[Kavishala Labs] यूँ तो हम इंसानो ने मजहब, सरहद,और भाषा के नाम पर खुद को ज़ेहनी तौर पर को बाँट रखा है. लेकिन एक ऐसी कड़ी है जो किसी भी बंदिश की परवाह किये बगैर सरहद के दोनों तरफ के लोगो को आपस में बाँध कर रखे है. वो कड़ी है अदब (साहित्य). बंदिशों को दिमाग मानता है लेकिन दिल किसी भी बंदिश में बंधने को तैयार नहीं. यही वजह है कि हिंदुस्तान-पाकिस्तान के दो मुल्को में बटने के बावजूद भी दोनों मुल्कों के लोग आपस में जुड़े हुए हैं. दोनों मुल्कों में कई शायर, साहित्यकार ऐसे हैं जिन्हे बिना किसी भेदभाव के दोनों मुल्कों के लोग दिल से पसंद करते हैं. इब्ने-इंशा ऐसे ही शायर हैं जिन्होंने दोनों मुल्को को अपनी इबारत से जोड़ रखा है. जब इब्ने इंशा की ग़ज़ले टीवी या रेडिओ पर बजती हैं तो "चाहे हिंदुस्तानी हो या पाकिस्तानी, उसका दिल इब्ने इंशा की नज्मे में झूम उठता है".  


इब्ने इंशा (15 जून 1927 - 11 जनवरी 1978 )का जन्म जालंधर में हुआ था. उनका पूरा नाम शेर मुहम्मद खान था. हिंदुस्तान-पाकिस्तान के बंटवारे के बाद वे कराची चले गए. इब्ने इंशा एक मशहूर शायर , हास्य लेखक, यात्रा-वृत्तांत लेखक थे. वे एक अज़ीम  शायर के साथ-साथ उर्दू के एक उम्दा हास्य व्यंग लेखक भी थे. 


सरहदी बंदिशों को तोड़, दिलो को जोड़ा इब्ने इंशा की ग़जलों ने:- इब्ने इंशा की ग़ज़ल को जब जगजीत सिंह ने अपनी आवाज दी तो लोग झूम उठे. उनकी ग़ज़ल "कल चौदहवीं की रात थी, शब भर रहा चर्चा तेरा" लोगो की जुबां पर बस गयी. इब्ने इंशा को सुनने और पढ़ने वाले पूरी दुनिया में हैं. लेकिन इब्ने इंशा को हर हिंदुस्तानी और पाकिस्तानी हक़ से अपना मानता है. 


उनकी ग़ज़लों और नज्मो में जहाँ एक ओर मुहब्बत की कशिश हैं तो वहीँ दूसरी ओर उनकी इबारत में गहरा दर्शन छुपा है. उन्होंने ज़िन्दगी की छोटी से छोटी और बारीक़ से बारीक़ अहसासों को बड़ी ही खूबसूरती से शब्दों में पिरोया है. उनकी ग़जलों को घुलम अली ने भी अपनी आवाज दी है. साथ ही पाकिस्तान की मशहूर गायिका आबिदा परवीन ने इब्ने इंशा की इबारत को अपनी आवाज देकर दुनिया भर में इब्ने इंशा को पहुँचाया. पेश है इब्ने इंशा की कुछ ग़ज़ले/नज्मे -

<1>
‘इंशा’ जी उठो अब कूच करो इस शहर में जी को लगाना क्या

वहशी को सुकूँ से क्या मतलब जोगी का नगर में ठिकाना क्या


इस दिल के दरीदा दामन को देखो तो सही सोचो तो सही

जिस झोली में सौ छेद हुए उस झोली का फैलाना क्या


शब बीती चाँद भी डूब चला ज़ंजीर पड़ी दरवाज़े में

क्यूँ देर गए घर आए हो सजनी से करोगे बहाना क्या


फिर हिज्र की लम्बी रात मियाँ संजोग की तो ये एक घड़ी

जो दिल में है लब पर आने दो शरमाना क्या घबराना क्या


उस रोज़ जो उन को देखा है अब ख़्वाब का आलम लगता है

उस रोज़ जो उन से बात हुई वो बात भी थी अफ़्साना क्या


उस हुस्न के सच्चे मोती को हम देख सकें पर छू न सकें

जिसे देख सकें पर छू न सकें वौ दौलत क्या वो ख़ज़ाना क्या


उस को भी जला दुखते हुए मन को इक शोला लाल भबूका बन

यूँ आँसू बन बह जाना क्या यूँ माटी में मिल जाना क्या


जब शहर के लोग न रस्ता दें क्यूँ बन में न जा बिसराम करे

दीवानों की सी बात करे तो और करे दीवाना क्या


[२]

सब माया है, 

सब ढलती फिरती छाया है 

इस इश्क़ में हम ने जो खोया जो पाया है 

जो तुम ने कहा है, 'फ़ैज़' ने जो फ़रमाया है

सब माया है...  


सब माया है 

हां गाहे गाहे दीद की दौलत हाथ आई 

या एक वो लज़्ज़त नाम है जिस का रुस्वाई 

बस इस के सिवा तो जो भी सवाब कमाया है

सब माया है... 


