(1)

राम की शक्ति-पूजा

सूर्यकांत त्रिपाठी निराला

____

रवि हुआ अस्त : ज्योति के पत्र पर लिखा अमर

रह गया राम-रावण का अपराजेय समर

आज का, तीक्ष्ण-शर-विधृत-क्षिप्र-कर वेग-प्रखर,

शतशेलसंवरणशील, नीलनभ-गर्ज्जित-स्वर,

प्रतिपल-परिवर्तित-व्यूह-भेद-कौशल-समूह,—

राक्षस-विरुद्ध प्रत्यूह,—क्रुद्ध-कपि-विषम—हूह,

विच्छुरितवह्नि—राजीवनयन-हत-लक्ष्य-बाण,

लोहितलोचन-रावण-मदमोचन-महीयान,

राघव-लाघव-रावण-वारण—गत-युग्म-प्रहर,

उद्धत-लंकापति-मर्दित-कपि-दल-बल-विस्तर,

अनिमेष-राम-विश्वजिद्दिव्य-शर-भंग-भाव,—

विद्धांग-बद्ध-कोदंड-मुष्टि—खर-रुधिर-स्राव,

रावण-प्रहार-दुर्वार-विकल-वानर दल-बल,—

मूर्च्छित-सुग्रीवांगद-भीषण-गवाक्ष-गय-नल,

वारित-सौमित्र-भल्लपति—अगणित-मल्ल-रोध,

गर्ज्जित-प्रलयाब्धि—क्षुब्ध—हनुमत्-केवल-प्रबोध,

उद्गीरित-वह्नि-भीम-पर्वत-कपि-चतुः प्रहर,

जानकी-भीरु-उर—आशाभर—रावण-सम्वर।

लौटे युग-दल। राक्षस-पदतल पृथ्वी टलमल,

बिंध महोल्लास से बार-बार आकाश विकल।

वानर-वाहिनी खिन्न, लख निज-पति-चरण-चिह्न

चल रही शिविर की ओर स्थविर-दल ज्यों विभिन्न;

प्रशमित है वातावरण; नमित-मुख सांध्य कमल

लक्ष्मण चिंता-पल, पीछे वानर-वीर सकल;

रघुनायक आगे अवनी पर नवनीत-चरण,

श्लथ धनु-गुण है कटिबंध स्रस्त—तूणीर-धरण,

दृढ़ जटा-मुकुट हो विपर्यस्त प्रतिलट से खुल

फैला पृष्ठ पर, बाहुओं पर, वक्ष पर, विपुल

उतरा ज्यों दुर्गम पर्वत पर नैशांधकार,

चमकती दूर ताराएँ ज्यों हों कहीं पार।

आए सब शिविर, सानु पर पर्वत के, मंथर,

सुग्रीव, विभीषण, जांबवान आदिक वानर,

सेनापति दल-विशेष के, अंगद, हनुमान

नल, नील, गवाक्ष, प्रात के रण का समाधान

करने के लिए, फेर वानर-दल आश्रय-स्थल।

बैठे रघु-कुल-मणि श्वेत शिला पर; निर्मल जल

ले आए कर-पद-क्षालनार्थ पटु हनुमान;

अन्य वीर सर के गए तीर संध्या-विधान—

वंदना ईश की करने को, लौटे सत्वर,

सब घेर राम को बैठे आज्ञा को तत्पर।

पीछे लक्ष्मण, सामने विभीषण, भल्लधीर,

सुग्रीव, प्रांत पर पाद-पद्म के महावीर;

यूथपति अन्य जो, यथास्थान, हो निर्निमेष

देखते राम का जित-सरोज-मुख-श्याम-देश।

है अमानिशा; उगलता गगन घन अंधकार;

खो रहा दिशा का ज्ञान; स्तब्ध है पवन-चार;

अप्रतिहत गरज रहा पीछे अंबुधि विशाल;

भूधर ज्यों ध्यान-मग्न; केवल जलती मशाल।

स्थिर राघवेंद्र को हिला रहा फिर-फिर संशय,

रह-रह उठता जग जीवन में रावण-जय-भय;

जो नहीं हुआ आज तक हृदय रिपु-दम्य-श्रांत,—

एक भी, अयुत-लक्ष में रहा जो दुराक्रांत,

कल लड़ने को हो रहा विकल वह बार-बार,

असमर्थ मानता मन उद्यत हो हार-हार।

ऐसे क्षण अंधकार घन में जैसे विद्युत

जागी पृथ्वी-तनया-कुमारिका-छवि, अच्युत

देखते हुए निष्पलक, याद आया उपवन

विदेह का,—प्रथम स्नेह का लतांतराल मिलन

नयनों का—नयनों से गोपन—प्रिय संभाषण,

पलकों का नव पलकों पर प्रथमोत्थान-पतन,

काँपते हुए किसलय,—झरते पराग-समुदय,

गाते खग-नव-जीवन-परिचय,—तरु मलय—वलय,

ज्योति प्रपात स्वर्गीय,—ज्ञात छवि प्रथम स्वीय,

जानकी—नयन—कमनीय प्रथम कम्पन तुरीय।

सिहरा तन, क्षण-भर भूला मन, लहरा समस्त,

हर धनुर्भंग को पुनर्वार ज्यों उठा हस्त,

फूटी स्मिति सीता-ध्यान-लीन राम के अधर,

फिर विश्व-विजय-भावना हृदय में आई भर,

वे आए याद दिव्य शर अगणित मंत्रपूत,—

फड़का पर नभ को उड़े सकल ज्यों देवदूत,

देखते राम, जल रहे शलभ ज्यों रजनीचर,

ताड़का, सुबाहु, विराध, शिरस्त्रय, दूषण, खर;

फिर देखी भीमा मूर्ति आज रण देखी जो

आच्छादित किए हुए सम्मुख समग्र नभ को,

ज्योतिर्मय अस्त्र सकल बुझ-बुझकर हुए क्षीण,

पा महानिलय उस तन में क्षण में हुए लीन,

लख शंकाकुल हो गए अतुल-बल शेष-शयन,—

खिंच गए दृगों में सीता के राममय नयन;

