1897 में आज के ही दिन यानी 11 जून को क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल का जन्म हुआ था. वो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पैदा हुए थे. ऐतिहासिक काकोरी कांड में बिस्मिल की भी गिरफ्तारी हुई थी. फिर उन्हें गोरखपुर की जेल में फांसी पर चढ़ा दिया गया.

बिस्मिल बहुत अच्छे साहित्यकार थे. वो बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे. उनमें संवेदनशील कवि, शायर, साहित्यकार और इतिहासकार के साथ एक अच्छा अनुवादक भी था. लेखन के लिए बिस्मिल ने अपना अलग उपनाम रखा था और कविता करने के लिए अलग. ये दोनों उपनाम ‘राम’ और ‘अज्ञात’ थे.

30 साल के जीवन में 11 किताबें लिखीं

आप ये जानकर हैरान होंगे कि उन्होंने अपने 30 साल के जीवनकाल में 11 किताबें लिख डाली थीं. जो प्रकाशित हुईं लेकिन सारी की सारी अंग्रेजों द्वारा जब्त कर ली गईं. वैसे वो देश क्या दुनिया के अकेले क्रांतिकारी थे, जिन्होंने किताबें लिखीं, उससे धन अर्जित किया और फिर उससे अपनी क्रांति के लिए जरूरी हथियार खरीदे.

परमानंद को फांसी की सजा ने क्रांतिकारी बना दियाबिस्मिल’ के क्रांतिकारी जीवन की शुरुआत 1913 में अपने समय के आर्य समाज और वैदिक धर्म के प्रमुख प्रचारकों में एक भाई परमानंद की गिरफ्तारी और फांसी की सजा के बाद हुई.उन्होंने परमानंद की फांसी पर कविता लिखी, ‘मेरा जन्म’. लेकिन इस कविता को लिखने के साथ ही उन्होंने तय कर लिया कि अब उनका एक ही धर्म है और वो है भारत माता को आजाद कराना. वो क्रांतिकारी बनने का फैसला कर चुके थे.

हालांकि बाद में तत्कालीन अंग्रेज वायसराय ने भाई परमानंद की फांसी की सजा काले पानी में बदल दी. उन्हें अंडमान सेलुलर जेल भेज दिया गया बाद में सीएफ एन्ड्रूज के हस्तक्षेप से उन्हें जेल से रिहा किया गया. हालांकि तब तक बिस्मिल पूरी तरह क्रांतिकारी बन चुके थे और उनके रास्ते पूरी तरह अलग हो चुके थे.

वो जहां तैर कर पहुंचे थे वो जगह अब ग्रेटर नोएडा है

‘बिस्मिल’ ने ‘देशवासियों के नाम संदेश’ नाम का एक पम्फलेट प्रकाशित किया. लेकिन बाद में अंग्रेजों की धरपकड़ के कारण उन्हें भूमिगत होना पड़ा. हालांकि फिर एक कार्यक्रम में जब वो गए तो वहां पुलिस का छापा पड़ा और उन्हें यमुना में कूदकर भागना पड़ा. यमुना में डूबते-उतराते वो जिस जगह पहुंचे, वहां बीहड़ों व बबूलों के अलावा कुछ भी दिखायी नहीं देता था. ये वही जगह है जहां अब ग्रेटर नोएडा बस गया है.

कांग्रेस से मोहभंग हो गया

इसके बाद उन्होंने फिर रामपुर जागीर नाम के एक छोटे से गांव में शरण ली थी. यहां वो फिर किताब लिखने में जुट गए. उन्हें भगोड़ा घोषित करके सजा सुनाई जा चुकी थी. बिस्मिल भी पकड़ में आए. सजा हुई. फरवरी, 1920 में रिहा होने के बाद वो शाहजहांपुर वापस लौटे. कांग्रेस के 1920 में कलकत्ता और 1921 में अहमदाबाद अधिवेशन में हिस्सा लिया.हालांकि उनका बाद में कांग्रेस से मोहभंग हो गया.

काकोरी में ट्रेन में जा रहा खजाना लूटा 

इसके बाद बिस्मिल ने चंद्रशेखर ‘आजाद’ के नेतृत्व वाले हिंदुस्तान रिपब्लिकन एसोसिएशन के साथ मिलकर गोरों के सशस्त्र प्रतिरोध का नया दौर शुरू किया. इसी के तहत 09 अगस्त, 1925 को अपने साथियों के साथ उन्होंने एक आपरेशन में काकोरी में ट्रेन से ले जाये जा रहे सरकारी खजाने को लूटा. 26 सितंबर, 1925 को वो पकड़ लिए गए. बाद में 19 दिसंबर 1927 को उन्हें फांसी दे दी गई.

मां को देख आंखें डबडबाईं तो उन्होंने ये कहा

जब उनकी मां जेल में उनसे मिलने पहुंची तो बिस्मिल की आंखें डबडबाई आईं. तब उनकी मां ने उन्हें उलाहना, ‘अरे, मैं तो समझती थी कि मेरा बेटा बहुत बहादुर है और उसके नाम से अंग्रेज सरकार भी थरथराती है. मुझे पता नहीं था कि वह मौत से इतना डरता है.तुझे ऐसे रोकर ही फांसी पर चढ़ना था तो तूने क्रांति की राह चुनी ही क्यों? तब तो तुझे तो इस रास्ते पर कदम ही नहीं रखना चाहिए था.’ हालांकि बाद में रामप्रसाद बिस्मिल की मां को काफी कठिन दिन गुजारने पडे़.

आज क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल का जन्मदिन है. वो गजब के लेखक थे. अपनी लिखी किताबों से उन्होंने धन कमाया और फिर उससे क्रांति के लिए हथियार खरीदे. ऐसा करने वाले वो दुनिया के अकेले क्रांतिकारी होंगेया