'जिसको न निज गौरव तथा निज देश का अभिमान है।

वह नर नहीं, नर-पशु निरा है और मृतक समान है।।'

 (मैथिलीशरण गुप्त)

भारत की स्वतंत्रता की गौरवशाली गाथा अनेक वीर क्रांतिकारियों के बलिदानों और उनके अविस्मरणीय योगदान से जुड़ी हुई है। स्वतंत्रता के इस महान संघर्ष में अनगिनत वीरों ने अपने जीवन का बलिदान दिया ताकि भारत स्वतंत्रता की सांस ले सकें। इन महान वीरों का साहस, समर्पण और त्याग न केवल प्रेरणादायक हैं बल्कि हमारे इतिहास का स्वर्णिम अध्याय भी हैं। बाल गंगाधर तिलक ऐसे ही एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अपने लेखन और सामाजिक आंदोलनों से जनमानस में चेतना का संचार किया।

“स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूँगा”--- बाल गंगाधर तिलक 

बाल गंगाधर तिलक, जिन्हें लोकमान्य तिलक के नाम से भी जाना जाता है, वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से एक थे। लोकमान्य का अर्थ होता है "जनता द्वारा स्वीकृत" जो लोगों के दिलों में उनके प्रति अपार सम्मान और आदर को दर्शाता है। वे लाल, बाल, पाल त्रिमूर्ति में से एक थे, जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में तीन महत्वपूर्ण नेताओं का समूह था। उनका जन्म 23 जुलाई, 1856 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में हुआ था। वे स्वशासन के कट्टर समर्थक और भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख व्यक्ति थे। तिलक ने स्वतंत्रता के संग्राम में अद्वितीय योगदान दिया। उन्होंने "स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा" का नारा देकर लोगों को स्वतंत्रता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को सदैव उनके अधिकारों के लिए जागरूक और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया। उनका राजनीतिक जीवन ब्रिटिश शासन से भारतीय स्वायत्तता के लिए आंदोलन में महत्वपूर्ण था। गांधी से पहले, वे सबसे प्रसिद्ध भारतीय राजनीतिक नेता थे। महात्मा गांधी ने उन्हें "आधुनिक भारत का निर्माता" कहकर सम्बोधित किया था। उन्हें ब्रिटिश शासकों द्वारा कई बार जेल भेजा गया था, जिसमें मांडले में छह साल की लंबी कैद भी शामिल थी। इसी कारावास के दौरान उन्होंने ‘गीता रहस्य’ नामक पुस्तक लिखी, जो आज भी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की एक महत्वपूर्ण लेखन में से एक माना जाता है। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने कांग्रेस को एक मजबूत और सक्रिय संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गोपाल कृष्ण गोखले के साथ मिलकर मराठी में 'केसरी' और अंग्रेजी में 'मराठा' नामक दो साप्ताहिक प्रकाशन शुरू किए, जिन्होंने जनमानस में जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बाद में 'केसरी' एक दैनिक समाचार पत्र में बदल गया और आज भी प्रकाशित होता है। उन्होंने भारतीय समाज में शिक्षा, संस्कृति और राजनितिक चेतना का प्रसार किया। विष्णुशास्त्री चिपलूनकर से प्रेरित होकर, उन्होंने 1880 में कुछ कॉलेज के मित्रों के साथ मिलकर न्यू इंग्लिश विद्यालय की स्थापना की। इस विद्यालय के संस्थापकों में गोपाल गणेश अगरकर, महादेव बल्लाल नामजोशी और विष्णुशास्त्री चिपलूनकर भी शामिल थे। उनका मुख्य उद्देश्य था भारत के युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान कराना था। तिलक का मानना था कि एक शिक्षित समाज ही स्वतंत्रता प्राप्त कर सकता है। विद्यालय की सफलता ने तिलक को 1884 में डेक्कन एजुकेशन सोसाइटी की स्थापना के लिए प्रेरित किया। इस सोसाइटी का उद्देश्य था भारतीय संस्कृति पर जोर देना और राष्ट्रवादी विचारों पर शिक्षा प्रदान करना। उन्होंने बाल विवाह, जाति प्रथा आदि जैसे मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाई और समाज में सुधार के लिए अनेक प्रयास किए। उनका जीवन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय है और सदैव रहेगा।



लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)