फिर सुना—हँस रहा अट्टहास रावण खलखल,

भावित नयनों से सजल गिरे दो मुक्ता-दल।

बैठे मारुति देखते राम—चरणारविंद

युग ‘अस्ति-नास्ति' के एक-रूप, गुण-गण—अनिंद्य;

साधना-मध्य भी साम्य—वाम-कर दक्षिण-पद,

दक्षिण-कर-तल पर वाम चरण, कपिवर गद्-गद्

पा सत्य, सच्चिदानंदरूप, विश्राम-धाम,

जपते सभक्ति अजपा विभक्त हो राम-नाम।

युग चरणों पर आ पड़े अस्तु वे अश्रु युगल,

देखा कपि ने, चमके नभ में ज्यों तारादल;

ये नहीं चरण राम के, बने श्यामा के शुभ,—

सोहते मध्य में हीरक युग या दो कौस्तुभ;

टूटा वह तार ध्यान का, स्थिर मन हुआ विकल,

संदिग्ध भाव की उठी दृष्टि, देखा अविकल

बैठे वे वही कमल-लोचन, पर सजल नयन,

व्याकुल-व्याकुल कुछ चिर-प्रफुल्ल मुख, निश्चेतन।

'ये अश्रु राम के' आते ही मन में विचार,

उद्वेल हो उठा शक्ति-खेल-सागर अपार,

हो श्वसित पवन-उनचास, पिता-पक्ष से तुमुल,

एकत्र वक्ष पर बहा वाष्प को उड़ा अतुल,

शत घूर्णावर्त, तरंग-भंग उठते पहाड़,

जल राशि-राशि जल पर चढ़ता खाता पछाड़

तोड़ता बंध—प्रतिसंध धरा, हो स्फीत-वक्ष

दिग्विजय-अर्थ प्रतिपल समर्थ बढ़ता समक्ष।

शत-वायु-वेग-बल, डुबा अतल में देश-भाव,

जलराशि विपुल मथ मिला अनिल में महाराव

वज्रांग तेजघन बना पवन को, महाकाश

पहुँचा, एकादशरुद्र क्षुब्ध कर अट्टहास।

रावण-महिमा श्मामा विभावरी-अंधकार,

यह रुद्र राम-पूजन-प्रताप तेजःप्रसार;

उस ओर शक्ति शिव की जो दशस्कंध-पूजित,

इस ओर रुद्र-वंदन जो रघुनंदन-कूजित;

करने को ग्रस्त समस्त व्योम कपि बढ़ा अटल,

लख महानाश शिव अचल हुए क्षण-भर चंचल,

श्यामा के पदतल भारधरण हर मंद्रस्वर

बोले—“संबरो देवि, निज तेज, नहीं वानर

यह,—नहीं हुआ शृंगार-युग्म-गत, महावीर,

अर्चना राम की मूर्तिमान अक्षय-शरीर,

चिर-ब्रह्मचर्य-रत, ये एकादश रुद्र धन्य,

मर्यादा-पुरुषोत्तम के सर्वोत्तम, अनन्य

लीलासहचर, दिव्यभावधर, इन पर प्रहार

करने पर होगी देवि, तुम्हारी विषम हार;

विद्या का ले आश्रय इस मन को दो प्रबोध,

झुक जाएगा कपि, निश्चय होगा दूर रोध।

कह हुए मौन शिव; पवन-तनय में भर विस्मय

सहसा नभ में अंजना-रूप का हुआ उदय;

बोली माता—“तुमने रवि को जब लिया निगल

तब नहीं बोध था तुम्हें, रहे बालक केवल;

यह वही भाव कर रहा तुम्हें व्याकुल रह-रह,

यह लज्जा की है बात कि माँ रहती सह-सह;

यह महाकाश, है जहाँ वास शिव का निर्मल—

पूजते जिन्हें श्रीराम, उसे ग्रसने को चल

क्या नहीं कर रहे तुम अनर्थ?—सोचो मन में;

क्या दी आज्ञा ऐसी कुछ श्रीरघुनंदन ने?

तुम सेवक हो, छोड़कर धर्म कर रहे कार्य—

क्या असंभाव्य हो यह राघव के लिए धार्य?

कपि हुए नम्र, क्षण में माताछवि हुई लीन,

उतरे धीरे-धीरे, गह प्रभु-पद हुए दीन।

राम का विषण्णानन देखते हुए कुछ क्षण,

''हे सखा'', विभीषण बोले, “आज प्रसन्न वदन

वह नहीं, देखकर जिसे समग्र वीर वानर—

भल्लूक विगत-श्रम हो पाते जीवन—निर्जर;

रघुवीर, तीर सब वही तूण में हैं रक्षित,

है वही वक्ष, रण-कुशल हस्त, बल वही अमित,

हैं वही सुमित्रानंदन मेघनाद-जित-रण,

हैं वही भल्लपति, वानरेंद्र सुग्रीव प्रमन,

तारा-कुमार भी वही महाबल श्वेत धीर,

अप्रतिभट वही एक—अर्बुद-सम, महावीर,

है वही दक्ष सेना-नायक, है वही समर,

फिर कैसे असमय हुआ उदय यह भाव-प्रहर?

रघुकुल गौरव, लघु हुए जा रहे तुम इस क्षण,

तुम फेर रहे हो पीठ हो रहा जब जय रण!

कितना श्रम हुआ व्यर्थ! आया जब मिलन-समय,

तुम खींच रहे हो हस्त जानकी से निर्दय!

रावण, रावण, लंपट, खल, कल्मष-गताचार,

जिसने हित कहते किया मुझे पाद-प्रहार,

बैठा उपवन में देगा दु:ख सीता को फिर,—

कहता रण की जय-कथा पारिषद-दल से घिर;—

सुनता वसंत में उपवन में कल-कूजित पिक

मैं बना किंतु लंकापति, धिक्, राघव, धिक् धिक्!

