[Stories and Poetry from the Room of IAS Officers]
वही थोड़ा-सा आदमी –
जिसे ख़बर है कि
वृक्ष अपनी पत्तियों से गाता है अहरह एक हरा गान,
आकाश लिखता है नक्षत्रों की झिलमिल में एक दीप्त वाक्य,
पक्षी आंगन में बिखेर जाते हैं एक अज्ञात व्याकरण
वही थोड़ा-सा आदमी –
अगर बच सका तो
वही बचेगा.
ऐसा व्यक्तित्व जो अपने कवि कर्म के साथ साहित्य और कलाओं के अनुरागी संस्था के रूप में भी पहचाने और माने जाते हैं। उनका होना और बने रहना साहित्य और कलाओं के सौंदर्यसंस्कार के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रेम की अनुराग की स्फूर्ति की उल्लास की दुनिया कविता में रची तो उसके बरक्स जीवन के कठोर अनुभवों का ताप भी महसूस किया। हम बात कर रहे हैं अशोक वाजपेयी की, समकालीन हिंदी साहित्य के एक प्रमुख साहित्यकार हैं। वाजपेयी जी भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक पूर्वाधिकारी हैं, परंतु एक कवि के रूप में आपकी प्रसिद्धि अधिक है। आपका जन्म 16 जनवरी 1941 को दुर्ग (छ०ग०) में हुआ। 'कहीं नहीं वहीं' काव्य संग्रह के लिए सन् 1994 में आपको भारत सरकार द्वारा साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाज़ा गया। वाजपेयी महात्मा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति भी रह चुके हैं। वर्तमान में आप ललित कला अकादमी के अध्यक्ष हैं। भोपाल में भारत भवन की स्थापना में भी आपने काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अशोक वाजपेयी के अबतक (जनवरी 2020 तक) प्रकाशित काव्य संग्रह हैं:-
- शहर अब भी संभावना है
- एक पतंग अनंत में
- अगर इतने से
- तत्पुरुष
- कहीं नहीं वहीं
- बहुरि अकेला
- थोड़ी-सी जगह
- घास में दुबका आकाश
- आविन्यो
- जो नहीं है
- अभी कुछ और
- समय के पास समय
- कहीं कोई दरवाजा
- दुःख चिट्ठीरसा है
- पुनर्वसु
- विवक्षा
- कुछ रफू कुछ थिगड़े
- इस नक्षत्रहीन समय में
- कम से कम
- हार-जीत
काव्य संकलन
- प्रतिनिधि कविताएँ
- कवि ने कहा
- खुल गया है द्वार एक
अशोक वाजपेयी की कुछ कविताएं जो रोजाना की चीजों के बारे में बात करती हैं:
[टोकनी - अशोक वाजपेयी]
यकायक पता चला कि टोकनी नहीं है
पहले होती थी
जिसमें कई दुख और
हरी-भरी सब्ज़ियाँ रखा करते थे
अब नहीं है...
