मन को छू जाये, क्या नजारा है
धरा स्वर्ग, आकाशीय तारा है
डेरे काले बदरा मानो केश
चलो, फ़िज़ा ने खुद को संवारा है
-राज सरगम
प्रकृति जीवन की सबसे सुंदर कविता है , जो हर पल अपनी अनगिनत छवियों से हमें मंत्रमुग्ध कर देती है । सूरज की पहली किरण से लेकर चांदनी तक, खुले खेतों की हरियाली, बगीचों की खुशबू , जंगलों का सन्नाटा , पहाड़ों की ऊंचाइयां , कल - कल करती नदियां , समुद्र की लहरें , पेड़ों पर चहचहाते पक्षी और ताजे फूलों की खुशबू , ये सब मिलकर इस धरती का एक अद्भुत चित्र पेश करते हैं । यह हमारे जीवन का आधार है , जो हमारे अस्तित्व के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराती है । इसलिए इस धरती पर जीवन संभव है । इस ब्रह्मांड में वैसे तो कई ग्रह हैं , लेकिन प्रकृति के अभाव में वहां जीवन संभव नहीं है । प्रकृति हमें न सिर्फ जीवनदायी तत्व उपलब्ध कराती है , बल्कि भावनात्मक शांति भी प्रदान करती है। अगर भारतीय समाज की बात करें तो भारतीय संस्कृति में प्रकृति का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है । यहां प्रकृति को न सिर्फ संसाधनों का स्रोत माना जाता है , बल्कि इसे देवी-देवताओं के समान देवतुल्य भी माना जाता है। भारत की विविध प्राकृतिक संपदा सदियों से यहां के निवासियों के लिए आस्था और जीवन का केंद्र रही है। गंगा , यमुना और सरस्वती जैसी नदियों को देवी के रूप में पूजा जाता है , हिमालय पर्वत को देवताओं का निवास माना जाता है और पीपल , तुलसी और बरगद जैसे वृक्ष विशेष धार्मिक महत्व रखते हैं । ऋग्वेद से लेकर उपनिषदों तक भारतीय धार्मिक ग्रंथों में प्रकृति के विभिन्न तत्वों की महिमा का वर्णन किया गया है । अनुष्ठानों और पूजा में प्राकृतिक तत्वों का उपयोग और उनका सम्मान भारतीय धार्मिक प्रथाओं का एक अभिन्न अंग है । प्रकृति के संरक्षण का संदेश भारतीय संस्कृति में गहराई से समाया हुआ है । कई भारतीय त्योहार प्रकृति से जुड़े हैं , जैसे मकर संक्रांति , वसंत पंचमी, होली और दिवाली, जो मौसमी बदलावों और कृषि चक्रों पर आधारित हैं प्रकृति के ऊपर लिखी हुई कुछ प्रसिद्ध रचनाएँ:
संध्या
कहो, तुम रूपसि कौन?
व्योम से उतर रही चुपचाप
छिपी निज छाया-छबि में आप,
सुनहला फैला केश-कलाप,
मधुर, मंथर, मृदु, मौन!
मूँद अधरों में मधुपालाप,
पलक में निमिष, पदों में चाप,
भाव-संकुल, बंकिम, भ्रू-चाप,
मौन, केवल तुम मौन!
ग्रीव तिर्यक, चम्पक-द्युति गात,
नयन मुकुलित, नत मुख-जलजात,
देह छबि-छाया में दिन-रात,
कहाँ रहती तुम कौन?
अनिल पुलकित स्वर्णांचल लोल,
मधुर नूपुर-ध्वनि खग-कुल-रोल,
सीप-से जलदों के पर खोल,
उड़ रही नभ में मौन!
लाज से अरुण-अरुण सुकपोल,
मदिर अधरों की सुरा अमोल,--
बने पावस-घन स्वर्ण-हिंदोल,
कहो, एकाकिनि, कौन?
मधुर, मंथर तुम मौन?
-सुमित्रा नंदन पंत
बसंत आने को है
दीपशिखा के चंचल चरण
करने चले है फागुन वरण
शीतल ज्वाला से अपनी
सौरभ मधु बरसाने को है
सुना है ! बसंत आने को है !!
हर इक मन में उमंग प्रवाह
शीतलता करती मधुर दाह
मनभावन सौंदर्यता से अब
मनवा मधुर लुभाने को है
सुना है ! बसंत आने को है !!
अमवा के अंकुर पनपने लगे,
पुष्प टेसू, सरसों खिलने लगे,
नए दौर के नए किस्से देकर,
पुरानी पाती विदा होने को है
सुना है ! बसंत आने को है !!
-डी के निवातिया
प्रकृति संदेश
पर्वत कहता शीश उठाकर,
तुम भी ऊँचे बन जाओ।
सागर कहता है लहराकर,
मन में गहराई लाओ।
समझ रहे हो क्या कहती हैं
उठ उठ गिर गिर तरल तरंग
भर लो भर लो अपने दिल में
मीठी मीठी मृदुल उमंग!
पृथ्वी कहती धैर्य न छोड़ो
कितना ही हो सिर पर भार,
नभ कहता है फैलो इतना
ढक लो तुम सारा संसार!
-सोहनलाल द्विवेदी
प्रकृति हमारे जीवन का एक अभिन्न और अनमोल हिस्सा है। इसे संरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है। यदि हम अपनी पृथ्वी को हरा-भरा और स्वच्छ रखेंगे, तो हमारा वर्तमान और भविष्य दोनों ही खुशहाल होगा। इसके साथ ही, हमारी आने वाली पीढ़ियों का जीवन भी सुखद रहेगा |
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