सब सभा रही निस्तब्ध : राम के स्तिमित नयन

छोड़ते हुए, शीतल प्रकाश देखते विमन,

जैसे ओजस्वी शब्दों का जो था प्रभाव

उससे न इन्हें कुछ चाव, न हो कोई दुराव;

ज्यों हों वे शब्द मात्र,—मैत्री की समनुरक्ति,

पर जहाँ गहन भाव के ग्रहण की नहीं शक्ति।

कुछ क्षण तक रहकर मौन सहज निज कोमल स्वर

बोले रघुमणि—मित्रवर, विजय होगी न समर;

यह नहीं रहा नर-वानर का राक्षस से रण,

उतरीं पा महाशक्ति रावण से आमंत्रण;

अन्याय जिधर, हैं उधर शक्ति! कहते छल-छल

हो गए नयन, कुछ बूँद पुनः ढलके दृगजल,

रुक गया कंठ, चमका लक्ष्मण-तेजः प्रचंड,

धँस गया धरा में कपि गह युग पद मसक दंड,

स्थिर जांबवान,—समझते हुए ज्यों सकल भाव,

व्याकुल सुग्रीव,—हुआ उर में ज्यों विषम घाव,

निश्चित-सा करते हुए विभीषण कार्य-क्रम,

मौन में रहा यों स्पंदित वातावरण विषम।

निज सहज रूप में संयत हो जानकी-प्राण

बोले—“आया न समझ में यह दैवी विधान;

रावण, अधर्मरत भी, अपना, मैं हुआ अपर—

यह रहा शक्ति का खेल समर, शंकर, शंकर!

करता मैं योजित बार-बार शर-निकर निशित

हो सकती जिनसे यह संसृति संपूर्ण विजित,

जो तेजःपुंज, सृष्टि की रक्षा का विचार

है जिनमें निहित पतनघातक संस्कृति अपार—

शत-शुद्धि-बोध—सूक्ष्मातिसूक्ष्म मन का विवेक,

जिनमें है क्षात्रधर्म का धृत पूर्णाभिषेक,

जो हुए प्रजापतियों से संयम से रक्षित,

वे शर हो गए आज रण में श्रीहत, खंडित!

देखा, हैं महाशक्ति रावण को लिए अंक,

लांछन को ले जैसे शशांक नभ में अशंक;

हत मंत्रपूत शर संवृत करतीं बार-बार,

निष्फल होते लक्ष्य पर क्षिप्र वार पर वार!

विचलित लख कपिदल, क्रुद्ध युद्ध को मैं ज्यों-ज्यों,

झक-झक झलकती वह्नि वामा के दृग त्यों-त्यों,

पश्चात्, देखने लगीं मुझे, बँध गए हस्त,

फिर खिंचा न धनु, मुक्त ज्यों बँधा मैं हुआ त्रस्त!

कह हुए भानुकुलभूषण वहाँ मौन क्षण-भर,

बोले विश्वस्त कंठ से जांबवान—रघुवर,

विचलित होने का नहीं देखता मैं कारण,

हे पुरुष-सिंह, तुम भी यह शक्ति करो धारण,

आराधन का दृढ़ आराधन से दो उत्तर,

तुम वरो विजय संयत प्राणों से प्राणों पर;

रावण अशुद्ध होकर भी यदि कर सका त्रस्त

तो निश्चय तुम हो सिद्ध करोगे उसे ध्वस्त,

शक्ति की करो मौलिक कल्पना, करो पूजन,

छोड़ दो समर जब तक न सिद्धि हो, रघुनंदन!

तब तक लक्ष्मण हैं महावाहिनी के नायक

मध्य भाग में, अंगद दक्षिण-श्वेत सहायक,

मैं भल्ल-सैन्य; हैं वाम पार्श्व में हनूमान,

नल, नील और छोटे कपिगण—उनके प्रधान;

सुग्रीव, विभीषण, अन्य यूथपति यथासमय

आएँगे रक्षाहेतु जहाँ भी होगा भय।”

खिल गई सभा। ‘‘उत्तम निश्चय यह, भल्लनाथ!”

कह दिया वृद्ध को मान राम ने झुका माथ।

हो गए ध्यान में लीन पुनः करते विचार,

देखते सकल-तन पुलकित होता बार-बार।

कुछ समय अनंतर इंदीवर निंदित लोचन

खुल गए, रहा निष्पलक भाव में मज्जित मन।

बोले आवेग-रहित स्वर से विश्वास-स्थित—

मातः, दशभुजा, विश्व-ज्योतिः, मैं हूँ आश्रित;

हो विद्ध शक्ति से है खल महिषासुर मर्दित,

जनरंजन-चरण-कमल-तल, धन्य सिंह गर्ज्जित!

यह, यह मेरा प्रतीक, मातः, समझा इंगित;

मैं सिंह, इसी भाव से करूँगा अभिनंदित।”

कुछ समय स्तब्ध हो रहे राम छवि में निमग्न,

फिर खोले पलक कमल-ज्योतिर्दल ध्यान-लग्न;

हैं देख रहे मंत्री, सेनापति, वीरासन

बैठे उमड़ते हुए, राघव का स्मित आनन।

बोले भावस्थ चंद्र-मुख-निंदित रामचंद्र,

प्राणों में पावन कंपन भर, स्वर मेघमंद्र—

“देखो, बंधुवर सामने स्थित जो यह भूधर

शोभित शत-हरित-गुल्म-तृण से श्यामल सुंदर,

पार्वती कल्पना हैं। इसकी, मकरंद-बिंदु;

गरजता चरण-प्रांत पर सिंह वह, नहीं सिंधु;

दशदिक-समस्त हैं हस्त, और देखो ऊपर,

अंबर में हुए दिगंबर अर्चित शशि-शेखर;

लख महाभाव-मंगल पदतल धँस रहा गर्व—

मानव के मन का असुर मंद, हो रहा खर्व’’

फिर मधुर दृष्टि से प्रिय कपि को खींचते हुए—

बोले प्रियतर स्वर से अंतर सींचते हुए

“चाहिए हमें एक सौ आठ, कपि, इंदीवर,

कम-से-कम अधिक और हों, अधिक और सुंदर,

जाओ देवीदह, उषःकाल होते सत्वर,

तोड़ो, लाओ वे कमल, लौटकर लड़ो समर।”

