मत मर्म-व्यथा छूने, विद्युत बन, आओ; बन निबिड़-श्याम घन, प्राणों में छा जाओ। किरणों की उलझन क्षणिक, न बनो सवेरा; बन निशा डुबा दो छवि में जीवन मेरा। अस्थिर जीवन-कण बन न नयन ललचाओ; बन शांत मरण-सागर असीम, लहराओ। जो टूट पड़े क्षण में विनाश-इंगित पर, वह तारक बन मत ध्यान भंग कर जाओ; जिसकी अंचल-छाया में सोवे त्रिभुवन, वह अंतहीन आकाश नील बन आओ। फिर उसी रूप से नयनों को न भुलाओ; अभिनव अपूर्व छवि जीवन को दिखलाओ। दर्शन-सुख की परिभाषा नई बनाओ; लघु दृग-तारों में नहीं, हृदय में आओ। वह विश्वरूप बन आओ, मेरे सुंदर, जो रेखाओं का बंदी बने न पट पर; जिसको भर रखने को तप कर जीवन-भर उर बने एक-दिन अंतहीन नीलांबर। अनुभव को नयनों तक सीमित न बनाओ; छवि से जीवन के अणु-अणु को भर जाओ। हर झाँकी में विस्तृततर बन कर आओ; जग के प्राणों की प्रति-क्षण परिधि बढ़ाओ।