँ।
आईनो, रोशनाई में घुल जाओ और आसमान में
मुझे लिखो और मुझे पढ़ो।
आईनो, मुसकराओ और मुझे मार डालो।
आईनो, मैं तुम्हारी जिंदगी हूँ।
एक फूल उषा की खिलखिलाहट पहनकर
रात का गड़ता हुआ काला कम्बल उतारता हुआ
मुझसे लिपट गया।
उसमें काँटें नहीं थे - सिर्फ एक बहुत
काली, बहुत लम्बी जुल्फ थी जो जमीन तक
साया किये हुए थी... जहाँ मेरे पाँव
खो गये थे।
वह गुल मोतियों को चबाता हुआ सितारों को
अपनी कनखियों में घुलाता हुआ, मुझ पर
एक जिन्दा इत्रपाश बनकर बरस पड़ा -
और तब मैंने देखा कि मैं सिर्फ एक साँस हूँ जो उसकी
बूँदों में बस गयी है।
जो तुम्हारे सीनों में फाँस की तरह खाब में
अटकती होगी, बुरी तरह खटकती होगी।
मैं उसके पाँवों पर कोई सिजदा न बन सका,
क्योंकि मेरे झुकते न झुकते
उसके पाँवों की दिशा मेरी आँखों को लेकर
खो गयी थी।
जब तुम मुझे मिले, एक खुला फटा हुआ लिफाफा
तुम्हारे हाथ आया।
बहुत उसे उलटा-पलटा - उसमें कुछ न था -
तुमने उसे फेंक दिया : तभी जाकर मैं नीचे
पड़ा हुआ तुम्हें 'मैं' लगा। तुम उसे
उठाने के लिए झुके भी, पर फिर कुछ सोचकर
मुझे वहीं छोड़ दिया। मैं तुमसे
यों ही मिल लिया था।
मेरी याददाश्त को तुमने गुनाहगार बनाया - और उसका
सूद बहुत बढ़ाकर मुझसे वसूल किया। और तब
मैंने कहा - अगले जनम में। मैं इस
तरह मुसकराया जैसे शाम के पानी में
डूबते पहाड़ गमगीन मुसकराते हैं।
मेरी कविता की तुमने खूब दाद दी - मैंने समझा
तुम अपनी ही बातें सुना रहे हो। तुमने मेरी
कविता की खूब दाद दी।
तुमने मुझे जिस रंग में लपेटा, मैं लिपटता गया :
और जब लपेट न खुले - तुमने मुझे जला दिया।
मुझे, जलते हुए को भी तुम देखते रहे : और वह
मुझे अच्छा लगता रहा।
एक खुशबू जो मेरी पलकों में इशारों की तरह
बस गयी है, जैसे तुम्हारे नाम की नन्हीं-सी
स्पेलिंग हो, छोटी-सी प्यारी-सी, तिरछी स्पेलिंग।
आह, तुम्हारे दाँतों से जो दूब के तिनके की नोक
उस पिकनिक में चिपकी रह गयी थी,
आज तक मेरी नींद में गड़ती है।
अगर मुझे किसी से ईर्ष्या होती तो मैं
दूसरा जन्म बार-बार हर घंटे लेता जाता
पर मैं तो जैसे इसी शरीर से अमर हूँ -
तुम्हारी बरकत!
बहुत-से तीर बहुत-सी नावें, बहुत-से पर इधर
उड़ते हुए आये, घूमते हुए गुजर गये
मुझको लिये, सबके सब। तुमने समझा
कि उनमें तुम थे। नहीं, नहीं, नहीं।
उसमें कोई न था। सिर्फ बीती हुई
अनहोनी और होनी की उदास
रंगीनियाँ थीं। फकत।
[४]
मेरा दिल अब आज़माया जाएगा
मुफ़्त इक महशर उठाया जाएगा
जाने-जाँ यह ज़िन्दगी होगी न जब
ज़िन्दगी से तेरा साया जाएगा
आज मैं शायद तुम्हारे पास हूँ
और किसके पास आया जाएगा
कौन मरहम दिल पे रक्खेगा भला
ज़ख़्मे - दिल किसको दिखाया जाएगा
मेरे सीने से लिपट कर सो रहो
आरज़़ूओं को सुलाया जाएगा
