कारगिल का गर्व : शौर्य और साहस की गाथा 

मैं केशव का पाञ्चजन्य भी गहन मौन में खोया हूँ

उन बेटों की आज कहानी लिखते-लिखते रोया हूँ

जिस माथे की कुमकुम बिन्दी वापस लौट नहीं पाई

चुटकी, झुमके, पायल ले गई कुर्बानी की अमराई

कुछ बहनों की राखियां जल गई हैं बर्फीली घाटी में

वेदी के गठबन्धन खोये हैं कारगिल की माटी में

पर्वत पर कितने सिन्दूरी सपने दफन हुए होंगे

बीस बसंतों के मधुमासी जीवन हवन हुए होंगे

-हरिओम पंवार 

कारगिल विजय दिवस 

26 जुलाई, यह दिन भारतीय सेना की अद्वितीय वीरता और साहस का प्रतीक है। भारत प्रत्येक वर्ष इस दिन को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाता है। यह दिन उन वीर सैनिकों की बहादुरी को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया और पाकिस्तान को हराकर भारत का विजय परचम लहराया।

‘ऑपरेशन विजय’ और ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 

कारगिल युद्ध मई 1999 में हुआ था, जब पाकिस्तानी सैनिकों ने कारगिल जिले के द्रास, काकसार, मुश्कोह और बटालिक सेक्टरों में घुसपैठ की। इस कदम का उद्देश्य श्रीनगर-लेह मार्ग को बाधित करना और भारतीय क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत करना था। जब भारत सरकार को इसकी जानकारी मिली, तो भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ नामक अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दुश्मन को भारतीय सीमा से बाहर खदेड़ना और अपनी खोई हुई भूमि को पुनः प्राप्त करना था। सैनिकों को कठिन परिस्थितियों जैसे बर्फीली पहाड़ियों और दुर्गम इलाकों में युद्ध करना पड़ा, जहां तापमान माइनस दस डिग्री सेल्सियस से भी नीचे था। इस युद्ध में वायुसेना ने भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और 'ऑपरेशन सफेद सागर' के तहत दुश्मन के ठिकानों पर सटीक हमले किए। इस अभियान में मिग-27, मिग-29 और मीराज-2000 विमानों का उपयोग किया गया और वायुसेना के इन हमलों ने दुश्मन के ठिकानों को भारी क्षति पहुंचाने का कार्य किया।

करीब 3 महीने चले इस युद्ध में 562 जवानों की शहादत हुई और 1363 जवान घायल हुए। इस युद्ध में कई रणबाकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जैसे कि 'कप्तान सौरभ कालिया', 'लेफ्टिनेनेट मनोज कुमार पांडेय' और 'कप्तान विक्रम बत्रा' आदि जिहोने अपने प्राणो को कुर्बान कर राष्ट्र की रक्षा की । 

कप्तान विक्रम बत्रा का जन्म 9 सितम्बर 1974 को हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में हुआ था। उन्होंने 1996 में भारतीय सेना में शामिल होकर अपने सैन्य करियर की शुरुआत की और वे जम्मू-कश्मीर राइफल्स की 13वीं बटालियन में एक कप्तान के रूप में कार्यरत थे। विक्रम बत्रा, युद्ध में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और लगातार जीत हासिल कर रहे थे। कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने कोडनेम 'शेरशाह' के तहत अद्वितीय रणनीतियों का उपयोग करते हुए दुश्मन के ठिकानों पर कब्जा किया और उनकी नेतृत्व के भीतर भारतीय सेना ने कई महत्वपूर्ण पोस्टों को वापस जीता। इसी बीच, 7 जुलाई 1999 को कप्तान बत्रा, पॉइंट 4875 पर कब्जा करते समय वीरगति को प्राप्त हुए। वह अपने अंतिम सांस तक अपने देश के लिए लड़ते रहे और इस भूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। विक्रम बत्रा हमेशा 'ये दिल मांगे मोर…' का नारा लगाते थे, यह नारा उनके अटूट साहस और वीरता का प्रतीक है। मरणोपरांत उन्हें परम वीर चक्र से सम्मानित किया गया।