अवगत हो जांबवान से पथ, दूरत्व, स्थान,

प्रभु-पद-रज सिर धर चले हर्ष भर हनूमान।

राघव ने विदा किया सबको जानकर समय,

सब चले सदय राम की सोचते हुए विजय।

निशि हुई विगतः नभ के ललाट पर प्रथम किरण

फूटी, रघुनंदन के दृग महिमा-ज्योति-हिरण;

है नहीं शरासन आज हस्त-तूणीर स्कंध,

वह नहीं सोहता निविड़-जटा दृढ़ मुकुट-बंध;

सुन पड़ता सिंहनाद,—रण-कोलाहल अपार,

उमड़ता नहीं मन, स्तब्ध सुधी हैं ध्यान धार;

पूजोपरांत जपते दुर्गा, दशभुजा नाम,

मन करते हुए मनन नामों के गुणग्राम;

बीता वह दिवस, हुआ मन स्थिर इष्ट के चरण,

गहन-से-गहनतर होने लगा समाराधन।

क्रम-क्रम से हुए पार राघव के पंच दिवस,

चक्र से चक्र मन चढ़ता गया ऊर्ध्व निरलस;

कर-जप पूरा कर एक चढ़ाते इंदीवर,

निज पुरश्चरण इस भाँति रहे हैं पूरा कर।

चढ़ षष्ठ दिवस आज्ञा पर हुआ समाहित मन,

प्रति जप से खिंच-खिंच होने लगा महाकर्षण;

संचित त्रिकुटी पर ध्यान द्विदल देवी-पद पर,

जप के स्वर लगा काँपने थर-थर-थर अंबर;

दो दिन-निष्पंद एक आसन पर रहे राम,

अर्पित करते इंदीवर, जपते हुए नाम;

आठवाँ दिवस, मन ध्यान-युक्त चढ़ता ऊपर

कर गया अतिक्रम ब्रह्मा-हरि-शंकर का स्तर,

हो गया विजित ब्रह्मांड पूर्ण, देवता स्तब्ध,

हो गए दग्ध जीवन के तप के समारब्ध,

रह गया एक इंदीवर, मन देखता-पार

प्रायः करने को हुआ दुर्ग जो सहस्रार,

द्विप्रहर रात्रि, साकार हुईं दुर्गा छिपकर,

हँस उठा ले गई पूजा का प्रिय इंदीवर।

यह अंतिम जप, ध्यान में देखते चरण युगल

राम ने बढ़ाया कर लेने को नील कमल;

कुछ लगा न हाथ, हुआ सहसा स्थिर मन चंचल

ध्यान की भूमि से उतरे, खोले पलक विमल,

देखा, वह रिक्त स्थान, यह जप का पूर्ण समय

आसन छोड़ना असिद्धि, भर गए नयनद्वयः—

“धिक् जीवन को जो पाता ही आया विरोध,

धिक् साधन, जिसके लिए सदा ही किया शोध!

जानकी! हाय, उद्धार प्रिया का न हो सका।”

वह एक और मन रहा राम का जो न थका;

जो नहीं जानता दैन्य, नहीं जानता विनय

कर गया भेद वह मायावरण प्राप्त कर जय,

बुद्धि के दुर्ग पहुँचा, विद्युत्-गति हतचेतन

राम में जगी स्मृति, हुए सजग पा भाव प्रमन।

“यह है उपाय” कह उठे राम ज्यों मंद्रित घन—

“कहती थीं माता मुझे सदा राजीवनयन!

दो नील कमल हैं शेष अभी, यह पुरश्चरण

पूरा करता हूँ देकर मातः एक नयन।''

कहकर देखा तूणीर ब्रह्मशर रहा झलक,

ले लिया हस्त, लक-लक करता वह महाफलक;

ले अस्त्र वाम कर, दक्षिण कर दक्षिण लोचन

ले अर्पित करने को उद्यत हो गए सुमन।

जिस क्षण बँध गया बेधने को दृग दृढ़ निश्चय,

काँपा ब्रह्मांड, हुआ देवी का त्वरित उदय :—

‘‘साधु, साधु, साधक धीर, धर्म-धन धन्य राम!”

कह लिया भगवती ने राघव का हस्त थाम।

देखा राम ने—सामने श्री दुर्गा, भास्वर

वाम पद असुर-स्कंध पर, रहा दक्षिण हरि पर:

ज्योतिर्मय रूप, हस्त दश विविध अस्त्र-सज्जित,

मंद स्मित मुख, लख हुई विश्व की श्री लज्जित,

हैं दक्षिण में लक्ष्मी, सरस्वती वाम भाग,

दक्षिण गणेश, कार्तिक बाएँ रण-रंग राग,

मस्तक पर शंकर। पदपद्मों पर श्रद्धाभर

श्री राघव हुए प्रणत मंदस्वर वंदन कर।

''होगी जय, होगी जय, हे पुरुषोत्तम नवीन!''

कह महाशक्ति राम के वदन में हुईं लीन।


(2)

अयोध्या

हरीशचंद्र पांडे

____

जहाँ सूर्य, वहाँ दिवस

जहाँ राम, वहाँ अयोध्या

कितनी बड़ी अयोध्या सौंप गए थे

तुलसी हमें

कितनी छोटी रह गई है अयोध्या

मतपेटिका-सी छोटी


(3)

जय रामचंद्र

बालमुकुंद गुप्त

____

जयति जयति जय रामचंद्र रघुवंश-विभूषन।

भक्तन हित अवतार धरन नाशन भव-दूषन॥

जयति भानुकुल भानु कोटि ब्रह्मांड प्रकाशन।

जयति जयति, अज्ञान-मोह-निशि-तिमिर विनाशन॥

जय निज लीला-वश वपु धरन,

करन जगत कल्यानमय।

जय कर-धनुशर तूनीर-कटि,

सिया सहित श्रीराम जय॥

-

शिव विरंचि अहिराज पार कोऊ नहिं पावैं।

सनकादिक शुक नारद शारद ध्यान लगावैं॥

मुनिगन जोग समाधि करहिं बहुविधि जा कारन।

तदपि रूप वह सकहिं न करि उर अंतर धारन॥

सो अखिल ब्रह्म शिशुरूप धरि,

खेलत दशरथ के सदन।

कौशल्या निरखत मुदित मन,

जयति राम आनंद घन॥

-

सहित अनुज बन बीच करी मुनिमख रखवारी।

मारग जात निहारि नार पाथर की तारी॥

जनकपुरी महं जाय यज्ञ को मान बढ़ायो।

नृपति प्रतिज्ञा राखि सीय को मन हुलसायो॥

शिव चाप तोरि खल नृपन को,

मान दर्प चूरन कर्यो।

अरु भृगकुल कमल पतंग को,

चाप खैंचि संशय हर्यो॥

-

सुन विमात के वचन तुरंत वन को उठ धाए।

रुदित छोड़ि पितु-मात-प्रजा, मन सोच न लाए॥

अवध तजन को खेद नाहिं धन धाम तजन कर।

किंतु भरत को ध्यान एक उर माहिं निरंतर॥

जय जटा जूट कर धनुष शर,

अंग भस्म बलकल-वसन।

सिय अनुज सहित वन गमन करि,

पिता वचन पालन करन॥

-

नेही जानि निषाद नीच छाती सों लायो।

लछमन सम प्रिय भाषि प्रेम सों हियो जुड़ायो॥

स्वाद बखानि-बखानि भीलिनी के फल खाए।

निज कर पंकज ताहि दाह कर आगे धाए॥

परस्यो कर सीस जटायु निज,

धाम ताहि छन मैं दयो।

जय पवन-सुवन की प्रीति लखि,

अंग-अंग पुलकित भयो॥

-

सुग्रीवहिं लखि दु:खी आपनी दशा बिसारी।

फरकहि भुजा विशाल देह थहरावत सारी॥

एक वान सों मारि बालि सुरधाम पठायो।

तारा कहै परबोधि भक्त को कष्ट मिटायो॥

जय बालिसुतहि पायक करन,

निरखि जाहि पुलकित हियो।

करि तिलक माथ कपिराय के,

भीत-रंक राजा कियो॥

-

छाड़ि गेह अरि-भ्रात आय चरनन सिरनायो।

अग्रज के डर डर्यो मनहिं अतिही सकुचायो।

चितवतही एक बार अहो! पलटी ताकी गति।

लात खाय कै कढ्यो भयो छन में लंकापति॥

दससीस मारि महिभार हरि,

असुरन दीन्हीं विमल गति।

जय जयति राम रघुवंशमनि,

जाहि दीन पर नेह अति॥

-

देवराज भए मुदित अमरपुर बजत बधाई।

बजहिं दुंदुभी, भीर बिमानन की नभ छाई॥

सुरबाला सब मुदित अंग फूली न समावैं।

फूलन वर्षा होय देवगण अस्तुति गावैं॥

त्रसित जिए बहुकाल प्रभु!

असुर मार दीन्हीं अभय।

अब जाय अवध परतोषिए,

जयति राम रघुवीर जय॥

-

पूरन शशि जिमि निरखि उदधि बाढ़त तरंग सों।

देखि घटा घनघोर मोर नाचत उमंग सों॥

तैसो आज अवध-सुख उमड़त नाहिं समावत।

निरखि राम रिपु जीति भ्रात सीता संग आवत॥

प्रमुदित गुरु जननी नारि नर,

सुख न जात केहु कौ कह्यौ।

अरु भ्रात शिरोमनि भरत कै,

मोद जलधि हिय मैं बह्यो॥

-

हम प्रभु दीन मलीन हीन सब भाँति दुखारी।

धर्म रहित धन रहित ध्यानच्युत बहु अविचारी॥

यद्यपि न काहू भाँति सुखी भोगत करमन फल।

सोचि-सोचि निज दशा भर्यो आवत आँखिन जल॥

पै तदपि होत सूखो हियो,

हर्यो, सुमरि दिन आज को।

राजतिलक हिय में बसौ,

श्री रामचंद्र महाराज को॥


(4)

तुलसी तुमने गाया

कृष्ण मुरारी पहारिया

____

तुलसी तुमने गाया

जागरण तभी आया

वह थी इतिहास की सुदीर्घ निशा, तम अपार

मरघट-सी नीरवता फैली थी आर-पार

प्रथम तुम्हारा ही स्वर था,

सुन पुरब अरूनाया

ऐसा था ताप तुम्हारी कविता के स्वर में

युग का युग जाग गया, बल आया नश्वर में

लड़ने को खड़ी हुई

तब जन-जन की काया

कटुता का जीवन से कुछ ऐसा योग हुआ

धरती पर आते ही दुख से संयोग हुआ

शिव बनकर पचा गए

जग ने जो भी ढाया

अपने सब त्याग गए, बोध नहीं जब जागा

किंतु सकल मानवता को तुमने अनुरागा

दिए रहे दलितों को

आदर्शों की छाया

राम की कथा में जो रावण की हार हुई

एक व्यवस्था थी जो जल-जलकर छार हुई

तुलसी तुम आए या

क्रांति-पर्व ही आया


(5)

हे! राम

बाबुषा कोहली

____

जबकि सड़क के बाईं ओर रहता था हमारा ईश्वर

और उससे जुड़े तमाम ख़तरे

वो सोचता वही हमारी अंतिम शरण

कि जैसे सूरज की गर्मी से जलते हुए तन को मिल जाए तरुवर की छाया

उसकी उम्मीद के उलट हम मुड़ जाते 'राइटसाइड'

'...शरणम्गच्छामि' में हम वैसे ही भरते वोडॉट्स

जैसे कि सब्ज़ी में नमक स्वादानुसार...


हो सकता है मिज़ारू* ने देखा हो दुनिया का क्रूरतम दृश्य और मिकाज़ारू* ने सुनी हो विकसित सभ्यताओं की सबसे भद्दी गाली

जो शायद माज़ारू* के ही मुँह से निकली हो

हो सकता है

बहुत मुमकिन है कि पछतावे की सड़क पर चल कर तीनों उस धोतीधारी महात्मा की शरण पहुँचे हों

समय लटकता था उस संत की कमर पर

लाठी की टेक पर टिकता मनुष्यता का गान

आँखों पर ऐनक थी साफ़-साफ़ देख सकने वाली

हर युद्ध पर डटे हुए सत्य और अहिंसा नाम के दो वफ़ादार सैनिक


फिर एक दिन एक धाँय से वो लाठी दूर जा छिटकी

सुर खो बैठा टेक पर टिका हुआ गान

शायद सवा या साढ़े पाँच बजे थे कि जब चटक गया समय अटूट

ऐनक पर घिर आई ढलती हुई लाल साँझ


उस रोज़ महात्मा मर्यादा पुरुषोत्तम की शरण चले गए


समय की चटकन के बहुत पहले किसी पुराने कैलेंडर पर एक घटना हुई है छोटी-सी

एक थे मर्यादा पुरुषोत्तम

पुरुषों में उत्तम जिनके पास नब्बे डिग्री के आदर्श थे

परशुराम के धनुष-सी भारी मर्यादा

और बाईं तरफ़ साथ चलती परछाईं स्त्री

हल्की स्त्री फूल-सी


फिर एक दिन भरी सभा में कोई मुख़न्नसज़ुबान कीचड़ उछाल देती है

किस परछाईं की देह पर मलते हैं कीचड़

जो जन्मजात थी विदेही

इतनी तेज़ तो उस स्वर्ण-मृग की छलाँग भी नहीं

जितना तेज़ जनता के राजा का फ़ैसला था


झटपट न्याय कर मर्यादा पुरुषोत्तम मंदिर की शरण चले गए


समय गड्डमड्ड हो जाता है कथाओं में घटनाओं में स्वप्न में सत्य में

कि समय पढ़ने वाली ऐनकों में लाल साँझें पसरी हैं

कहीं भी नहीं मिलता वो समय जिसे हकीम कहते मरहम

एक खरोंच भरे चेहरे वाला अपराधी स्मृतियों में दर्ज है


गड्डमड्ड है समय

मिली-जुली कथाएँ सब कौन यहाँ कौन वहाँ कौन कहाँ

कौन पहले कौन बाद

आगे पीछे गड्डमड्ड चाय की पत्ती पोशमपाश


एक औघड़ की उलझी जटा पर अटका चंद्रमा समय की उलझनों पर प्रश्नवाचक चिन्ह है


नानी हाथीदाँत के कंघे से सुलझा देती थी बाल

जाने कौन सी कंघी से समय सुलझता है


किस देव का भरोसा करते किस नायक की राह तकते


आख़िरकार सत्य-अहिंसा कुलाँचे भरते प्रतिज्ञाओं की शरण चले गए

आदर्श-मर्यादा मानपूर्वक धर्मग्रंथों की शरण चले गए

गाली पहने परछाईं औरत धरती की शरण चली गई


अनंत समय से देख रहे सब खेल वो मासूम तीनों

कब पत्थर में ढल गए

मिज़ारूमिकाज़ारूमाज़ारू थक-हार कर बाज़ारों की शरण चले गए


(6)

राम-विनय

बालमुकुंद गुप्त

____

अबलों हम जीवत रहे लै-लै तुम्हरो नाम।

सोहू अब भूलन लगे, अहो राम गुनधाम॥

कर्म-धर्म-संयम-नियम जप-तप जोग-विराग।

इन सबको बहु दिन भए खेलि चुके हम फाग॥

धनबल, जनबल, बाहुबल, बुद्धि विवेक विचार।

मान-तान-मरजाद को बैठे जूओ हार॥

हमरे जाति न बरन है नहीं अर्थ नहिं काम।

कहा दुरावै आपसे, हमरी जाति ग़ुलाम॥

बहु दिन बीते राम प्रभु खोए अपनो देस।

खोवत हैं अब बैठ कै भाषा भोजन भेस॥

नहीं गाँव में झूपड़ो नहिं जंगल में खेत।

घर ही बैठें हम कियो अपनो कंचन रेत॥

पसु समान बिडरत रहैं पेट भरन के काज।

याही में दिन जात हैं सुनिए रघुकुलराज॥

दो-दो मूठी अन्न हित ताक़त पर मुख ओर।

घर ही में हम पारधी घर ही में हम चोर॥

तौहू आपस में लड़ैं निसदिन स्वान समान।

अहो! कौन गति होयगी आगे राम सुजान?

घर में कलह विरोध की बैठे आग लगाय।

निसदिस तामैं जरत हैं जरतहि जीवन जाय॥

विप्रन छोड्यो होम तप अरु छत्रिन तरवार।

बनिकन के पुत्रन तज्यो अपनो सद्-व्यवहार॥

अपनो कछु उद्यम नहीं तकत पराई आस।

अब या भारतभूमि में सबैं वरन हैं दास॥

सबैं कहैं तुम हीन हो हमहु कहैं हम हीन।

धक्का देत दिनान कों मन मलीन तन छीन॥

कौन काज जनमत मरत पूछत जोरें हाथ?

कौन पाप यह गति भई हमरी रघुकुलनाथ?


(7)

तुम्हारा दिया

पंकज चतुर्वेदी

____

राम! तुम्हें वनवास

इसलिए तो नहीं दिया गया था

कि तुम लौट सको

रावण ने दरअसल

कैकेयी की मदद की थी

लेकिन सीता के प्रेम में

रावण से तुम्हारे

युद्ध का औचित्य था

और भरत के प्रेम में

अयोध्या लौटने का

यों तुम अपना औचित्य

त्याग में खोजते रहे

अधिग्रहण में नहीं

दीपावली के

दियों की रौशनी में

तुम्हारा दिया

यह आशय

झिलमिलाता है

कि प्रेम न हो

तो पराक्रम भी

अन्याय ही है


(8)

खिलौनेवाला

सुभद्राकुमारी चौहान

____

वह देखो माँ आज

खिलौनेवाला फिर से आया है।

कई तरह के सुंदर-सुंदर

नए खिलौने लाया है।

हरा-हरा तोता पिंजड़े में

गेंद एक पैसे वाली

छोटी-सी मोटर गाड़ी है

सर-सर-सर चलने वाली।

सीटी भी है कई तरह की

कई तरह के सुंदर खेल

चाभी भर देने से भक-भक

करती चलने वाली रेल।

गुड़िया भी है बहुत भली-सी

पहिने कानों में बाली

छोटा-सा ‘टी सेट’ है

छोटे-छोटे हैं लोटा-थाली।

छोटे-छोटे धनुष-बाण हैं

हैं छोटी-छोटी तलवार

नए खिलौने ले लो भैया

ज़ोर-ज़ोर वह रहा पुकार।

मुन्नू ने गुड़िया ले ली है

मोहन ने मोटर गाड़ी

मचल-मचल सरला कहती है

माँ से लेने को साड़ी

कभी खिलौनेवाला भी माँ

क्या साड़ी ले आता है।

साड़ी तो वह कपड़े वाला

कभी-कभी दे जाता है

अम्मा तुमने तो लाकर के

मुझे दे दिए पैसे चार

कौन खिलौने लेता हूँ मैं

तुम भी मन में करो विचार।

तुम सोचोगी मैं ले लूँगा।

तोता, बिल्ली, मोटर, रेल

पर माँ, यह मैं कभी न लूँगा

ये तो हैं बच्चों के खेल।

मैं तलवार ख़रीदूँगा माँ

या मैं लूँगा तीर-कमान

जंगल में जा, किसी ताड़का

को मारूँगा राम समान।

तपसी यज्ञ करेंगे, असुरों—

को मैं मार भगाऊँगा

यों ही कुछ दिन करते-करते

रामचंद्र बन जाऊँगा।

यहीं रहूँगा कौशल्या मैं

तुमको यहीं बनाऊँगा।

तुम कह दोगी वन जाने को

हँसते-हँसते जाऊँगा।

पर माँ, बिना तुम्हारे वन में

मैं कैसे रह पाऊँगा।

दिन भर घूमूँगा जंगल में

लौट कहाँ पर आऊँगा।

किससे लूँगा पैसे, रूठूँगा

तो कौन मना लेगा

कौन प्यार से बिठा गोद में

मनचाही चीज़ें देगा।


(9)

छह दिसंबर

नरेश सक्सेना

____

इतिहास के बहुत से भ्रमों में से

एक यह भी है

कि महमूद ग़ज़नवी लौट गया था

लौटा नहीं था वह

यहीं था

सैकड़ों बरस बाद अचानक

वह प्रकट हुआ अयोध्या में

सोमनाथ में उसने किया था

अल्लाह का काम तमाम

इस बार उसका नारा था

जय श्रीराम।


(10)

नीकी नीकी राह ढूंढि चलत अरन्य भूमि

देवकीनंदन

____

नीकी नीकी राह ढूंढि चलत अरन्य भूमि,

करत बसन छाँह भूले सुख धाम के।

देवकीनंदन कहै सीतल पियावै जल,

हलवल चलत न ऐसे बस वाम के।

सुंदर परखि फल राखत सिया के हेत,

ताकत मुखारविंद सुखु लेत नाम के।

ग्रीषम के आतप की तीखन लपट धावै,

सीता जू के श्रम सों पसीना आवै राम के॥


(11)

दोऊ जन दोऊ की अनूप रूप निरखत

चिंतामणि

____

दोऊ जन दोऊ की अनूप रूप निरखत,

पावत कहूँ न छबि सागर को छोर हैं।

'चिंतामनि' केलि के कलानि के बिलासनि सो,

दोऊ जन दोऊन के चित्तन के चोर हैं॥

दोऊ जने मंद मुसकानि सुधा बरसति,

दोऊ जने छके मोद मद दुह और हैं।

सीता जू के नैन रामचंद्र के चकोर,

रामचंद्र नैन सीतामुखचंद्र के चकोर हैं॥


(12)

गौतम की नारी महापापिनि तारी

छत्रसाल

____

गौतम की नारी महापाकिनि तारी, त्यौंही,

ताड़का सँहारी, पच्छ भारी करियतु हैं।

कहै छत्रसाल, त्यौं पवित्र कीनो केवट कों,

मित्र कीनो बानर, चरित्र चरियतु हैं॥

बालमीकि साधु कीनो, गीध कौ सराध कीनो,

मुकत बिराध कीनो, ब्याधि हरियतु हैं।

एती सुनि बातैं नातें अधम-उधारन के,

यातें, राम! रावरे गरैंई परियतु हैं॥


(13)

फूल उठे कमल से अमल हितू के नैन

रघुनाथ बंदीजन

____

फूल उठे कमल से अमल हितू के नैन,

कहै रघुनाथ भरे चैनरस सियरे।

दौरि आए भौंर से करत गुनी गुनगान,

सिद्ध से सुजान सुखसागर सों नियरे॥

सुरभी सी खुलन सुकवि की सुमति लागी,

चिरिया सो जागी चिंता जनक के जीयरे।

धनुष लै ठाढ़े राम रवि से लसत आजु,

मीर कैसे नखत नरिंद भए पियरे॥


(14)

कौशल तलैया तनु कुशल निधान प्रभु

हृदयराम

____

कौशल तलैया तनु कुशल निधान प्रभु,

कलि मल मथन सु साधुन के प्राण हैं।

करुणा की खान पहचान जाकी दीनन सों,

मान लेत जी की सबही को सावधान हैं॥

देवन के देव रीझे नेक किये सेव हिये,

परपीर जानवे को चतुर सुजान हैं।

वारिद से श्याम अभिराम कामहू के काम,

ऐसे राम-राम कहिये विराजमान हैं॥


(15)

रंग अनेक बन्यौ बर पालन लाल

रामगुलाम द्विवेदी

____

रंग अनेक बन्यौ बर पालन लाल अमोल अनेक लगे हैं।

पौढ़े हैं रामलला तेहि ऊपर पेखत पेखनिहार ठगे हैं॥

देव कहैं न लहैं उपमा हम भूतल भूप के भाग जगे हैं।

'रामगुलाम' तेऊ धनि हैं जग जे हरि के गुन रूप रँगे हैं॥


(16)

गत्थन अकत्थ समरत्थ दसरत्थसुत

खुमान बंदीजन

____

गत्थन अकत्थ समरत्थ दसरत्थसुत,

हत्थन समत्थ दसमत्थ-सुत मत्थरन।

सद्द घननद हन नद्द अनहद्द बल,

सद्दल बिरद्द अनबद्दजस गद्द बन॥

मद्दल न नद्दन मरद्द नगरद्द कर,

रद्द दर हद्द दल-बद्दल मरुद्दलन।

धान समरच्छ जन क्रछ जन अच्छ मन,

दच्छ जय लच्छ मन लच्छ जय लच्छमन॥


(17)

श्री राम-विनय

जगन्नाथदास रत्नाकर

____

पाइ बर गोपी ग्वाल ह्वै कै संग खेलन कौ,

आनँद सकेलन कौ मौज मन भाई मैं।

कहै रतनाकर मुनीस बन दंडक के,

मगन उमंग की तरंग सुखदाई मैं॥

भूलि-भूलि देस-काल-ज्ञान गुन-मान सब,

पूछत परसपर सरस अतुराई मैं।

ब्रज की जवाई मैं कितेक बेर लागै कहौ,

कैक दिन और अहो द्वापर अवाई मैं॥


(18)

अमर महेस सो प्रजेस सम विद्यावंत

रामगुलाम द्विवेदी

____

अमर महेस सो प्रजेस सम विद्यावंत,

सेष सम सक्ति औ गनेस सम धी अपार।

रोम-रोम बदन-बदन प्रति कोटि जीह,

जीह प्रति कोटि-कोटि सारदा करै अगार॥

भूख-प्यास निद्रा-तंद्रा विगत वपुष जाको,

सावधान संतत बखान करै बार-बार।

वदत 'गुलामराम' सुनो महाराज राम,

रावरो सुजस सिंधु सोऊ नहीं पावै पार॥


(19)

श्रीहरिनाम विहाइ सुधारस, चाहत

रामगुलाम द्विवेदी

____

श्रीहरि नाम विहाइ सुधारस, चाहत मूढ़ विषै विष चाखो।

वादि बकै बहु वातन्ह को, कटु तुंवरि बेलि फरै कहुँ दाखो॥

व्याध अजामिल बारन तारन, वारमुखी सुक की सुनु साखो।

'रामगुलाम' अबै भल औसर, फेरि मिलै न दिये जग लाखो॥


(20)

मोहित है नर नारि गये जब

पंडित भैरवप्रसाद वाजपेयी 'विशाल'

____

मोहित है नर नारि गये जब सीय स्वयंबर में पगु धार्यो।

त्यों मुनि कौशिक के ढिग सो कनखैयन सों छबि राम निहार्यो॥

दीठि प्रिया के लगै न 'विशाल' तबै गुनि यो उपचार बिचार्यो।

पै तृण पायो न बीच सभा शिव को तब तोरि सरासन डार्यो॥


(21)

अंगद रावण संवाद (रामचंद्रिका)

केशव

____

(रावण)—कौन हो पठये सो कौन ह्याँ तुम्हें कह काम है?

(अंगद)—जाति बानर, लंकनायक दूत, अंगद नाम है।

(रावण)—कौन है वह बाँधि कै हम देह पूँछ सबै दही।

(अंगद)—लक जारि सँहारि अक्ष गयो सो बात वृथा कही?

(महोदर) कौन भाँति रहौ तहाँ तुम? (अंगद) राज प्रेषक जानिये।

(महोदर)—लंक लाइ गयो जो बानर कौन नाम बखानिये॥

मेघनाद जो वाँधियो वहि मारियो बहुधा तबै।

(अंगद)—लोक लाज दुरयो रहे अति जानिये न कहाँ अबै॥

कौन के सुत? बालि के वह कौन बालि न जानिये?

काँख चाँपि तुम्हें जो सागर सात न्हात बखानिये॥

है कहाँ वह? वीर अंगद देव लोक बनाइयो।

क्यों गए? रघुनाथ बान विमान बैठि सिधाइयो॥

लंघ्नायक को? विभीषण देव दूषण को दहै।

मोहि जीवत होहि क्यों? जग ताहि जीवत को कहै॥

मोहि का जग मारि है? दुर्बुद्धि तेरिय जानिये।

कौन बात पठाइयो करि बीर बेगि बखानिये॥

श्रीरघुनाथ को बानर केशव आयो हो एक न काहू हयो जू।

सागर को सद झारि चिकारि त्रिकूट की देह विहारि गयो जू॥

सीय निहारि संहारि कै राक्षस शोक अशोकवनीह दयो जू।

अक्ष कुमारहि मारकै लंकहि जारिकै नीकेहि जात भयो जू॥

(रावण) लोक लोकेश स्यों जो जु ब्रह्मा रचे आपनी आपनी सीव सो सो रहैं।

चारि बाहैं धरे विष्णु रक्षा करें बात साँची यहै बेद बानी कहै॥

ताहि भ्रूभ्रग ही देव देवेश स्यों विष्णु ब्रह्मादि दै रुद्रजू सहरै।

ताहिं हौं छोड़ि कै पाँय काके परौं आज संसार तो पांय मेरे परै॥

राम कौ काम कहाँ? रिपु जीतहिं, कौन कबै रिपु जीत्यौ कहाँ?

बालि बली, छल सों, भृगुनंदन गर्व हर्यो, द्विज दीन महा॥

दीन सु क्यौं? छिति छत्र हत्यौ बिन प्राणनि हैहयराज कियो।

हैहय कौन? वहै, बिसर्यो? जिन खेलत ही तुम्हैं बाँधि लियो॥

सिंधु तर्यों उनको बनरा, तुसपै धनुरेख गई न तरी।

बाँदर बाँधत सो न बँध्यो उन बारिधि बाँधि कै बाट करी॥

श्री रघुनाथ-प्रताप की बात तुम्हैं दसकंठ न जानि परी।

तेलहु तूलहू पूँछि जरी न जरी, जरी लंक जराई जरी॥


(22)

जो पुल बनाएँगे

अज्ञेय

____

जो पुल बनाएँगे

वे अनिवार्यत:

पीछे रह जाएँगे।

सेनाएँ हो जाएँगी पार

मारे जाएँगे रावण

जयी होंगे राम,

जो निर्माता रहे

इतिहास में

बंदर कहलाएँगे।