भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊँचा माना जाता है। “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः”, अर्थात गुरु ही ब्रह्मा, विष्णु और महेश्वर हैं। गुरु ही हैं जो हमारे जीवन में अज्ञान के अंधकार को दूर कर के ज्ञान की ज्योति को जलाता हैं। शिक्षक दिवस इसी गुरु-शिष्य के परंपरा का एक हिस्सा है। हमारे शिक्षक भी हमारे लिए गुरु की ही भूमिका निभाते हैं, हमें ज्ञान प्रदान करते हैं, हमारे व्यक्तित्व का विकास करते हैं और हमें एक बेहतर इंसान बनने में मदद करते हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के अवसर पर हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन उन सभी शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए है, जो हमारे देश के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह दिन शिक्षकों के जीवन और समाज में उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देने के लिए समर्पित है।
मनुष्य जीवन भर सीखता है। एक मां बच्चे की पहली शिक्षिका होती है, जो उसे जीवन के प्रारंभिक पाठ बताती है। मां से ही बच्चा बोलना, चलना और संसार को समझने की कोशिश करता है। बच्चा केवल घर में ही नहीं, अपितु अपने आस-पास की चीजों से भी बहुत कुछ सीखता है। हर अनुभव, हर घटना उसके जीवन में एक नया अध्याय जोड़ने का कार्य करती है। लेकिन इस ज्ञान को सही दिशा में मोड़ने का कार्य एक शिक्षक करता है। शिक्षक, हर युग में ज्ञान के अलख जगाने वाले दीपक रहे हैं। पुराने समय में ऋषि-मुनि, गुरु, आचार्य जैसे महान शिक्षक थे जिन्होंने वेदों, उपनिषदों और अन्य ग्रंथों के माध्यम से ज्ञान का प्रसार किया। आज भी हमारे समाज में ऐसे अनेक शिक्षक हैं जो इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और अपने ज्ञान की रोशनी से हजारों बच्चों के जीवन के अंधकार को दूर कर उनका पथ प्रदर्शित कर रहे हैं।
आज शिक्षक दिवस के इस अवसर पर एक ऐसे ही एक शिक्षक की छोटी सी कहानी:
नई दिल्ली की भीड़भाड़ से भरी सड़कों के नीचे एक ऐसा दृश्य देखने को मिलता है जो दिल को छू जाता है—एक पुल के नीचे स्कूल। यह स्कूल किसी आम कक्षा की तरह नहीं, बल्कि एक शिक्षक की समर्पित परिश्रम का परिणाम है। गरीबी के कारण खुद पढ़ाई पूरी न कर पाने वाले राजेश कुमार ने यह तय किया कि वे दूसरे बच्चों की ज़िंदगी बदलेंगे। अपने प्रयासों से उन्होंने शिक्षा का दीप जलाए रखा है, जहां न कोई कक्षाएं हैं, न बेंच, लेकिन बच्चों की आँखों में ज्ञान का अलख है। राजेश कुमार शर्मा का यह अनूठा प्रयास उन बच्चों की जिंदगी बदलने का काम कर रहा है, जिनके पास स्कूल जाने का कोई साधन नहीं है। उन्होंने ने उन्हें एक ऐसा मंच देने का काम किया है, जहां वे न केवल पढाई कर सकते हैं, अपितु अपनी ज़िंदगी को एक नए आयाम पर भी ले जा सकते हैं। राजेश कुमार की इस अनोखी पहल को यूनेस्को ने भी सराहा है और उनकी कहानी को दुनिया भर में पहुँचाया है।
ऐसे हजारों राजेश कुमार और हैं इस देश में जो आज के समय में अपने ज्ञान से लाखों बच्चों के जीवन को प्रकाशित करने का कार्य कर रहे हैं। शिक्षक दिवस उन सभी के समर्पण और परिश्रम समर्पित है।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