लेफ्टिनेंट मनोज कुमार पांडेय का जन्म 25 जून 1975 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में हुआ था। उन्होंने 1997 में भारतीय सेना में शामिल होकर 1/11 गोरखा राइफल्स के साथ अपने सैन्य करियर की शुरुआत की। कारगिल युद्ध के दौरान लेफ्टिनेंट पांडेय ने अपनी बटालियन के साथ प्रमुख पोस्टों पर कब्जा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 11 जून 1999 को कैप्टन मनोज कुमार पांडेय ने बटालिक सेक्टर में अद्भुत वीरता दिखाते हुए दुश्मन सैनिकों को पीछे धकेल दिया। उनके नेतृत्व में भारतीय सैनिकों ने जुबार टॉप पर कब्जा जमाया। कंधों और पैरों पर गोली लगने के बावजूद, कैप्टन पांडेय दुश्मन के बंकर में घुस गए। हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट में उन्होंने दो दुश्मनों को मार गिराया। कैप्टन मनोज पांडेय ने बहादुरी से कई हमले कर दुश्मन के चार ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। अगले 22 दिनों तक उन्होंने दुश्मनों को कड़ी टक्कर दी। चौथे बंकर पर कब्जा करते समय, कैप्टन पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए और 3 जुलाई 1999 को, मात्र 24 वर्ष की आयु में, उन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी बहादुरी के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

कप्तान सौरभ कालिया, कारगिल युद्ध के पहले शहीद थे। उनका जन्म 29 जून 1976 को पंजाब के अमृतसर में हुआ था। 1998 में आईएमए से ट्रेनिंग के बाद फरवरी 1999 में उनकी पहली पोस्टिंग कारगिल में 4 जाट रेजिमेंट में हुई थी। कारगिल युद्ध के प्रारंभिक दौर में, उन्हें और उनकी पेट्रोलिंग टीम को पाकिस्तानी सेना ने घात लगाकर हमला किया और बंदी बना लिया। मात्र 22 साल की छोटी सी उम्र में, मुझे 22 दिनों तक दुश्मन ने बेहिसाब यातनाएं दीं। 22 दिन की यातनाओं के बाद, मुझे वीरगति प्राप्त हुई। उनकी वीरता और बलिदान ने पूरे देश को झकझोर दिया और उनकी स्मृति में कई स्मारक बनाये गए।

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर, हरिओम पंवार द्वारा लिखी गई एक कविता है जो सैनिकों की वीरगति के बाद उनके परिवार की स्थिति का वर्णन करती है। इस कविता में, उन माताओं, बहनों और पत्नियों की पीड़ा को भी दिखाया गया है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। इसके साथ ही, इस कविता में देश के अंदर छुपे जयचंदों और मीर-जाफरों की निंदा भी की गई है, जो देश को भीतर से कमजोर कर रहे हैं।


