आज हर वर्ष की तरह पुनः दशहरा आया है। आज भी इस दशहरे में इस बार फिर हम लोगों ने रावण को मारने का प्रयास करना है। हम प्रत्येक वर्ष यह जघन्य अपराध करते हैं। एक मृत व्यक्ति की सामूहिक हत्या और उसी हत्या पर सामूहिक हर्षोल्लास करते हैं। यह हमारे समाज की निरक्षरता और असहिष्णुता को दर्शाता है। यह इसलिए कि हम इस शोर में रावण के साथ अनजाने में राम की भी हत्या कर देते हैं। दीये की रोशनी को अंधियारे के बिना समझना कठिन है। सुख की छाँव को दुःख के कांटो के बिना अनुभव करना कठिन है। यदि रावण न होता, तो राम भी न होते। ईश्वर को तभी अवतार लेना पढता है, जब सृष्टि में असंतुलन हो जाए। इसलिए रावण ही राम की उत्पत्ति का कारण है । रावण व्यक्तिगत आधार पर एक ज्ञानी ब्राह्मण था। ज्ञानी नहीं, ब्रह्म ज्ञानी था। शास्त्र कहते हैं कि ब्राह्मण वह, जो ब्रह्म का ज्ञाता हो। "ब्रह्म जानाति ब्राह्मणः"। स्वयं राम को भी ब्रह्म हत्या का पाप लगा था। प्रतिद्वंद्वी ऐसा ही होना चाहिए। कम से कम मूढ़ व्यक्तियों के विचारों से दूरी तो बनी रहेगी। मूढ़ वो जिसको कुछ समझ नहीं आया, सिर्फ लीपा-पोती, इधर कुछ पढ़ा, उधर उगल दिय। न संश्लेषण, न विश्लेषण। अचरज होता है जब तथाकथित ज्ञानी और सभ्य मूढ़, रावण का अजब सा बखान करते हैं। जो राम राज्य की बात करते हैं उनको भी पता होना चाहिए कि दोनों प्रतिद्वंदियों का एक दूसरे के प्रति इतना आदर था। कम्ब रामायण के आधार पर रावण ने ही राम की शिव पूजा की व्यवस्था करवाई थी और स्वयं उपस्थित होकर राम को विजय का आशीर्वाद दिया था। याद रहे, वह आशीर्वाद रावण ने स्वयं पर विजय पाने का आशीर्वाद दिया था। यह होता है ब्राह्मण जिसको तथाकथित ज्ञानियों और सभ्य मूढ़ों ने एक जाति विशेष की सीमाओं में बाँध दिया। 

यदि सामाजिक वर्ण व्यवस्था की बात की जाय, तो ब्राह्मण वर्ण व्यवस्था में सबसे ऊपर माने जाते थे। प्रत्येक राजा जो क्षत्रिय था, केवल ब्राह्मणों के ज्ञान के आधार पर ही अपने निर्णयों को परिपक्व बनाता था। ऐसे श्रेष्ठ ब्राह्मणों का वर्णन इतिहास में कई बार देखने को मिलता है I लेकिन वर्ण व्यवस्था की कुरीतियों के कारण ब्राह्मण के विपक्ष में सामाजिक एवं धार्मिक आंदोलन चलाये गए। बौद्ध तथा जैन धर्मों की उत्पत्ति इसी व्यवस्था की परिचायक है। मैं यह नहीं कह रहा कि ब्राह्मण सर्वोपरि है, पर मैं यह कह रहा हूँ कि रावण जैसे ब्रह्मज्ञानी को तिरस्कृत करने की जो सामूहिक शक्ति हमारे समाज में लगाई गयी है, उससे हमारा सम्पूर्ण सामाजिक ढांचा हिल गया है। मुझे ज्ञानियों से नहीं, तथा कथित ज्ञानियों तथा सभ्य मूढों से डर लगता है। इन लोगों की विकृत परिभाषा के कारण आज व्यभिचार हमारे समाज में प्रविष्ट कर गया है। तुलसीदास ने अपनी मूल वाणी में इसका वर्णन किया था - ढोल, गंवार, क्षुब्ध पशु, रारी, सकल ताड़ना के अधिकारी। इस चौपाई को भी कुछ तथाकथित ज्ञानियों ने संशोधित कर दिया । क्षुब्ध, शूद्र हो गया तथा रारी, नारी हो गया ।

परिवर्तन के शोर के बीच में कई बार विकृतियाँ जन्म लेती हैं, ठीक उसी तरह जैसे पौधों के बीच जंगली घांस का उगना होता है । यह प्रकृति का नियम है। सामाजिक विकृतियाँ शायद इसी प्राकृतिक व्यवस्था के कारण हैं । मगर जो भी हो, विधेयात्मक चिंतन विकृति में समाधान खोज ही लेता है। व्यवस्था समय के आधार पर बनती और फलीभूत होती है । ब्रह्मज्ञ रावण ने लंका का जो निर्माण किया, वह अप्रतीम था । लेकिन चरित्र की एक प्रवृत्ति ने रावण को इतिहास में एक ऐसा खलनायक बना दिया कि समयासमय उसका व्यक्तित्व निंदनीय रहा । लेकिन उसकी मृत्यु के पश्चात जो राज्य राम ने जीत कर विभीषण को दान कर दिया, उस लंका का इतिहास में कोई विशेष स्थान नहीं है । मगर उसके साथ ही राम राज्य में भी कोई ऐसा उत्कृष्ट उदाहरण नहीं रह जाता । राम के पुनः आगमन पर दीपावली मनाई जाती है, लेकिन अयोध्या का इतिहास उनके उपरान्त धूमिल होता हुआ त्रेता युग के समापन की ओर इंकित करता है । ऐसा नहीं है कि राम के या रावण के वंशज नहीं हुए। वे हुए, लेकिन इतिहास उनकी गिनती नहीं करता । मूलतः बात यह है कि रावण है, तो राम भी हैं । एक गया तो दूसरा भी । प्रतिद्वंद्वी बुद्धिमान और कुशल होना चाहिए । इसमें आजकल देखी जाने वाली गला काट प्रतियोगिता का कोई स्थान नहीं है । जिन संगठनों में इस प्रकार की प्रतियोगिता है, उनमें मानवीय भावनाओं और संवेदन शीलता का कोई महत्त्व नहीं । ऐसे संगठनों के अनेक उदाहरण आपके सामने हैं । प्रतिद्वंद्विता कौशलपूर्ण और समादर करने वाले लोगों के बीच हो तो न केवल संगठन, बल्कि राष्ट्र भी उन्नति करता है । नहीं तो विकृतियां समयानुसार संगठन और राष्ट्र को जर्जर कर देती हैं । लोकतान्त्रिक व्यवस्था में इसलिए एक सबल प्रतिपक्ष की परिकल्पना की गयी है । सबल प्रतिपक्ष न हो तो लोकतंत्र शिथिल हो जाता है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को परिपक्व होने के लिए विधेयात्मक प्रतिद्वंद्विता की आवश्यकता है । मैं रियासत हुसैन रिजवी उर्फ ‘शौक बहराइची’ के लिखे शेर को उद्धृत कर अपनी बात को विराम देता हूँ:


बर्बाद गुलिस्ताँ करने को बस एक ही उल्लू काफ़ी था

हर शाख़ पे उल्लू बैठा है अंजाम-ए-गुलिस्ताँ क्या होगा


आज इतना ही।


विवेक पाठक "सुदर्शन"