दुख रखने की जगहें
धीरे-धीरे कम हो रही हैं ।
[छाता - अशोक वाजपेयी]
छाते से बाहर ढेर सारी धूप थी
छाता-भर धूप सिर पर आने से रुक गई थी
तेज़ हवा को छाता
अपने-भर रोक पाता था
बारिश में इतने सारे छाते थे
कि लगता था कि लोग घर बैठे हैं
और छाते ही सड़क पर चल रहे हैं
अगर धूप, तेज़ हवा और बारिश न हो
तो किसी को याद नहीं रहता
कि छाते कहाँ दुबके पड़े हैं
[जूते - अशोक वाजपेयी]
जूते वहीं थे
उनमें पैर नहीं थे
बीच-बीच में उनमें फफूंद लग जाता था
क्योंकि कोई पहनता नहीं था
निरुपयोग से वे कुछ सख़्त भी पड़ गए थे,
उनके तलों में धूल या कीचड़ नहीं लगा था
उन्हें कोई हटाता नहीं था
क्योंकि वे दिवंगत पिता के थे
फिर एक दिन वो बिला गए,
शायद अँधेरे में मौक़ा पाकर
वे ख़ुद ही अंत की ओर चले गए
[पत्ती - अशोक वाजपेयी]
जितना भर हो सकती थी
उतना भर हो गई पत्ती
उससे अधिक हो पाना उसके बस में न था
न ही वृक्ष के बस में
जितना काँपी वह पत्ती
उससे अधिक काँप सकती थी
यह उसके बस में था
होने और काँपने के बीच
हिलगी हुई वह एक पत्ती थी
[विदा - अशोक वाजपेयी]
तुम चले जाओगे
पर थोड़ा-सा यहाँ भी रह जाओगे
जैसे रह जाती है
पहली बारिश के बाद
हवा में धरती की सोंधी-सी गंध
भोर के उजास में
थोड़ा-सा चंद्रमा
खंडहर हो रहे मंदिर में
अनसुनी प्राचीन नूपुरों की झंकार|
तुम चले जाओगे
पर थोड़ी-सी हँसी
आँखों की थोड़ी-सी चमक
हाथ की बनी थोड़ी-सी कॉफी
यहीं रह जाएँगे
प्रेम के इस सुनसान में|
तुम चले जाओगे
पर मेरे पास
रह जाएगी
प्रार्थना की तरह पवित्र
और अदम्य
तुम्हारी उपस्थिति,
छंद की तरह गूँजता
तुम्हारे पास होने का अहसास|
तुम चले जाओगे
और थोड़ा-सा यहीं रह जाओगे|
[सूर्य - अशोक वाजपेयी]
चंपे के फूल मुंह उठाए
देखते हैं सूर्य की ओर¸
तार पर बैठी एक चिड़िया
ताकती है सूर्योदय¸
जाड़े में सरदी से कुकुड़ता
एक बच्चा उम्मीद से
बैठता है धूप में।
अपनी धुरी पर स्थिर और अचल
सूर्य
देखता है फूल को¸ चिड़िया को¸
बच्चे को
अपने ही प्रताप से
पकती फ़सलों को
सूर्य को नहीं सूझ पड़ती
वनस्पतियां¸ लोग और
रंभाते–जमुहाते पशुओं की कतारें
सूर्य ऊपर की ओर देखता है
शून्य में¸ अन्यमनस्क
सूर्य के धधकते अंतस में
बैठा है अंधेरा
सूर्य को दिखाई नहीं देता
धूप न सूर्य की नन्हीं उंगलियां हैं
न आंखें
धूप सिर्फ़ दृष्टि है
सब पर बिखरी पर कुछ भी न देख पाती
एक नेत्रहीन की।
[फिर घर - अशोक वाजपेयी]
माँ को कैसे पता चलेगा
इतने बरसों बाद
हम फिर उसके घर आए हैं?
कुछ पल उसको अचरज होगा
चेहरे पर की धूल-कलुष से विभ्रम भी –
फिर पहचानेगी
हर्ष-विषाद में डूबेगी-उतराएगी।
नहीं होगा उसका घर
विष्णुपदी के पास
याकि हरिचंदन और पारिजात की देवच्छाया में
वहाँ भी ले रखी होगी उसने
किराए से रहने की जगह
वैसे ही भरे-पूरे मुहल्ले और
उसके शोर-गुल में।
फिर पिता आएंगे शाम को घूमकर
और हमेशा की तरह बिना कुछ बोले
हमें देखेंगे और मेज पर लगा रात का खाना खाएंगे
और खखूरेंगे अलमारी में कोई मीठी चीज़।
हम थककर सो जाएंगे
अगले दिन जागेंगे तो ऐसे
हम एक घर छोड़कर
दूसरे घर जाएंगे
ऐसे जैसे कि वही घर हो।
पढ़िए अशोक वाजपेयी नका कविता संग्रह!
सिर्फ शब्दों से नहीं, बिना छुए उसे छूकर, बिना चूमे उसे चूमकर बिना घेरे उसे बाँहों में घेरकर, दूर से उसे पँखुरी-पँखुरी खोलते हुए बिना देखे उसे दृश्य करते हुए मैंने उससे कहा।
