गणेश चतुर्थी हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार है जो भगवान गणेश के जन्म का उत्सव मनाता है। भगवान श्री गणेश, जिन्हें हम सभी विघ्नहर्ता के रूप में जानते हैं, बुद्धि, समृद्धि और सभी बाधाओं को दूर करने वाले देवता माने जाते हैं। हर वर्ष उनकी जयंती गणेश चतुर्थी के रूप में मनाई जाती है, जो आमतौर पर भाद्रपद महीने के चौथे दिन मनाई जाती है। यह सिर्फ एक त्योहार नहीं है, अपितु यह खुशी और उत्साह का प्रतीक भी है। इस त्योहार की तैयारियाँ कई दिन पहले से ही शुरू हो जाती हैं।
इस वर्ष यह त्योहार 7 सितंबर को आ रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह अपने साथ नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आया है। जब बप्पा आते हैं, तो भक्तों के दिलों में उमंग की एक नई लहर दौड़ जाती है और चारों ओर उत्साह का एक माहौल छा जाता है। ऐसा लगता है कि मानो सारा संसार ही गणेश उत्सव मनाने में मग्न हो गया हो। जैसे-जैसे गणेश चतुर्थी का दिन नजदीक आने लगता है, वैसे ही हर घर, गली और मोहल्ला उत्सव के रंग में रंगने लगते हैं। दस दिनों तक चलने वाला यह त्योहार केवल पूजा-पाठ ही नहीं बल्कि प्रेम और भक्ति का उत्सव भी है। लोग अपने घरों और सार्वजनिक स्थानों पर बप्पा की मूर्ति स्थापित करते हैं, और उनकी भक्ति भाव से पूजा करते हैं। भगवान गणेश की मूर्ति घर लाते ही ऐसा लगता है जैसे भगवान स्वयं हमारे बीच आ गए हों। पूरा घर मिठाइयों और मोदक की खुशबू से भर जाता है। आरती की मधुर धुन मन को मोह लेती है। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी बप्पा की सेवा में जुट जाते हैं। उनकी मूर्ति के विसर्जन के साथ ही इस त्योहार का समापन होता है। विसर्जन का समय काफी भावुक करने वाला होता है क्योंकि दस दिनों तक उनके सानिध्य में बिताए हर पल की यादें दिल को छू जाती हैं। आंखों से आंसू भले ही बहें, लेकिन दिल में एक उम्मीद भी होती है कि भगवान गणेश अगले साल फिर आएंगे।
गणेश चतुर्थी का महत्व न केवल धार्मिक दृष्टि से है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी है। यह सामुदायिक समारोहों, ढोल-नगाड़ों और गीतों के साथ भव्य रैलियों के साथ मनाया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं और लोग प्रतियोगिताओं में अपनी खुशियाँ साझा करते हैं। भव्य मूर्तियों को देखने से मन में शांति और संतोष की भावना पैदा होती है। हर जगह खुशी का माहौल होता है। आस्था और भावनाओं की बाढ़ उमड़ी हुई होती है।
गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में भगवान गणेश के लिए हिंदी और देश की कई अन्य भाषाओं में कई कविताएँ, कहानियाँ और लोकगीत लिखे गए हैं, जो उनकी महानता का गुणगान करते हैं और बखान करते हैं। इन रचनाओं में भगवान गणेश की भक्ति, गुणों और जीवन की विभिन्न घटनाओं का वर्णन किया गया है। इसके साथ ही बॉलीवुड ने भी अपनी रचनात्मकता से इस त्योहार को सजाया है। इस अवसर पर भक्ति से भरे कई गीत सुनने को मिलते हैं, जो त्योहार के माहौल को और भी ज़्यादा जीवंत बना देते हैं।
गणेश जी पर लिखी हुई कुछ कविताओं और गीतों की कुछ पंक्तियाँ :
(1)अवधेश कुमार 'अवध' ने भगवान गणेश की महिमा का वर्णन करते हुए गणनायक गणपति की रचना की।
गणनायक गणपति गजे, गिरिजापुत्र गणेश |
सर्व सिद्ध स्वामी सुकवि, शंकर सुमन सुरेश |
मंगलमूरत मान्यवर, मोहत मोदक मूस |
अवध अराधे आपको, आओ आदि अशेष ||
(2)नज़ीर अकबराबादी द्वारा रचित गणेश जी की स्तुति की कुछ पंक्तियाँ,
अव्वल तो दिल में कीजिए पूजन गनेश जी।
स्तुति भी फिर बखानिए धन-धन गनेश जी।
भक्तों को अपने देते हैं दर्शन गनेश जी।
वरदान बख़्शते हैं जो देवन गनेश जी।
हर आन ध्यान कीजिए सुमिरन गनेश जी।
देवेंगे रिद्धि सिद्धि औ अन-धन गनेश जी॥
(3)अमिताभ भट्टाचार्य द्वारा रचित फ़िल्म अग्निपथ (2012) का गीत "देवा श्री गणेशा”
देवा श्री गणेशा, देवा श्री गणेशा
ज्वाला सी जलती है आँखो में जिसके
दिल में तेरा नाम है
पर्वा ही क्या उसका आरंभ कैसा है
और कैसा परिणाम है।।
(4)जावेद अख्तर द्वारा रचित फ़िल्म "डॉन" का गीत “मोरया रे”
तुझको फिर से जलवा दिखाना ही होगा,
अगले बरस आना है आना ही होगा,
देखेगे तेरी राहें प्यासी प्यासी निगाहें,
तो मान ले तू मान भी ले कहना,
लौट के तुझको आना है ,
सुनले कहता दीवाना है ,
जब तेरा दर्सन पायेंगे चैन तब हमको पाना है
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