सब माया है 

इक नाम तो बाक़ी रहता है, गर जान नहीं 

जब देख लिया इस सौदे में नुक़सान नहीं 

तब शम्अ पे देने जान पतिंगा आया है

सब माया है... 


सब माया है 

मालूम हमें सब क़ैस मियां का क़िस्सा भी 

सब एक से हैं, ये रांझा भी ये 'इंशा' भी 

फ़रहाद भी जो इक नहर सी खोद के लाया है

सब माया है... 


क्यूं दर्द के नामे लिखते लिखते रात करो 

जिस सात समुंदर पार की नार की बात करो 

उस नार से कोई एक ने धोका खाया है?

सब माया है... 


जिस गोरी पर हम एक ग़ज़ल हर शाम लिखें 

तुम जानते हो हम क्यूंकर उस का नाम लिखें 

दिल उस की भी चौखट चूम के वापस आया है

सब माया है... 


सब माया है 

वो लड़की भी जो चाँद-नगर की रानी थी 

वो जिस की अल्हड़ आँखों में हैरानी थी 

आज उस ने भी पैग़ाम यही भिजवाया है

सब माया है... 


सब माया है 

जो लोग अभी तक नाम वफ़ा का लेते हैं 

वो जान के धोके खाते, धोके देते हैं 

हाँ ठोक-बजा कर हम ने हुक्म लगाया है 

सब माया है...


सब माया है 

जब देख लिया हर शख़्स यहाँ हरजाई है 

इस शहर से दूर इक कुटिया हम ने बनाई है 

और उस कुटिया के माथे पर लिखवाया है 

सब माया है... 


[३]

फर्ज करो ये जी की विपदा

जी से जोड़ सुनाई हो

फर्ज करो अभी और हो इतनी

आधा हमने छुपाई हो

फर्ज करो तुम्हें खुश करने के

ढूंढे हमने बहाने हों

फर्ज करो ये नैन तुम्हारे

सचमुच के मैखाने हों

फर्ज करो ये रोग हो झूठा

झूठी पीत हमारी हो

फर्ज करो इस पीत के रोग ये

सांस भी हम पर भारी हो

फर्ज करो ये जोग बिजोग का

हमने ढोंग रचाया हो

फर्ज करो बस यही हकीकत

बाकी सब कुछ भाया हो

देख मिरी जां कह गए बाहू

कौन दिलों की जाने-हू

बसती-बसती सहरा-सहरा

लाखों कर दीवाने-'हू'

जोगी भी जो नगरी-नगरी

मारे-मारे फिरते हैं

शायर भी जो मीठी बोली

बोल के मन को हरते हैं

बंजारे जो ऊंचे दामों

दिल के सौदे करते हैं

इनमें सच्चे मोती भी हैं

इनमें कंकर पत्थर भी

इनमें उथले पानी भी हैं

इनमें गहरे सागर भी

गोरी देख के आगे बढ़ना

सबका झूठा सच्चा-हू

डूबने वाली डूब गई वो

गड़ा था जिसका कच्चा-हू।


[४]

हम घूम चुके बस्ती-बन में

इक आस का फाँस लिए मन में

कोई साजन हो, कोई प्यारा हो

कोई दीपक हो, कोई तारा हो

जब जीवन-रात अंधेरी हो

इक बार कहो तुम मेरी हो।


जब सावन-बादल छाए हों

जब फागुन फूल खिलाए हों

जब चंदा रूप लुटाता हो

जब सूरज धूप नहाता हो

या शाम ने बस्ती घेरी हो

इक बार कहो तुम मेरी हो।


हाँ दिल का दामन फैला है

क्यों गोरी का दिल मैला है

हम कब तक पीत के धोखे में

तुम कब तक दूर झरोखे में

कब दीद से दिल की सेरी हो

इक बार कहो तुम मेरी हो।


क्या झगड़ा सूद-ख़सारे का

ये काज नहीं बंजारे का

सब सोना रूपा ले जाए

सब दुनिया, दुनिया ले जाए

तुम एक मुझे बहुतेरी हो

इक बार कहो तुम मेरी हो।


[५]

उमड़ते आते हैं शाम के साये

दम-ब-दम बढ़ रही है तारीकी

एक दुनिया उदास है लेकिन

कुछ से कुछ सोचकर दिले-वहशी

मुस्कराने लगा है- जाने क्यों ?

वो चला कारवाँ सितारों का

झूमता नाचता सूए-मंज़िल

वो उफ़क़ की जबीं दमक उट्ठी

वो फ़ज़ा मुस्कराई, लेकिन दिल

डूबता जा रहा है - जाने क्यों ?


अदब (साहित्य) का काम होता है जोड़ना. साहित्य नफरतों और बुराइयों को ख़त्म करती है. इब्ने इंशा जैसे शायर इस बात की पुस्टि करतें है. भले ही हम मजहब, भाषा और सरहद की दिवार से एक दूसरे को बांटने की कोशिश करते रहें. लेकिन समय-समय इब्ने इंशा जैसे शायर इन दूरियों को कम करते रहेंगे.

शा की कुछ ग़ज़ले/नज्मे -