[Kavishala Daily]
मंदिर, मस्जिद, दाढ़ी, चोटी
काट रहे हैं बोटी-बोटी
बांट रहे हैं हम बच्चों को
छीन रहे हैं सबकी रोटी
आईटीसी के ट्रेड यूनियन लीडर, इप्टा सहारनपुर के संरक्षक एवं मशहूर शायर सरदार अनवर का देर रात निधन, कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आने के बाद बुधवार को मेडिकल कॉलेज में हुए थे भर्ती!
आप ही का कहा शेर है:
हुक्म मिलते ही हवाओं में बिखर जाना है
टूट कर शाख से पत्ते को किधर जाना है।
---------------------------------------
जो अपना हाल है सब अपनी हरकतों से है॥
दुआ किसी की नही बद् दुआ किसी नही ॥
-----------------------------------------
हुक्म मिलते ही हवाओं का, बिखर जाना है,
शाख़ से टूट कर पत्तों को किधर जाना है!
कहते हैं जां से गुज़रना है बहुत मुश्किल काम,
हमने ये काम भी हंसते हुए कर जाना है!!
फिल्म अभिनेता इनाम उल हक के ससुर और वरिष्ठ रंगकर्मी सरदार अनवर की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई, बुधवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी!
सरदार अनवर हर नए आदमी को अपना बनाने का हुनर जानते थे। उम्र और अनुभव में बड़े होने के बावजूद खुद ऐसे बर्ताव करते थे जैसे वही छोटे हैं। ठीक एक फलदार दरख्त की मानिंद। आईटीसी कंपनी में सिगरेट वर्कर्स यूनियन के महासचिव और अध्यक्ष भी रहे और यही कारण है कि सहारनपुर के हजारों लोगों को इस फैक्ट्री में रोजगार मिला। अपनी जिंदगी में उन्होंने कभी किसी बात का मलाल नहीं किया। फक्कड़ मिज़ाज, लेकिन शायरी में विचारधारा के तंज़ को नहीं भूलते थे।
उनका एक शेर है-
अपने अल्लाह से तो पर्दा रख
घर में रोटी नहीं तो रोज़ा रख।
जब भी सहारनपुर में कोई सांप्रदायिक तनाव पसरता तो वह हवा के खिलाफ लोगों को समझाने या नुक्कड़ नाटक कराने निकल पड़ते थे। मार्च और दिसंबर 1992 में सहारनपुर में दो बड़े सांप्रदायिक दंगे हुए। मार्च का दंगा सियासी था और दिसंबर का अयोध्या कांड को लेकर हुआ था। इन सुनियोजित दंगों से प्रभावित इलाकों में सरदार अनवर अपनी टीम के साथ तब तक डटे रहते थे, जब तक कि आग शांत न हो जाए। देश के विभाजन के बाद शायद यह ऐसा वक्त था जब हिन्दू-मुस्लिम विभाजन फिर से राष्ट्रीय मुद्दा बना हुआ था। हजारों सालों के इतिहास को खंगाला जा रहा था। मलबे खोदे जा रहे थे, घाव कुरेदे जा रहे थे। सियासतदार बुझी राख में चिंगारी खोज रहे थे। उन दिनों सरदार साहब एक शेर अक्सर कहा करते थे-
दाढ़ी में चोटी उलझा दी,
देखो बात कहां पहुंचा दी।
