साक्षरता केवल व्यक्तिगत विकास का ही प्रश्न नहीं है, बल्कि यह समाज के विकास का आधार भी है। एक साक्षर समाज अधिक सशक्त होता है, वह तर्कसंगत निर्णय ले सकता है और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहता है। आज के इस सूचना के युग में साक्षर होना बेहद ज़रूरी है। साक्षरता हमें नई तकनीकों को अपनाने, नई चुनौतियों का सामना करने और एक बेहतर भविष्य का निर्माण करने में सहायक होती है। कल्पना कीजिए, ऐसे समाज की जहाँ हर व्यक्ति अपने आसपास की दुनिया को पढ़ और समझ सकता हो। हर कोई अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त कर सके। ज्ञान की कोई सीमा न हो और हर व्यक्ति अपने सपनों को साकार करने के लिए स्वतंत्र हो। यह वह समाज है जिसकी हम कल्पना करते हैं और जिसके लिए हम प्रयास करते हैं। हर वर्ष 8 सितंबर को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की शुरुआत 1966 में हुई थी, जब संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) ने इस दिन का ऐलान किया। यह दिन शिक्षा के महत्व और सभी के लिए साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया था। 1967 में पहली बार मनाए गए इस दिवस ने दुनिया भर में साक्षरता के महत्व को उजागर किया। यह दिन न केवल शिक्षा के अधिकार को मान्यता देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि साक्षरता स्वतंत्रता और मानवाधिकारों के लिए कितना आवश्यक है। इस दिन का मुख्य उद्देश्य साक्षरता की अहमियत पर ध्यान केंद्रित करना और इसके प्रति जागरूकता का प्रसार करना है। साक्षरता केवल पढ़ने और लिखने की ही क्षमता नहीं है, बल्कि यह लोगों को बेहतर जीवन जीने, समाज में सक्रिय भूमिका निभाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने में मदद करती है।
इस वर्ष साक्षरता दिवस का विषय "बहुभाषी शिक्षा: आपसी समझ और शांति के लिए साक्षरता" है, जो हमें विविध भाषाओं और संस्कृतियों के माध्यम से एकजुट होने का आग्रह करता है। आज के इस आधुनिक युग में, जहाँ पूरा विश्व तकनीकों के माध्यम से एक साथ जुड़ रहा है, भाषाओं का महत्व और भी बढ़ जाता है। बहुभाषी शिक्षा का महत्व इस बात में निहित है कि यह विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के बीच संवाद का पुल बनाता है। इससे लोग एक-दूसरे की बात समझते हैं और नफरत व भेदभाव को कम करने में मदद मिलती है। बहुभाषी शिक्षा न केवल सामाजिक समरसता की दिशा में योगदान करती है, बल्कि यह व्यक्तिगत विकास का भी माध्यम है।
यदि हम भारत में साक्षरता की बात करें तो भारतीय राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार भारत में साक्षरता दर में निश्चित रूप से सुधार हुआ है। भारत में 2011 में साक्षरता दर 73 प्रतिशत था जो की 2022 में बढ़कर 77.7 प्रतिशत हो गई है। लेकिन अभी भी वैश्विक स्तर पर हम पीछे हैं। 2022 के आंकड़े बताते हैं कि देश की कुल साक्षरता दर 77.7% है, लेकिन पुरुषों और महिलाओं के बीच काफी अंतर है। पुरुषों की साक्षरता दर 84.7% है, जबकि महिलाओं की केवल 70.3% है। राज्यों के स्तर पर भी काफी अंतर देखने को मिलता है, जहां केरल जैसा राज्य 94% साक्षरता दर के साथ शीर्ष पर है, वहीं बिहार जैसे राज्य 61.8% के साथ सबसे नीचे हैं। शहरी क्षेत्रों में साक्षरता दर ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में अधिक है। सरकार ने देश की साक्षरता दर बढ़ाने के लिए कई योजनाएं की शुरुआत की है, जैसे राष्ट्रीय साक्षरता मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, पढ़े भारत, बढ़े भारत, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान आदि, लेकिन अभी भी बहुत काम करने की आवश्यकता है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और महिलाओं में साक्षरता दर को बढ़ाने के लिए अधिक प्रयास किए जाने चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस हमें यह याद दिलाता है कि शिक्षा एक मूलभूत अधिकार है। आइए, हम सब मिलकर एक साक्षर और शिक्षित समाज का निर्माण करें, जहाँ हर व्यक्ति को अपनी आवाज़ उठाने का अवसर मिले। ज्ञान की रोशनी से हम सबको मिलकर एक बेहतर भविष्य की ओर बढ़ना है। शिक्षित समाज ही एक सशक्त समाज की नींव होती है, और इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए हमें सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
