देश में इक कार पलटी

कार में कानून पलटा

हर जगह कीचड़ भरा था

आप ने पतलून पलटा

नेता जी ने बात पलटी

रोकड़े से मात पलटी

शाम को खा कर उजाला

सुबह-सुबह रात पलटी


सत्य सुनकर सत्य पलटा 

धर्म पढ़कर धर्म पलटा

रोटियाँ सारी चिता पर

पलटता है गर्म पलटा

चोर आगे चोर पीछे

किस तरफ़ अब चोर पलटे

इस पे सट्टा क्या लगाना

देश अब किस ओर पलटे


पाठ में इतिहास पलटा

भाँग खा के ज्ञान पलटा

ये भी अब कह कर बताएँ

किस ने संविधान पलटा

अच्छे अच्छे लोग पलटे

बोलकर के बोल पलटे

जो था भीतर अब है बाहर

आदमी के खोल पलटे


स्वर्ग पलटे नर्क में

प्रारंभ में सब अंत पलटे

भिड़ गए सब युग पलटकर

देव पलटे संत पलटे

आज भी पलटेगा साधो

ताज भी पलटेगा साधो

तख़्त भी पलटेगा साधो

वक्त भी पलटेगा साधो


सोचकर के रोज़ ये ही

आपने अख़बार पलटे

आप बस पन्ने को पलटें

और ये संसार पलटे

उफ़! मगर विज्ञापनों ने

इंक के आलाप पलटे

आपने पन्ने जो पलटे

पन्ने पन्ने आप पलटे


अब पलटना ही प्रथा है

अब पलटना ही सुगम है

अब पलटना योजना है

ख़ुद पलटना न्यूनतम है

आएगा अब ये ख़बर में

जो पिया था विष उलटकर

झाग उगला भाग्य उगला

मर गयी जनता पलट कर