सभ्यता जहाँ पहले आई,

पहले जन्मी हैं जहाँ पे कला।


अपना भारत वो भारत है,

जिस के पीछे संसार चला।

----------

‘भारत माता

ग्रामवासिनी,


खेतों में फैला है श्यामल

धूल भरा मैला सा आँचल’

[सुमित्रानंदन पंत]

----------

जन गण मन अधिनायक जय हे

भारत भाग्य विधाता।

[रवींद्रनाथ ठाकुर]

----------

सिंहासन हिल उठे राजवंशों ने भृकुटी तानी थी,

बूढ़े भारत में भी आई फिर से नयी जवानी थी,

गुमी हुई आज़ादी की कीमत सबने पहचानी थी,

दूर फिरंगी को करने की सबने मन में ठानी थी।

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

[सुभद्राकुमारी चौहान]

----------

कब तक बोझ संभाला जाए

द्वंद्व कहां तक पाला जाए

दोनों ओर लिखा हो भारत

सिक्का वही उछाला जाए

तू भी है राणा का वंशज

फेंक जहां तक भाला जाए

[वाहिद अली वाहिद]

----------

गगन पर दो सितारे: एक तुम हो

धरा पर दो चरण हैं: एक तुम हो

‘त्रिवेणी’ दो नदी हैं! एक तुम हो

हिमालय दो शिखर है: एक तुम हो

रहे साक्षी लहरता सिंधु मेरा

कि भारत हो धरा का बिंदु मेरा।।

[माखनलाल चतुर्वेदी]

----------

'आदमी तो आदमी

मैं तो पानी के बारे में भी सोचता था

कि पानी को भारत में बसना सिखाऊँगा'

[आलोक धन्वा]

----------

घातक है, जो देवता-सदृश दिखता है,

लेकिन, कमरे में गलत हुक्म लिखता है।


यह पाप उन्हीं का हमको मार गया है,

भारत अपने घर में ही हार गया है।

[रामधारी सिंह दिनकर]

----------

भारत जमीन का टुकड़ा नहीं,

जीता जागता राष्ट्रपुरुष है!

[अटल बिहारी वाजपेयी]

----------

भारत जमीन का टुकड़ा नहीं,

जीता जागता राष्ट्रपुरुष है!

[अटल बिहारी वाजपेयी]

----------

हमलों से, अत्याचारों से, संहारों से

भारत का शीश झुका लोगे यह मत समझो

[अटल बिहारी वाजपेयी]

----------

भारत के ऐ सपूतो हिम्मत दिखाए जाओ

दुनिया के दिल पे अपना सिक्का बिठाए जाओ

[राम प्रसाद 'बिस्मिल']

----------

भारत में सब भिन्न अति, ताहीं सों उत्पात

विविध देस मतहू विविध, भाषा विविध लखात।

[भारतेन्दु हरिश्चंद्र]

----------

तेरा रहा नहीं है कब रंग ढंग न्यारा।

कब था नहीं चमकता भारत तेरा सितारा॥

किसने भला नहीं कब जी में जगह तुझे दी।

किसकी भला रहा है तू आँख का न तारा॥

वह ज्ञान जोत सबसे, पहले जगी तुझी में।

जग जगमगा रहा है, जिसका मिले सहारा॥

[अयोध्या सिंह उपाध्याय हरिऔध]

----------

भारत-माँ के लाल बहादुर

शास्त्री जी तुम कहलाए।

सीधे-सादे छोटे-से थे

काम बड़े कर दिखलाए।

[बालस्वरूप राही]

----------

वर दे, वीणावादिनि वर दे!

प्रिय स्वतंत्र-रव अमृत-मंत्र नव

भारत में भर दे!


काट अंध-उर के बंधन-स्तर

बहा जननि, ज्योतिर्मय निर्झर;

कलुष-भेद-तम हर प्रकाश भर

जगमग जग कर दे!

[निराला]

----------

सचमुच ज़िंदा शेर था जैसे, रक्त-तप्त अंगारा था

थर-थर काँप उठा बैरी जब-जब उसने ललकारा था

वो सुभाष* था आजादी की शुभ्र आस के सूरज का

वो भारत माँ की उम्मीदों की आँखों का तारा था

[अतुल कनक]

----------

यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।

अभ्युथानम् अधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्॥