मैं केशव का पाञ्चजन्य भी गहन मौन में खोया हूँ

उन बेटों को श्रद्धांजलियाँ लिखते-लिखते रोया हूँ

जिस माथे की कुमकुम बिंदी वापस लौट नहीं पाई

चुटकी, नथ, पाजेब ले गयी कुर्बानी की अमराई

बहनों की राखियाँ जल गयी हैं बर्फीली घाटी में

वेदी के गठबंधन खोये हैं करगिल की माटी में


पर्वत पर कितने सिन्दूरी सपने दफ़न हुए होंगे

बीस बसंतों के मधुमासी जीवन हनन हुए होंगे

टूटी चूड़ी, धुला महावर, रूठा कंगन हाथों का

कोई मोल नहीं हो सकता बासन्ती जज्बातों का

जो पहले-पहले चुम्बन के बाद लाम पर चला गये

नयी दुल्हन की सेज छोड़कर युद्ध काम पर चले गए

उनको भी मीठी यादों की करवट याद रही होगी

खुशबू में डूबी यादों की सलवट याद रही होगी

उन आँखों की दो बूंदों से सातों सागर हारे हैं

जब मेहँदी वाले हाथों ने मंगलसूत्र उतारे हैं

गीली मेहँदी रोई होगी छुपकर घर के कोने में

ताज़ा काजल छूटा होगा चुपके-चुपके रोने में


जब बेटे की अर्थी आई होगी सूने आँगन में

शायद दूध उतर आया हो बूढी माँ के दामन में

वह विधवा पूरी दुनिया का बोझा सर ले सकती है

जो अपने पति की अर्थी को भी कन्धा दे सकती है

मैं ऐसी हर देवी के चरणों में शीश झुकाता हूँ।

इसीलिए मैं कविता को हथियार बनाकर गाता हूँ।।


जिन बेटों ने पर्वत काटे हैं अपने नाखूनों से

उनकी कोई चाह नहीं है दिल्ली के कानूनों से

जो सैनिक सीमा रेखा पर ध्रुव तारा बन जाता है

उस कुर्बानी के दीपक से सूरज भी शरमाता है

गर्म दहानों पर तोपों के जो सीने अड़ जाते हैं

उनकी गाथा लिखने को अम्बर छोटे पड़ जाते हैं

उनके लिए हिमालय कन्धा देने को झुक जाता है

चंद घड़ी सागर की लहरों का गर्जन रुक जाता है

उस सैनिक के शव का दर्शन तीरथ जैसा होता है।

चित्र शहीदों का मंदिर की मूरत जैसा होता है।।

थमी हुई सरहद पर तोपें आँगन में अंगारे हैं

विस्फोटों का कोलाहल है, कदम-कदम हत्यारे हैं


सीमा के दुश्मन से ज्यादा जयचंदों से खतरा है

आस्तीन के मीर-जाफरों छल-छंदों से खतरा है

जिनके हाथों में हथगोले हैं, होठों पर गाली है

जिनकी घृणा-परिधि में होली, ईद और दीवाली है

जिनके दामन खून लगा है बच्चों का मजदूरों का

जिनका उग्रवाद कातिल है बहनों के सिंदूरों का

जिनके कारण पूरी घाटी जली दुल्हन-सी लगती है

पूनम वाली रात-चांदनी चन्द्र ग्रहण-सी लगती है

जिनके कारण माँ की बिंदी दाग दिखाई देती है

माँ वैष्णो देवी के घर में आग दिखाई देती है

इनके पैरों बेड़ी जकड़ी जाना शेष अभी भी है

इनके फन पर ऐड़ी रगड़ी जाना शेष अभी भी है


जब तक ये जिन्दा हैं तब तक करगिल-जंग अधूरी है

इन जफ़र-जयचंदों का मर जाना बहुत जरुरी है

ये दौलत का लालच पाकर गैरों का हथियार बने

भारत-भू पर भार बने, धिक्कार बने, गद्दार बने

पर क्या भारत जल सकता है आतंकों की भट्टी से

सूरज नहीं बुझा करता है गंधारी की पट्टी से


जैसे गलियों के कुत्तों का कोई मान नहीं होता

वैसे भीख मिले कन्धों का भी सम्मान नहीं होता

जैसे वेश्या के मरने पर दुनिया कभी नहीं रोती

वैसे ही भाड़े के टट्टू की औकात नहीं होती

मैं इन धोबी के कुत्तों को भी दर्पण दिखलाता हूँ।

इसी लिए मै कविता को हथियार बनाकर गाता हूँ ।।

कारगिल विजय दिवस मात्र एक तारीख नहीं है, बल्कि यह भारतीय सेना के अद्म्य साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक है।






लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)