भारत की धरती पर कई साहित्यकारों ने जन्म लिया है, जिन्होंने अपने साहित्यिक योगदान से भारतीय साहित्य को समृद्ध किया है। जिस तरह एक कलाकार अपनी कल्पना को उड़ान देने के लिए रंगों का इस्तेमाल करता है और उन्हें अपने अंदाज में कागज पर उकेर कर लोगों तक पहुंचाता है, उसी तरह एक लेखक शब्दों को औजार बनाकर समाज की विविधता, संघर्ष और उम्मीदों को अपने लेखन में अपने अनूठे अंदाज में उकेरता है । 

उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर यह जरूरी है कि हम उनके साहित्यिक योगदान को पहचानें और उनकी गहराई को समझें। इन लेखकों ने न केवल समाज के विभिन्न पहलुओं को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाया है, बल्कि उनकी रचनाएँ आज भी हमें प्रेरित करती हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखती हैं । उनका लेखन समय के साथ अमर हो गया है और भारतीय साहित्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है ।

जगदीश पीयूष (6अगस्त,1950 - 5फरवरी, 2021)

अमेठी की धरती ने कई रत्न दिए, उनमें से एक नाम जगदीश पियूष भी है। वे भारतीय साहित्य के प्रख्यात लेखक, शिक्षाविद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता थे। उनका जन्म 6 अगस्त, 1950 को उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में हुआ था। उन्होंने अवधी साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया और अपने लेखन से अवधी भाषा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। कविता, खंडकाव्य और लोक साहित्य, इन सभी विधाओं में उनकी उपस्थिति उल्लेखनीय रही है। उनकी उल्लेखनीय रचनाओं में “किस्से अवधि के”, “अवधि साहित्यशास्त्री और समीक्षक”, “आधुनिक साहित्य खंड”, “राजीव गांधी के सपनों का भारत”, और “सोनिया गांधी: राजनीति की पवित्र गंगा” शामिल हैं। उन्होंने राजनीति में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। वे गांधी परिवार के बेहद करीबी थे, और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मीडिया प्रतिनिधि थे। उन्होंने ‘अमेठी का डंका’ और ‘बिटिया प्रियंका’ जैसे यादगार नारे दिए थे। वे बहु-प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। उन्होंने साहित्य, राजनीति, शिक्षा और समाज के क्षेत्र में अपना बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया।

वीरेन्द्र कुमार भट्टाचार्य(14अक्टूबर,1924 – 6अगस्त,1997)

वीरेंदर कुमार भट्टाचार्य असमिया साहित्य के उन रत्नों में से एक हैं, जिन्होंने अपनी रचनाओं से असमिया साहित्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वे असमिया साहित्य के अग्रदूतों में से एक थे। वे एक प्रतिभाशाली लेखक, कवि, निबंधकार और पत्रकार होने के साथ-साथ समाजवादी विचारों से भी प्रेरित थे। उनका जन्म 14 अक्टूबर 1924 को असम में हुआ था। उनकी रचनाओं ने असमिया साहित्य को समृद्ध करने का काम किया और उन्होंने साहित्य की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके लेखन में सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दों का गहरा चित्रण मिलता है। वे अपनी रचनाओं के माध्यम से असम और असमिया समाज के विभिन्न पहलुओं को उजागर करते थे। उनके उपन्यासों में ग्रामीण जीवन, असम के संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन की कहानियाँ प्रकट होती हैं। उनके द्वारा पचास से भी अधिक ग्रंथ प्रकाशित किए गए, जिनमें उपन्यास, कहानी-संग्रह, कविता-संकलन, यात्रा-वृत्त तथा निबंध, लोक साहित्य तथा गद्य लेखन सभी शामिल हैं। उनके उपन्यासों, कहानियों, कविताओं और निबंधों ने पाठकों को गहराई से प्रभावित किया। उनकी प्रमुख रचनाओं में “इयारुइंगम”, “मृत्युंजय” और “आई” शामिल हैं। "इयारुइंगम" उपन्यास के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया, और "मृत्युंजय" के लिए उन्हें 1979 में ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बिरेन्द्र कुमार भट्टाचार्य का निधन 6 अगस्त 1997 को हुआ था। लेकिन अपनी साहित्यिक रचनाओं के माध्यम से वे आज भी जीवित हैं। उनका जीवन और साहित्यिक योगदान असमिया साहित्य के लिए एक प्रेरणा का स्रोत है।

लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer