किशोर कुमार, भारतीय सिनेमा में एक ऐसा नाम हैं जिन्हें किसी भी परिचय की आवश्यकता नहीं है। अपनी अनोखी आवाज़ और बेमिसाल अंदाज़ के कारण, उन्होंने भारतीय संगीत जगत में एक ऐसा मुकाम हासिल किया जो आज भी किसी के लिए सपना है। उनका जन्म 4 अगस्त, 1929 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था। उनका वास्तविक नाम आभास कुमार गांगुली था, लेकिन सिनेमा जगत में उन्होंने किशोर कुमार के नाम से प्रख्याति प्राप्त की। किशोर दा के नाम से मशहूर, उन्होंने भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयाँ दीं। वे न केवल एक बेहतरीन गायक थे, बल्कि एक सफल अभिनेता, निर्देशक और पटकथा लेखक भी थे। उनका सफर संघर्षों से भरा हुआ था, लेकिन उनकी प्रतिभा ने हर मुश्किल को मात दी। गायकी में उनके सफर की शुरुआत 1948 में फिल्म ‘ज़िद्दी’ के गीत “मरने की दुआएं क्यों मांगे” से हुई थी। किशोर कुमार ने 1957 में फिल्म “फंटूस” में गाए अपने गीत “दुखी मन मेरे” से संगीत जगत में अपनी छाप छोड़ दी। इस अद्भुत प्रदर्शन के बाद, मशहूर संगीतकार एस.डी. बर्मन ने किशोर कुमार को कई गानों को गाने का मौका दिया। आर.डी. बर्मन के संगीत में किशोर कुमार ने “मुनीम जी”, “टैक्सी ड्राइवर”, “फंटूश”, “नौ दो ग्यारह”, “गाइड”, “ज्वेल” और “प्रेमपुजारी” जैसी फिल्मों में अपनी जादुई आवाज से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। अनुमान के अनुसार, किशोर कुमार ने 1940 से 1987 के बीच लगभग 2700 गाने गाए और हिंदी के साथ-साथ तमिल, मराठी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, भोजपुरी, मलयालम और उड़िया भाषाओं में भी करीब 700 गीत रिकॉर्ड किए।
उनके द्वार गाए गए सुपरहिट गानों की लिस्ट बहुत लंबी है। “मेरे सपनों की कब आएगी तू”, “रूप तेरा मस्ताना”, “पल-पल दिल के पास” और “जिंदगी का सफर” आदि गानों ने उन्हें हर दिल का खास बना दिया। उनके द्वारा गाए हुए कई गानों की कुछ दिलचस्प कहानियां हैं, जैसे “पांच रुपये बारह आना”। यह गीत “चलती का नाम गाड़ी” फिल्म का हिस्सा है, जिसे 1958 में रिलीज़ किया गया था। यह गाना उनकी असल जिंदगी की एक घटना से प्रेरित था।
किशोर दा के कॉलेज के दिनों में भी उनकी मस्तमौला आदतें बेमिसाल थीं। वे इंदौर के क्रिश्चियन कॉलेज में पढ़ते थे, और वे अक्सर कैंटीन से उधार लेकर खाना खाते थे और दोस्तों को भी खिलाते थे। एक बार जब उनके उधार की रकम पाँच रुपये बारह आना तक पहुँच गई, तो कैंटीन वाले ने उनसे पैसे चुकाने की मांग की। किशोर कुमार ने चुपके से अपनी खासियत दिखाते हुए, टेबल पर गिलास और चम्मच बजाते हुए 'पाँच रुपये बारह आना' गाना शुरू कर दिया। यही नहीं, उन्होंने इस मजेदार लम्हे को अपने एक गीत में खूबसूरती से पिरो दिया, जिसने उस समय पर लोगों के दिलों को खूब प्रभावित किया। आज भी बहुत कम लोग जानते हैं कि 'पाँच रुपये बारह आना' वाले मशहूर गीत की प्रेरणा किशोर कुमार के कॉलेज के दिनों से आई थी। उनका यही बेमिसाल अंदाज़ उन्हें आज भी अमर बनाए हुए है।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer
