सब को मालूम है मैं शराबी नहीं

फिर भी कोई पिलाए तो मैं क्या करूँ

सिर्फ़ एक बार नज़रों से नज़रें मिलें

और क़सम टूट जाए तो मैं क्या करूँ


मुझको मयकश समझते हैं सब वादाकश

क्यूँ कि उनकी तरह लड़खड़ाता हूँ मैं

मेरी रग-रग में नशा मुहब्बत का है

जो समझ में ना आए तो मैं क्या करूँ

मैंने मांगी थी मस्ज़िदों में दुआ

मैं जिसे चाहता हूं वो मुझको मिले

मेरा जो फ़र्ज था मैं पूरा किया

ग़र ख़ुदा ही न चाहे तो मैं क्या करूं


हाल सुन कर मेरा सहमे-सहमे हैं वो

कोई आया है ज़ुल्फ़ें बिखेरे हुए

मौत और ज़िंदगी दोनों हैरान हैं

दम निकलने न पाए तो मैं क्या करूँ

कैसी लत कैसी चाहत कहाँ की ख़ता

बेखुदी में है अनवर ख़ुदी का नशा

ज़िंदगी एक नशे के सिवा कुछ नहीं

तुम को पीना न आए तो मैं क्या करूँ


[अनवर फ़रुखाबादी]