इस समाज से, इस व्यवस्था से और अपने आप की जड़ता से भी, मूर्खता से भी। उस अपने आप से लड़ाई है जो करोड़ों की आवाज़ को अपनी आवाज़ बताता है और फिर उस पर इतराता भी है, यह कहते हुए कि यह मेरी आवाज़ है


जीवन भी कविता बन सकता है

बस उसे लिखना आना चाहिए!


विष्णु नागर का जन्म 14 जून 1950 को हुआ था। आप शाजापुर (मध्यप्रदेश) में पले-बढ़े व वहीं शिक्षा प्राप्त की। दिल्ली में 1971 से स्वतन्त्र पत्रकारिता आरंभ की । 'नवभारत टाइप्स' में पहले मुम्बई तत्पश्चात् दिल्ली में विशेष संवाददाता सहित विभिन्न पदों पर रहे। आपने जर्मन रेडियो, 'डोयचे वैले' की हिंदी सेवा का 1982-1984 तक संपादन किया। आप 'हिंदुस्तान' दैनिक के विशेष संवादाता रहे। 2003 से 2008 तक हिंदुस्तान टाइम्स की लोकप्रिय पत्रिका 'कादंबिनी' के कार्यकारी संपादक रहे। दैनिक 'नई दुनिया' से भी जुड़े रहे।


कविता संग्रह- मैं फिर कहता हूँ चिड़िया, तालाब में डूबी छह लड़कियाँ, संसार बदल जाएगा, बच्चे, पिता और माँ, हंसने की तरह रोना, कुछ चीजें कभी खोई नहीं, कवि ने कहा,

कहानी संग्रह- आज का दिन, आदमी की मुश्किल, आह्यान, कुछ दूर, ईश्वर की कहानियाँ, बच्चा और गेंद

उपन्यास- आदमी स्वर्ग में

निबंध संग्रह- हमें देखती आँखें, यर्थाथ की माया, आज और अभी, आदमी और समाज


विष्णु नागर कहते है, " कविता तो इस दौर की जीवन से जुड़ी ही हुई है, सब कवि इसका यत्न अपने-अपने ढंग से कर रहे हैं और सच यह भी है कि जीवन से जुड़ने का न कोई एक ढंग हो सकता है, न कोई एक फ़ार्मूला और न होना चाहिए। जहाँ तक जीवन को कविता बनाने की बात है तो जैसा कि मेरी ये पंक्तियाँ ध्वनित करती हैं, हम जीवन को भी कविता बना सकते हैं बशर्ते कि उसे लिखना हमें आता हो, जो कि कविता लिखने से कहीं ज़्यादा, बहुत ज़्यादा कठिन काम है, आज तो लगभग असंभव-सा लगता है। मगर हम कवियों का काम असंभव संभावनाओं की ओर भी इशारा करना भी होता है। हम जीवन जैसा है, जैसा बना दिया गया है उसकी ताईद तो क़तई नहीं करते रह सकते। उसके बाहर, उसके परे भी जीवन है, जीवन हो सकता है, होना ही चाहिए, उसकी बात शायद यह कविता करती है। वैसे हर कविता के पाठ अलग-अलग हो सकते हैं और ज़रूरी नहीं कि कवि का पाठ ही अंतिम माना जाए!" 


उसने जब किया होगा, तब किया होगा प्रेम

हम कहाँ कहते हैं कि नहीं किया होगा

ख़ूब किया होगा

सब कुछ भूल-भुलाकर किया होगा


मैं जैसा भी अच्छा-बुरा कवि हूँ, मगर फ़ार्मूलाग्रस्तता का शिकार तो शायद नहीं रहा हूँ, न कभी होना चाहा है और अगर ऐसी ग़लती मुझसे अब हो रही हो तो मित्रों-आलोचकों का काम है कि वे मुझे इस बारे में सावधान करें। मेरे यहाँ माँ-पत्नी-प्रेमिका-बेटी आदि अनेक रूपों में पुराने संग्रहों में भी स्त्रियाँ आई हैं। यह कविता स्त्रियों की तरह ही नहीं बल्कि ख़ुद स्त्री बनकर स्वयं को देखने की आकांक्षा की कविता है। पुरुष को स्त्री के संदर्भ में सोचते हुए आत्म-समीक्षा की ज़रूरत है, बल्कि अपने आपको स्त्री की तरह, उसकी जगह से देखने की ज़रूरत है शायद यह कविता इस बात को रेखांकित करती है। दरअसल, मुझे अपने लेखन के बारे में भी अक्सर लगता रहा है कि वह पर्याप्त रूप से पुरुष-केंद्रित है, बुनियादी रूप से उसे संबोधित है। यह मेरी कमी है, कमज़ोरी है। मेरी कविता स्त्री के बारे में बात तो करती है, मगर स्त्री की तरह देखने की संवेदनशीलता से वंचित है। यह एक तरह से यह आत्म-समीक्षा है, बुनियादी रूप से अपने आपको जगाने की कविता है। कविता सिर्फ़ पाठकों को ही संबोधित नहीं होती, स्वयं को भी संबोधित होती है, वह आत्म-संबोधन भी होती है। वैसी ही शायद यह कविता है। वैसे भी हमारे समाज में पुरुष ख़ुद को स्त्री बनकर देखना कहाँ चाहता है?


जो उड़ते हैं

ज़रूरी नहीं पक्षी हों

जो दो पाँवों पर चलते हों

ज़रूरी नहीं आदमी हों