आपके सपने ही आपके व्यक्तित्व को परिभाषित करते हैं। उनमें आपको पंख देने और ऊंची उड़ान भरने की शक्ति है।
- पीवी सिंधु
29 अगस्त को भारत में हर वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और जादूगर माने जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती है और इस दिन को मनाने का उद्देश्य देश में खेल की भावना को बढ़ावा देना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। खेल मात्र एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह जीवन का एक अभिन्न अंग है, जो हमें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। खेलों के माध्यम से हम न केवल अपनी शारीरिक क्षमताओं का विकास करते हैं, बल्कि अपनी मानसिक क्षमताओं को भी निखारते हैं। यह दिन खेलों के महत्व को समझाने और अनुशासन, दृढ़ता, खिलाड़ी भावना और टीम वर्क जैसे गुणों को अपनाने के लिए प्रेरित करने के लिए मनाया जाता है।
भारत में 29 अगस्त, 2012 को पहली बार राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया था। इस अवसर पर बहुत सी खेल गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। देशभर में खेल प्रतियोगिताएँ, सम्मान समारोह और खेल जागरूकता अभियानों का आयोजन किया जाता है। विभिन्न स्तरों पर खिलाड़ियों और कोचों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शनों के लिए सम्मानित किया जाता है, जिसमें अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्रमुख हैं। भारत में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की है, जो न केवल राष्ट्रीय स्तर पर एथलेटिक प्रदर्शन को सुधारने के लिए बल्कि खेल संस्कृति को भी सशक्त बनाने का प्रयास कर रही हैं। इसमें फिट इंडिया मूवमेंट, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटीज और अकादमियों की स्थापना, राष्ट्रीय खेल पुरस्कार योजना, विकलांग व्यक्तियों के लिए खेलकूद योजना, खेलो इंडिया कार्यक्रम आदि शामिल हैं।
इस वर्ष हुए 2024 पैरिस ओलंपिक और हो रहे पैरालंपिक ने इस दिन को और भी अधिक विशेष बना दिया है। 2024 पैरिस ओलंपिक, जो कि 26 जुलाई से 11 अगस्त तक फ़्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित हुए, में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने देश को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। हालांकि, टोक्यो 2020 की तुलना में इस बार पदकों की संख्या थोड़ी कम रही, फिर भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। भारत ने कुल छह पदक जीते, जिसमें एक रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। मनु भाकर ने ओलंपिक शूटिंग में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया। मनु भाकर के साथ मिलकर सरबजोत सिंह ने मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल में भी कांस्य पदक जीता, स्वप्निल कुसाले ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत को एक और पदक दिलाया। नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। अमन सहरावत ने कुश्ती में पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता, और भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने भी कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। भारोत्तोलन, कुश्ती, मुक्केबाजी जैसे अन्य खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। इसके अलावा, पैरालंपिक खेल जो 28 अगस्त से प्रारंभ हो चुके हैं और 11 सितंबर तक चलेंगे, में भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। ये खेल विकलांगता वाले खिलाड़ियों के लिए एक मंच प्रदान करते हैं, जहां वे अपने साहस और प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस वर्ष का राष्ट्रीय खेल दिवस हमारे खिलाड़ियों के समर्पण और मेहनत को समर्पित है। इस वर्ष का राष्ट्रीय खेल दिवस न केवल मेजर ध्यानचंद की यादों को ताज़ा करने का अवसर है, बल्कि यह हमारे खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और अनुकरणीय प्रदर्शन को सलाम करने का भी समय है।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
