है अमानिशा, उगलता गगन घन अन्धकार,

खो रहा दिशा का ज्ञान, स्तब्ध है पवन-चार,

अप्रतिहत गरज रहा पीछे अम्बुधि विशाल,

भूधर ज्यों ध्यानमग्न, केवल जलती मशाल,

स्थिर राघवेन्द्र को हिला रहा फिर - फिर संशय,

रह-रह उठता जग जीवन में रावण-जय-भय।

- सूर्यकांत त्रिपाठी निराला


राम, तुम्हारे युग का रावण अच्छा था !

दस के दस चेहरे सब बाहर रखता था !!

- प्रताप सोमवंशी


ख़ुशियों का सूरज चमकाकर, अंधियारों का ज़ोर घटाओ

दिल के अन्दर जो रावण है, उस रावण में आग लगाओ


लक्ष्मण-रेखा भी आख़िर क्या कर लेगी

सारे रावण घर के अंदर निकलेंगे

- प्रताप सोमवंशी


राम-रावण युद्ध ' मुझमें उम्र भर जारी रहा

मेरे रावण का कभी वध कर न पाए मेरे राम

- राजेश रेड्डी


वो तो पीतल था उसे किस तरह सोना करते

इससे अच्छा था रावण पर भरोसा करते

वादे ही वादे फिर से वही वादे

जिंदगी बीत गई तुझको तमाशा करते

- मंज़र भोपाली


राम चिरंतन चेतना, राम सनातन सत्य।

रावण वैर-विकार है, रावण है दुष्कृत्य॥

वर्तमान का दशानन, यानी भ्रष्टाचार।

दशहरा पर करें, हम इसका संहार॥

- अजहर हाशमी


क्रोध, कपट, कटुता, कलह, चुगली अत्याचार

दगा, द्वेष, अन्याय, छल, रावण का परिवार॥

राम चिरंतन चेतना, राम सनातन सत्य।

रावण वैर-विकार है, रावण है दुष्कृत्य॥

वर्तमान का दशानन, यानी भ्रष्टाचार।

दशहरा पर करें, हम इसका संहार॥

- अज़हर हाशमी


सब की पूजा एक सी, अलग अलग हर रीत

मस्जिद जाये मौलवी, कोयल गाये गीत


पूजा घर में मूर्ती, मीरा के संग श्याम

जितनी जिसकी चाकरी, उतने उसके दाम


सीता, रावण, राम का, करें विभाजन लोग

एक ही तन में देखिये, तीनों का संजोग


- निदा फ़ाज़ली


जब धरती पर रावण राजा बनकर आता है।

जो सच बोले उसे विभीषण समझा जाता है।

करने वाले की छेनी से पर्वत कट जाता,

शोर मचाने वाला केवल शोर मचाता है।

- 'सज्जन' धर्मेन्द्र


राम दवा हैं रोग नहीं हैं सुन लेना

राम त्याग हैं भोग नहीं हैं सुन लेना

राम दया हैं क्रोध नहीं हैं जग वालो

राम सत्य हैं शोध नहीं हैं जग वालों

राम हुआ है नाम लोकहितकारी का

रावण से लड़ने वाली खुद्दारी का

- हरिओम पंवार


राष्ट्रद्रोह के रावण की सांसो का घोड़ा ठहर गया

सरहद पार तिरंगा अपना स्वाभिमान से लहर गया


आतंकवाद से लड़ने की शक्ति आई दरबार में

इसीलिए सेना ने मारा एलओसी के पार में


आज सियासत बदल गई है डरते डरते जीने की

उग्रवाद ने नाप देख ली छप्पन इंची सीने की


- कवि कमल


जो पुल बनाएँगे

वे अनिवार्यत:

पीछे रह जाएँगे।


सेनाएँ हो जाएँगी पार,

मारे जाएँगे रावण,

जयी होंगे राम।


जो निर्माता रहे

इतिहास में

बन्दर कहलाएँगे।


- अज्ञेय