दुःखद समाचार: गंगा जमुनी तहजीब के झंडाबरदार, मुज़फ्फरनगर के नामचीन शायर अशोक साहिल का निधन हो गया है। अशोक साहिल लम्बे वक्त से बीमार थे, साहित्य जगत का बड़ा नुक़सान! मालूम नहीं 2020 हमसे कितने अज़ीज़ों को छीनेगा!


पढ़िए उनके कुछ शेर:

उर्दू के चंद लफ़्ज़ हैं जब से ज़बान पर

तहज़ीब मेहरबाँ है मिरे ख़ानदान पर


दिल की बस्ती में उजाला ही उजाला होता

काश तुम ने भी किसी दर्द को पाला होता


ग़ज़ल 

#1:

मेरी तरह ज़रा भी तमाशा किए बग़ैर 

रो कर दिखाओ आँख को गीला किए बग़ैर 


ग़ैरत ने हसरतो का गरेबाँ पकड़ लिया 

हम लौट आए अर्ज़-ए-तमन्ना किए बग़ैर 


चेहरा हज़ार बार बदल लीजिए मगर 

माज़ी तो छोड़ता नहीं पीछा किए बग़ैर 


कुछ दोस्तों के दिल पे तो छुरियाँ सी चल गईं 

की उस ने मुझ से बात जो पर्दा किए बग़ैर 


#2:

अब इस से पहले कि दुनिया से मैं गुज़र जाऊँ 

मैं चाहता हूँ कोई नेक काम कर जाऊँ 


ख़ुदा करे मिरे किरदार को नज़र न लगे 

किसी सज़ा से नहीं मैं ख़ता से डर जाऊँ 


ज़रूरतें मेरी ग़ैरत पे तंज़ करती हैं 

मिरे ज़मीर तुझे मार दूँ कि मर जाऊँ 


बहुत ग़ुरूर है बच्चों को मेरी हिम्मत पर 

मैं सर झुकाए हुए कैसे आज घर जाऊँ 


मिरे अज़ीज़ जहाँ मुझ से मिल न सकते हों 

तो क्यूँ न ऐसी बुलंदी से ख़ुद उतर जाऊँ