लोक-लाज की गांठरी पहिले देइ डुबाय। 

प्रेम-सरोवर पंथ में पाछें राखै पाय॥ 

भारतेन्दु हरिश्चंद्र, हिंदी साहित्य के इतिहास में एक ऐसा नाम है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। वे केवल एक कवि या नाटककार ही नहीं थे, बल्कि हिंदी भाषा के एक ऐसे योद्धा थे जिन्होंने हिंदी को एक नई पहचान दी। उनका जन्म 9 सितंबर 1850 को उत्तर प्रदेश के बनारस में हुआ था। काशी की धरती पर जन्मे भारतेन्दु हरिश्चंद्र ने बचपन से ही साहित्य के बीज बोना शुरू कर दिया था। उनके पिता गोपालचंद्र भी एक कवि थे, जिनका गहरा प्रभाव उनके साहित्यिक सफर पर रहा। उन्होंने हिंदी भाषा को समृद्ध करने के लिए नए शब्दों का प्रयोग किया और हिंदी नाटकों को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। उनके नाटक केवल मनोरंजन के साधन ही नहीं थे, बल्कि समाज में व्याप्त कुरीतियों और समस्याओं पर प्रहार करने का एक माध्यम भी थे। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को भी नई ऊंचाइयाँ दीं और पत्रिकाओं का संपादन किया, जिनके माध्यम से उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाई और राष्ट्रीयता की भावना को जगाया। वे हिंदी साहित्य के आधुनिक युग के सूर्य समान थे, जिन्होंने अपने प्रकाश से हिंदी साहित्य को रोशन करने का कार्य किया।  

साहित्यिक योगदान  

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र को आधुनिक हिंदी साहित्य का जनक कहा जाता है, और यह उपाधि उनके योगदान को पूरी तरह से दर्शाती है। 19वीं शताब्दी में जब भारत में अंग्रेज़ी शासन के चलते भारतीय भाषाओं का ह्रास हो रहा था, तब भारतेन्दु ने हिंदी को पुनर्जीवित करने और उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का बीड़ा उठाया। उनका साहित्यिक योगदान न केवल उनके समय में बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मील का पत्थर साबित हुआ। उनका संपूर्ण साहित्य भारतीय संस्कृति और समाज का दर्पण प्रस्तुत करता है। उनका लेखन समाज, संस्कृति, और राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीयता के विचारों से प्रेरित था, और उन्होंने अपने साहित्य से हिंदी को सशक्त माध्यम बनाया। भारतेंदु हरिश्चंद्र को हिंदी नाटककार के रूप में ज्यादा जाना जाता है। उन्होंने हिंदी नाटक को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया। उन्होंने बंगला के नाटक ‘विद्यासुंदर’ का अनुवाद करके हिंदी में नाटक लिखने की शुरुआत की। उनके द्वारा लिखे गए कुछ प्रमुख नाटक ‘अंधेर नगरी’ हैं, जिसमें उन्होंने राजनीतिक भ्रष्टाचार पर व्यंग्य किया, ‘नील दर्पण’ जिसमें उन्होंने अंग्रेजों द्वारा नील की खेती के दौरान किसानों पर हो रहे अत्याचारों को उजागर किया, और ‘भारत दुर्दशा’ नाटक में उन्होंने देश की दयनीय स्थिति को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से दिखाया और देश की समस्याओं को प्रतीकों के माध्यम से उजागर किया है। वे एक नाटककार ही नहीं, बल्कि एक कुशल कवि और कहानीकार भी थे। उनकी कविताओं में देशभक्ति, प्रेम और सामाजिक समस्याओं को उठाया गया है। उनकी कुछ प्रसिद्ध कविताओं में “प्रेममालिका”, “प्रेम माधुरी”, “प्रेम तरंग” आदि शामिल हैं। उन्होंने पत्रकारिता में भी प्रमुख भूमिका निभाई और “हरिश्चंद्र मैगजीन”, “कवि वचन सुधा” और "बाल बोधिनी" जैसी पत्रिकाएँ संपादित कीं, जिनमें सामाजिक मुद्दों और राष्ट्रीयता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का कार्य किया। उन्होंने बाल बोधिनी पत्रिका का प्रकाशन महिलाओं के लिए शुरू किया था। इस पत्रिका में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से प्रकाशित किया जाता था। उनके लेखों में अंग्रेजी शासन की कठोरताएँ और समाज में फैली कुरीतियों का विरोध साफ नजर आता है। उनका समस्त लेखन भाषा एवं सामग्री दोनों में अद्वितीय था।  उन्होंने हिंदी में खड़ी बोली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, लोकभाषा को साहित्य में जगह दी और हिंदी को जनसामान्य का माध्यम बनाने का प्रयास किया।भारतेन्दु हरिश्चंद्र के समय को "भारतेन्दु युग" कहा जाता है। इस दौर में हिंदी साहित्य ने नई दिशा प्राप्त की और ध्यान केंद्रित किया गया। उनकी साहित्यिक उपलब्धियाँ और सामाजिक योगदान ने उन्हें हिंदी साहित्य का चमकता सितारा बना दिया।

उनके द्वारा लिखें हुए कुछ दोहें :- 

(1)प्रेम प्रेम सब ही कहत प्रेम न जान्यौ कोय। 

जो पै जानहि प्रेम तो मरै जगत क्यों रोय॥ 

(2)प्रेम सकल श्रुति-सार है प्रेम सकल स्मृति-मूल। 

प्रेम पुरान-प्रमाण है कोउ न प्रेम के तूल॥ 

(3)निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल

बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।।

भारतेन्दु हरिश्चन्द्र के द्वारा लिखी हुई कुछ कवितायेँ :-

नैन भरि देखौ गोकुल-चंद 

नैन भरि देखौ गोकुल-चंद

श्याम बरन तन खौर बिराजत अति सुंदर नंद-नंद

विथुरी अलकैं मुख पै झलकैं मनु दोऊ मन के फंद 

मुकुट लटक निरखत रबि लाजत छबि लखि होत

अनंद 

संग सोहत बृषभानु-नंदिनी प्रमुदित आनंद-कंद 

'हरीचंद' मन लुब्ध मधुप तहं पीवत रस मकरंद।।

 दुनिया में हाथ पैर हिलाना नहीं अच्छा

दुनिया में हाथ पैर हिलाना नहीं अच्छा।

मर जाना पै उठके कहीं जाना नहीं अच्छा॥ 

बिस्तर प मिस्ले लोथ पड़े रहना हमेशा। 

बंदर की तरह धूम मचाना नहीं अच्छा॥ 

रहने दो जमीं पर मुझे आराम यहीं है। 

छोड़ो न नक्शेपा हैं मिटाना नहीं अच्छा॥ 

उठ करके घर से कौन चले यार के घर तक। 

मौत अच्छी है पर दिल का लगाना नहीं अच्छा।

धोती भी पहिने जब कि कोई गेर पिन्हा दे। 

उमरा को हाथ पैर चलाना नहीं अच्छा॥ 

सिर भारी चीज है इसे तकलीफ हो तो हो। 

पर जीभ बिचारी को सताना नहीं अच्छा॥ 

फ़ाकों से मरिए पर न कोई काम कीजिए। 

दुनिया नहीं अच्छी है जमाना नहीं अच्छा॥ 

सिजदे से गर बिहिश्त मिले दूर कीजिए। 

दोज़ख़ ही सही सिर का झुकाना नहीं अच्छा॥ 

मिल जाय हिन्द ख़ाक में हम काहिलों का क्या। 

ऐ मीरे फ़र्श रंज उठाना नहीं अच्छा॥



लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer )