लोकतंत्र मजबूत बनाकर, भारत का उत्थान करें।

 जाति-धर्म की तोड़ दीवारें, आओ हम मतदान करें॥

 चोर-उचक्के-बाहुबली जो, उनसे हमें न डरना है।

 शिक्षित जो सुख-दुःख में शामिल, ऐसे प्रतिनिधि चुनना है।

 गाँव-गाँव अरु शहर-शहर में, घर-घर जन अभियान करें।

 जाति-धर्म की तोड़ दीवारें, आओ हम मतदान करें॥ 

कोई हमको लालच दे गर, नहीं जाल में फँसना है।

 अपनी बुद्धि-विवेक-ज्ञान से, उत्तम निर्णय करना है। 

अमन-चैन के फूल खिलाकर, मनमोहक उद्यान करें। 

जाति-धर्म की तोड़ दीवारें, आओ हम मतदान करें॥

 मंदिर-मस्जिद वाला मुद्दा, पांच साल में उठता है।

 भूत सियासी बड़ा भयंकर, शीश सभी के चढ़ता है।

 विकट समस्या इसका कोई, सीधा सरल निदान करें।

 जाति-धर्म की तोड़ दीवारें, आओ हम मतदान करें॥

 संसद की महती गरिमा को, तार-तार जो करते हैं।

 लोकतंत्र के मंदिर में जो, नंगा नर्तन करते हैं।

 उन्हें नहीं हम जाने देंगे, शपथ सहित ऐलान करें।

 जाति-धर्म की तोड़ दीवारें, आओ हम मतदान करें॥