भारत की इस भूमि पर अनेक साहित्यकारों ने जन्म लिया है, जिन्होंने अपने साहित्यिक योगदान से भारतीय साहित्य को समृद्ध करने का काम किया है। जिस तरह से एक कलाकार अपनी कल्पनाओं को उड़ान देने के लिए रंगों का प्रयोग करता है और उन्हें अपने अंदाज में कागज पर उकेरकर लोगों तक पहुंचाता है, ठीक उसी प्रकार से एक लेखक शब्दों को औजार बनाकर समाज की विविधता, संघर्ष और उम्मीदों को अपने लेखन में अपने अनूठे अंदाज में उकेरता है।
उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर यह आवश्यक है कि हम उनके साहित्यिक योगदान को पहचानें और उनकी गहराई को समझें। इन लेखकों ने न केवल समाज के विभिन्न पहलुओं को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाया है, बल्कि उनकी रचनाएँ आज भी हमें प्रेरित करती हैं और हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं। उनका लेखन समय के साथ अमर हो गया है और भारतीय साहित्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
विष्णु सखाराम खांडेकर (11जनवरी,1898-2सितम्बर,1976)
विष्णु सखाराम खांडेकर ने मराठी साहित्य जगत में अपनी उपलब्धियों के माध्यम से एक विशेष स्थान बनाया। उनका जन्म 11 जनवरी, 1898 को महाराष्ट्र के सांगली जिले में हुआ था। वे मराठी साहित्य के ऐसे रत्न थे जिन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से मराठी साहित्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और उनकी कलम से निकले शब्दों ने न केवल मराठी पाठकों बल्कि पूरे भारत के साहित्य प्रेमियों को मोहित करने का काम किया।
साहित्यिक योगदान
1919 में उनकी पहली रचना ‘श्रीमत कालीपुराणम’ प्रकाशित हुई और यहीं से उनके साहित्यिक करियर की भी शुरुआत हुई। उनका साहित्यिक करियर बहुत विविधतापूर्ण रहा, जिसमें उन्होंने 16 उपन्यास, 250 लघु कथाएँ, 6 नाटक, 50 रूपक कहानियाँ, और कई निबंध और आलोचनाएँ लिखी। ‘ययाति’ उनकी प्रसिद्ध रचना मानी जाती है, जिसने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। इस उपन्यास को न केवल साहित्यिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया, बल्कि इसे भारतीय साहित्य में एक क्लासिक के रूप में भी माना जाता है। उनकी रचनाओं में प्रेम, विछोह, सामाजिक मुद्दे और मानवीय संघर्षों की छवियों का चित्रण देखने को मिलता है। उनकी प्रमुख रचनाओं में ‘ययाति’, ‘उल्का’, ‘क्रौंचवध’ आदि शामिल हैं। उनके लेखन ने मराठी साहित्य को एक नई दिशा दी और लघु कथा तथा व्यक्तिगत निबंध को एक स्वतंत्र साहित्यिक विधा के रूप में प्रस्तुत किया। उनकी शैली ने आधुनिक साहित्य में एक नया मानक स्थापित किया और अनेक लेखकों को उनके विचारों से प्रभावित किया। उनकी साहित्यिक उपलब्धियों के लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। वे पहले मराठी लेखक थे जिन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके अलावा, उन्हें 1968 में पद्मभूषण और 1970 में साहित्य अकादमी फैलोशिप भी मिली। उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने 1998 में उनके सम्मान में एक समर्पित डाक टिकट भी जारी किया। खांडेकर के विचार और रचनाएँ एक ऐसा प्रकाश हैं जो भारतीय साहित्य के मार्ग को सदैव रौशन करते रहेंगे।
लेखक/ लेखिका: रचियेता वैष्णव (कविशाला - Content Writer)
