अंधेरी रात, चुपचाप सागर,
केवल मैं ही, और तू, हे प्रभागर।
जीवन का संघर्ष, दूर हो गया,
मन का तूफान, शांत हो गया।
-(रवींद्रनाथ टैगोर)
रवीन्द्रनाथ टैगोर, भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक परिदृश्य पर एक ऐसा तारा थें, जिसकी चमक सदियों से अखंडित रही है। गुरुदेव के नाम से प्रख्यात, वे एक ऐसे कवि, लेखक, दार्शनिक, समाज सुधारक, चित्रकार और संगीतकार थें जिन्होंने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को अपनी रचनाओं से प्रभावित किया। वे साहित्य में नोबेल पुरस्कार जीतने वाले पहले एशियाई और संगीतकार बने। उनके द्वारा लिखी गई रचनाएँ आज भी दुनिया भर में पढ़ी जाती हैं।
साहित्यक योगदान
रवींद्रनाथ टैगोर का जन्म 7 मई, 1861 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में एक संपन्न बंगाली परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा घर से ही प्राप्त की और बचपन से ही उनका साहित्य की ओर काफी रुझान था। उन्होंने मात्र 8 वर्ष की छोटी सी आयु में अपनी पहली कविता लिखी। सोलह वर्ष की आयु में नाटक लेखन शुरू किया। उनका नाटक ‘विसर्जन’, जो 1890 में लिखा गया, को उनके श्रेष्ठ कार्यों में से एक माना जाता है। टैगोर ने सोलह वर्ष की आयु में लघु कहानी लेखन भी शुरू किया और उनकी पहली कहानी ‘भिखारीनी’ थी। उन्हें बंगाली लघु कथा शैली को बढ़ावा देने का श्रेय दिया जाता है। उनकी कविताओं में प्रकृति, प्रेम, मानवता और आध्यात्मिकता की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कई उत्कृष्ट काव्य संग्रह लिखे, जिसमें गीतांजलि उनके द्वारा रचित सबसे प्रख्यात काव्य संग्रह है, जिसे 1913 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। टैगोर ने कई उपन्यासों की रचना की, जिनमें ‘गोरा’, ‘घरे बाहिरे’ और ‘चोखेर बाली’ उनकी प्रमुख रचनाओं में शामिल हैं। उनकी कहानियों में सामाजिक और मानवीय मुद्दों का चित्रण देखने को मिलता है। ‘काबुलीवाला’ उनकी सबसे प्रसिद्ध कहानियों में से एक है, जिसमें एक अफगानी विक्रेता और एक छोटी बच्ची के बीच के रिश्ते को संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया गया है। इन सभी के साथ-साथ चित्रकला और संगीत के क्षेत्र में भी उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने तक़रीबन 2,230 गीतों की रचना की और ‘रवींद्र संगीत’ की एक पूरी विधा विकसित की, जो भारत में मुख्य रूप से बांग्ला संगीत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वे एक समाज सुधारक भी थे। उनकी रचनाओं में समाज की कुरीतियों, महिला उत्पीड़न और अंधविश्वास के खिलाफ तीखी आलोचना झलकती है। उन्होंने अपने लेखन के माध्यम से समाज में जागरूकता पैदा करने की कोशिश की।
उनके द्वारा लिखी हुई कुछ प्रसिद्ध कवितायें:
विश्व है जब नींद में मगन
विश्व है जब नींद में मगन
गगन में अंधकार,
कौन देता मेरी वीणा के तारों
ऐसी झनकार।
नयनों से नींद छीन ली
उठ बैठी छोड़कर शयन
ऑंख मलकर देखूँ खोजूँ
पाऊँ न उनके दर्शन।
गुंजन से गुंजरित होकर
प्राण हुए भरपूर
न जाने कौन-सी विपुल वाणी
गूँजती व्याकुल सुर में।
समझ न पाती किस वेदना से
भरे दिल से ले यह अश्रुभार
किसे चाहती पहना देना
अपने गले का हार।
धूलि-मंदिर
भजन-पूजन साधना-आराधना, सब-कुछ पड़ा रहे
अरे, देवालय का द्वार बंद किए क्यों पड़ा है!
अँधेरे में छिपकर अपने-आप
चुपचाप तू किसे पूजता है?
आँख खोलकर ध्यान से देख तो सही,देवता घर में नहीं हैं।
देवता तो वहाँ गए हैं, जहाँ माटी गोड़कर खेतिहर खेती करते हैं
पत्थर काटकर राह बना रहे हैं, बारहों महीने खट रहे हैं।
क्या धूप, क्या वर्षा, हर हालत में सबके साथ हैं
उनके दोनों हाथों में धूल लगी हुई है
अरे, तू भी उन्हीं के समान स्वच्छ कपड़े बदलकर धूल पर जा।
मुक्ति? मुक्ति कहाँ पाएगा भला, मुक्ति है कहाँ?
स्वयं प्रभु ही तो सृष्टि के बंधन में सबके निकट बँधे हुए हैं।
अरे, छोड़ो भी यह ध्यान, रहने भी दो फूलों की डलिया
कपड़े फट जाने दो, धूल-बालू लगे
कर्मयोग में उनसे कंधा मिलाकर पसीना बहने दो।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer
