ये मिस्रा काश नक़्श-ए-हर-दर-ओ-दीवार हो जाए

जिसे जीना हो मरने के लिए तय्यार हो जाए

वही मय-ख़्वार है जो इस तरह मय-ख़्वार हो जाए

कि शीशा तोड़ दे और बे-पिए सरशार हो जाए

दिल-ए-इंसाँ अगर शाइस्ता-ए-असरार हो जाए

लब-ए-ख़ामोश-फ़ितरत ही लब-ए-गुफ़्तार हो जाए

हर इक बेकार सी हस्ती ब-रू-ए-कार हो जाए

जुनूँ की रूह-ए-ख़्वाबीदा अगर बेदार हो जाए

सुना है हश्र में हर आँख उसे बे-पर्दा देखेगी

मुझे डर है न तौहीन-ए-जमाल-ए-यार हो जाए

हरीम-ए-नाज़ में उस की रसाई हो तो क्यूँकर हो

कि जो आसूदा ज़ेर-ए-साया-ए-दीवार हो जाए

मआज़-अल्लाह उस की वारदात-ए-ग़म मआज़-अल्लाह

चमन जिस का वतन हो और चमन-बे-ज़ार हो जाए

यही है ज़िंदगी तो ज़िंदगी से ख़ुद-कुशी अच्छी

कि इंसाँ आलम-ए-इंसानियत पर बार हो जाए

इक ऐसी शान पैदा कर कि बातिल थरथरा उट्ठे

नज़र तलवार बन जाए नफ़स झंकार हो जाए

ये रोज़ ओ शब ये सुब्ह ओ शाम ये बस्ती ये वीराना

सभी बेदार हैं इंसाँ अगर बेदार हो जाए