मन योगी तन भस्म भया
तू कैसो हर्फ़ कमाया
अज़ल के योगी ने फूँक जो मारी
इश्क़ का हर्फ़ अलाया…
भारत की इस भूमि पर अनेक साहित्यकारों ने जन्म लिया है, जिन्होंने अपने साहित्यिक योगदान से भारतीय साहित्य को समृद्ध करने का काम किया है। जिस तरह से एक कलाकार अपनी कल्पनाओं को उड़ान देने के लिए रंगों का प्रयोग करता है और उन्हें अपने अंदाज में कागज पर उकेरकर लोगों तक पहुंचाता है, ठीक उसी प्रकार से एक लेखक शब्दों को औजार बनाकर समाज की विविधता, संघर्ष और उम्मीदों को अपने लेखन में अपने अनूठे अंदाज में उकेरता है।
उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर यह आवश्यक है कि हम उनके साहित्यिक योगदान को पहचानें और उनकी गहराई को समझें। इन लेखकों ने न केवल समाज के विभिन्न पहलुओं को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाया है, बल्कि उनकी रचनाएँ आज भी हमें प्रेरित करती हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं।
अमृता प्रीतम (31अगस्त,1919 – 31अक्टूबर,2005)
अमृता प्रीतम, 20वीं सदी की एक ऐसी लेखिका थीं जिन्होंने अपनी लेखनी से लाखों दिलों को छुआ। उनकी कहानियां और कविताएं केवल शब्दों का खेल नहीं, अपितु जीवन के अनुभवों की अभिव्यक्ति थीं। उनका जन्म 31 अगस्त 1919 को पंजाब के गुंजरवाला (जो कि वर्तमान में पाकिस्तान में है) हुआ था। उन्होंने न केवल कविताएँ बल्कि उपन्यास, निबंध, कथा तथा पंजाबी लोक गीतों में भी अपना योगदान दिया है। प्रेम और दर्द की कविताएँ लिखने वाली महान लेखिका ने न केवल हिंदी और पंजाबी साहित्य को समृद्ध किया, बल्कि समाज में महिलाओं के अधिकारों और उनके अस्तित्व की गहराई को भी उजागर किया। उनकी रचनाओं में नारीवादी दृष्टिकोण, विभाजन की पीड़ा, और मानवीय संबंधों की जटिलताओं का खूबसूरत चित्रण मिलता है।
साहित्यिक योगदान
अमृता ने कम उम्र से ही कविता लिखना प्रारंभ कर दिया था। उनकी पहली कविता संग्रह ‘अमृत लहरें’ 16 वर्ष की आयु में प्रकाशित हुई थी। उनका साहित्यिक योगदान बेहद व्यापक और विविध है। उन्होंने लगभग 100 पुस्तकें लिखी, जिनमें कविताएँ, उपन्यास, निबंध, कथा तथा पंजाबी लोकगीत शामिल हैं। अमृता को नारीवाद की अग्रणी आवाज़ के रूप में माना जाता है। उन्होंने अपने लेखन में नारी की पहचान, अधिकार और संघर्षों को स्पष्ट रूप से चित्रित किया है। भारत-पाकिस्तान विभाजन ने उनके जीवन और लेखन पर गहरा प्रभाव डाला। कविता "अज्ज आखां वारिस शाह नू" ने विभाजन की त्रासदी को बहुत संवेदनशील रूप में प्रस्तुत किया और यह कविता विभाजन की भयावहता की एक गहरी छाप बनकर उभरी। एक उपन्यासकार के रूप में, उनका सबसे प्रसिद्ध काम "पिंजर" (1950) था, जिसमें उन्होंने पूरो का यादगार किरदार रचा। पूरो महिलाओं के खिलाफ हिंसा, मानवता की हानि, और नियति के आगे आत्मसमर्पण का प्रतीक बनती है। इस उपन्यास पर आधारित फिल्म "पिंजर" (2003) ने कई पुरस्कार जीते। वे केवल व्यक्तिगत अनुभवों तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि अपने समय के सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी लेखनी के माध्यम से आवाज़ उठाई। उन्होंने विभाजन, युद्ध, और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों पर भी लिखने का काम किया। उनकी प्रसिद्ध रचनाओं में 'काग़ज़ से कैनवास', 'रसीदी टिकट', 'पिंजर' आदि शामिल हैं। उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिसमें 'पद्म विभूषण', 'पद्म श्री', 'साहित्य अकादमी पुरस्कार', 'ज्ञानपीठ पुरस्कार' आदि प्रमुख हैं।
उनकी लिखी हुई कुछ कवितायेँ :--
(1)कुफ़्र
आज हमने एक दुनिया बेची
और एक दीन ख़रीद लिया
हमने कुफ़्र की बात की
सपनों का एक थान बुना था
एक गज़ कपड़ा फाड़ लिया
और उम्र की चोली सी ली
आज हमने आसमान के घड़े से
बादल का एक ढकना उतारा
और एक घूँट चाँदनी पी ली
यह जो एक घड़ी हमने
मौत से उधार ली है
गीतों से इसका दाम चुका देंगे।।
(2)मन योगी तन भस्म भया
मन योगी तन भस्म भया
तू कैसो हर्फ़ कमाया
अज़ल के योगी ने फूँक जो मारी
इश्क़ का हर्फ़ अलाया…
धूनी तपती मेरे मौला वाली
मस्तक नाद सुनाई दे
अंतर में एक दीया जला
आस्मान तक रोशनाई दे
कैसो रमण कियो रे जोगी!
किछु न रहियो पराया
मन योगी तन भस्म भया
तू ऐसी हर्फ़ कमाया।।
अमृता प्रीतम का साहित्य केवल एक लेखिका की रचनाओं का संग्रह नहीं है, बल्कि एक सोच, एक दृष्टि और एक क्रांति का प्रतीक है। उन्हें न केवल एक महान लेखिका के रूप में याद किया जाएगा, बल्कि एक समाज सुधारक और नारीवादी के रूप में भी हमेशा गौरव के साथ याद किया जाएगा।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer
